Last Updated:February 05, 2026, 19:14 IST

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला. पीएम मोदी ने कांग्रेस की कार्यशैली को ‘लटकाना, अटकाना और भटकाना’ वाला बताया. उन्होंने सरदार सरोवर बांध, कश्मीर रेलवे प्रोजेक्ट और बोगीबील पुल का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस के पास योजनाओं को लागू करने की नीयत ही नहीं थी.
पीएम ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग पुराने ‘प्लानिंग कमीशन’ वाले दौर में जी रहे हैं और वे सिर्फ ‘जीप और खच्चर वाला मॉडल’ ही पहचानते हैं. इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पर घुसपैठियों को बचाने का गंभीर आरोप लगाया.
‘मेरे जन्म से पहले की योजना, उद्घाटन मैंने किया’
पीएम मोदी ने सरदार सरोवर बांध का किस्सा सुनाते हुए कांग्रेस के विकास मॉडल की पोल खोली. उन्होंने कहा, ‘जब मेरा जन्म नहीं हुआ था, तब सरदार पटेल ने नर्मदा नदी पर बांध की कल्पना की थी. लेकिन वे नहीं रहे.’ पीएम ने बताया कि पंडित नेहरू ने इसका शिलान्यास किया था, लेकिन काम इतना लटका कि उसका उद्घाटन मुझे प्रधानमंत्री बनने के बाद करना पड़ा. उन्होंने बताया कि जो योजना 900 करोड़ में पूरी होनी थी, कांग्रेस की लेतलाली के कारण उसकी लागत 90 हजार करोड़ तक पहुंच गई.
‘जीप और खच्चर’ से आगे नहीं सोच पाती कांग्रेस
पीएम मोदी ने इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में देरी के लिए कांग्रेस की पुरानी मानसिकता को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने जम्मू-उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लाइन का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट 30 साल तक लटका रहा. आज वहां बर्फ के बीच से ‘वंदे भारत’ गुजर रही है. पीएम ने कहा कि असम और अरुणाचल को जोड़ने वाला यह पुल बरसों से अटका था, जिसे उनकी सरकार ने पूरा किया. पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस के साथियों को इम्प्लीमेंटेशन नजर नहीं आता. ये लोग जीप और खच्चर वाला मॉडल ही पहचानते हैं, इससे आगे ये कुछ नहीं जानते.’
बस्तर: पनिशमेंट पोस्टिंग से ओलंपिक तक
प्रधानमंत्री ने एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट्स (आकांक्षी जिलों) का जिक्र करते हुए कहा कि पहले पिछड़े जिलों को भगवान भरोसे छोड़ दिया जाता था. अफसरों को सजा के तौर पर वहां भेजा जाता था ताकि जिले और खराब हों. पीएम मोदी ने कहा कि हमने वहां होनहार अफसर भेजे. आज छत्तीसगढ़ का बस्तर ‘बस्तर ओलंपिक’ के लिए जाना जा रहा है. वहां के गांवों में पहली बार बस पहुंची है और लोग उत्सव मना रहे हैं.
टीएमसी पर वार: ‘घुसपैठियों के लिए कोर्ट पर प्रेशर’
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार ‘पतन’ के नए रिकॉर्ड बना रही है और यहां उपदेश दे रही है. पीएम ने गंभीर आरोप लगाया कि बंगाल में घुसपैठियों को बचाने के लिए अदालतों पर दबाव बनाया जा रहा है. ये घुसपैठिए देश के नौजवानों का हक और जमीन छीन रहे हैं, जिससे महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
February 05, 2026, 19:14 IST

1 hour ago
