800 साल तक कैसे बची रही अस्थियां? पहली बार महान संत के अवशेष देख रो पड़े श्रद्धालु

2 hours ago

उस महान संत का निधन 1226 ईसवी में हो गया था. डर था कि उनके पार्थिव शरीर को कोई चोरी न कर ले इसलिए उसे एक लोहे के पिजरे में बंद करके काफी गहराई में दफना दिया गया. अगले 600 साल तक यह रहस्य बना रहा कि संत के अवशेष कहां हैं. तलाश जारी रही, लोग पूरे सम्मान के साथ उन्हें याद करते रहे. सदियां बीतती गईं लेकिन उस महान संत के अवशेष नहीं मिले. 1818 में इटली के असीसी में पिंजरे के अंदर ताबूत मिला. वो संत थे सेंट फ्रांसिस ऑफ असीसी. पहली बार 800 साल बाद सेंट फ्रांसिस के अवशेष को आम लोगों के लिए दिखाया जा रहा है. 

हजारों लोग सेंट फ्रांसिस के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. कोई प्रणाम कर रहा है, झुककर नमन कर रहे हैं, कोई कांच के बॉक्स को चूम रहा है जिसमें उनकी हड्डियों को संभाल कर रखा गया है. श्रद्धालुओं की कतारें लगी हैं. कुछ श्रद्धालु भावुक भी नजर आए. उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े. उनकी हड्डियां टुकड़ों में हैं. पूरे शरीर को अस्थियों के टुकड़े से सजाकर रखा गया है. 

आपके मन में सवाल होगा कि ये कब और कैसे पता चला कि ये अस्थियां महान संत की ही हैं. दरअसल, इन अस्थियों की कई बार जांच की जा चुकी है. आखिरी बार हड्डियों की जांच 1978 में हुई थी. उसके बाद अस्थियों को सुरक्षित रखने के लिए नाइट्रोजन से भरे बॉक्स का इस्तेमाल किया गया. 

Add Zee News as a Preferred Source

सेंट फ्रांसिस कैथोलिक धर्म के सबसे सम्मानित संतों में से एक हैं. कैथोलिक कला, साहित्य और फिल्मों में उन्हें सबसे ज्यादा दिखाया जाता है. उन्हें पर्यावरण के संरक्षक, जानवरों से प्रेम करने वाले और प्रकृति प्रेमी संत के रूप में याद किया जाता है. सेंट फ्रांसिस ने अपनी पूरी संपत्ति दान कर दी थी और जीवन गरीबों के लिए समर्पित कर दिया. 

इटली के अधिकारियों का कहना है कि इटली के संरक्षक संत का दर्शन करने के लिए दुनियाभर से करीब 4 लाख लोग पहुंच सकते हैं. मध्य इटली के असीसी टाउन के एक चर्च में यह प्रदर्शनी लगाई गई है. इससे पहले 1978 में एक दिन के लिए केवल कुछ लोगों को इसे देखने का मौका मिला था. 

उनकी मौत की 800वीं सालगिरह मनाने के लिए सेंट फ्रांसिस के अवशेष पहली बार ज्यादा दिनों के लिए दिखाए जा रहे हैं. 

Read Full Article at Source