Last Updated:February 26, 2026, 17:50 IST
पुलिस टीम ने 55 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद कर बिहार निवासी दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मखनी देवी पत्नी बिलटु मंडल और अंजना कुमारी पत्नी विभाष कुमार, निवासी गांव पुवारी टोला नवाबगंज, थाना कुरसेला, जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है.

कटिहार: राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) हरियाणा द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है. अम्बाला कैंटोनमेंट रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने 55 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद कर बिहार निवासी दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मखनी देवी पत्नी बिलटु मंडल और अंजना कुमारी पत्नी विभाष कुमार, निवासी गांव पुवारी टोला नवाबगंज, थाना कुरसेला, जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है.
नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
इस संबंध में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और प्रदेश में नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए समन्वित और सतत कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने जीआरपी टीम की सतर्कता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से न केवल नशा तस्करी पर अंकुश लगेगा, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने में भी मदद मिलेगी.
एसपी जीआरपी के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान
जीआरपी पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत ने बताया कि निरीक्षक संजय कुमार, प्रभारी सीआईए जीआरपी हरियाणा के नेतृत्व में अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और सतर्कता को ध्यान में रखते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान नशा तस्करी से संबंधित गुप्त सूचना मिलने पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम में सहायक उप निरीक्षक मनजीत सिंह, एएसआई सतबीर सिंह, एएसआई प्रमेश्वर नाथ, हेड कांस्टेबल रोकी, कुलबीर सिंह, सिपाही धर्मेन्द्र, योगेश, सतीश तथा महिला हेड कांस्टेबल कुलवंत कौर और नीरु शामिल थीं.
दो महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को दो महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. संदेह के आधार पर उनके कब्जे से तीन बड़े बैग और एक पिट्ठू बैग की नियमानुसार तलाशी ली गई. तलाशी में चारों बैगों से कुल 55 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ. बरामद मादक पदार्थ ‘कमर्शियल क्वांटिटी’ की श्रेणी में आता है. इस मामले में थाना जीआरपी अम्बाला छावनी में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्हें न्यायालय में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है.
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच जारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी अंजना कुमारी ने खुलासा किया कि वह गांजा गोरखपुर से लेकर आई थी और इसे अपनी सास मखनी देवी के साथ दनास (चंडीगढ़) ले जाना था. जीआरपी द्वारा मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क के मुख्य सप्लायर और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी अपराधी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. रेलवे परिसरों में विशेष तलाशी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि नशा तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क...और पढ़ें
First Published :
February 26, 2026, 17:50 IST

1 hour ago
