नई दिल्ली (High Salary Jobs). मौजूदा दौर में जहां युवा सरकारी नौकरियों और आईटी सेक्टर के पीछे भाग रहे हैं, वहीं जॉब मार्केट में कुछ ऐसे क्षेत्र भी हैं जहां पैसा तो बहुत है, लेकिन काम करने वालों की भारी कमी है. हम बात कर रहे हैं उन अनोखी और अजीब नौकरियों की, जिनकी समाज में चर्चा तो कम होती है, लेकिन इनकी सैलरी सुनकर किसी के भी होश उड़ सकते हैं. महीने की 2 लाख रुपये से अधिक की कमाई के बावजूद ज्यादातर लोग इन क्षेत्रों में कदम नहीं रखना चाहते.
हैरानी की बात यह है कि इन नौकरियों के लिए अक्सर किसी बड़ी डिग्री की नहीं, बल्कि खास हुनर और मानसिक मजबूती की जरूरत होती है. विकसित देशों से लेकर अब भारत के महानगरों तक, इन नौकरियों की मांग तेजी से बढ़ रही है. चाहे वह प्रोफेशनल लाइन-स्टैंडर हो, एम्बामर (शवों को संरक्षित करने वाला) हो या फिर ‘पेट फूड टेस्टर’, इन क्षेत्रों में काम करने वाले लोग लाखों में खेल रहे हैं. जानिए कुछ अदृश्य लेकिन अमीर बनाने वाली नौकरियों के पीछे की सच्चाई और उनका भविष्य.
2 लाख रुपये महीना सैलरी वाली नौकरियां
महीने में 2 लाख रुपये कमाना आसान नहीं है. इसके लिए कई सालों का अनुभव या टॉप संस्थानों की डिग्री की जरूरत होती है. जानिए महीने में 2 लाख रुपये कमाई वाली कुछ ऐसी नौकरियां, जिन्हें असल में कोई नहीं करना चाहता:
1. एम्बामर (Embalmer): मौत के बाद का मेकअप आर्टिस्ट
शायद ही कोई बच्चा बड़ा होकर कहना चाहे कि वह शवों के साथ काम करना चाहता है. लेकिन ‘एम्बामिंग’ ऐसा विज्ञान है, जिसमें अंतिम संस्कार से पहले शवों को खराब होने से बचाने के लिए केमिकल्स से उनका उपचार किया जाता है. अमेरिका और यूरोप के साथ-साथ अब भारत के बड़े शहरों में भी इसकी भारी मांग है. स्किल्ड एम्बामर महीने में 2 से 3 लाख रुपये तक आसानी से कमा लेता है. काम चैलेंजिंग है, लेकिन प्रतिस्पर्धा न के बराबर होने के कारण इसमें पैसा बहुत है.
2. प्रोफेशनल पेट फूड टेस्टर
सुनने में यह मजाक लग सकता है, लेकिन असल में यह उच्च वेतन वाली नौकरी है. जानवरों के खाने की गुणवत्ता और स्वाद को परखने के लिए कंपनियों को इंसानी ‘टेस्टर्स’ की जरूरत होती है. इनका काम यह सुनिश्चित करना होता है कि पालतू जानवरों का खाना न केवल पौष्टिक हो, बल्कि उसका टेक्सचर भी सही हो. इस काम के लिए फूड साइंस की समझ रखने वालों को लाखों का पैकेज दिया जाता है, लेकिन ‘जानवरों का खाना’ चखने के नाम पर ही लोग पीछे हट जाते हैं.
3. गल्फ कमर्शियल डाइवर
यह नौकरी रोमांच और जोखिम का कॉम्बिनेशन है. इसमें गोताखोरों को गहरे समुद्र में तेल के पाइप ठीक करने या जहरीले कचरे के बीच जाकर काम करना होता है. इसमें जान का जोखिम बहुत ज्यादा होता है, इसलिए कंपनियां एक महीने के काम के लिए 5 से 10 लाख रुपये तक का भुगतान करती हैं. जोखिम और मुश्किल परिस्थितियों के कारण बहुत कम लोग इस प्रोफेशन को चुनते हैं.
4. प्रोफेशनल स्कैवेंजर और ड्रेनेज एक्सपर्ट
आज-कल आधुनिक मशीनों के जरिए सीवर और जहरीले कचरे की सफाई के लिए एक्सपर्ट्स की जरूरत होती है. यह पारंपरिक सफाई से अलग है, जहां रोबोटिक मशीनों को नियंत्रित करना और जहरीली गैसों के बीच रिस्क मैनेजमेंट करना होता है. विकसित देशों में इस काम के लिए भारी भुगतान किया जाता है, लेकिन सामाजिक धारणा के कारण लोग इसे करियर के रूप में नहीं अपनाते.
5. प्रोफेशनल लाइन स्टैंडर (Line Standers)
क्या आप किसी और के लिए लाइन में लगने के पैसे लेंगे? न्यूयॉर्क और लंदन जैसे शहरों में आईफोन लॉन्च या ब्लैक फ्राइडे सेल के दौरान लोग दूसरों की जगह लाइन में लगने के लिए प्रति घंटे ₹3,000 से ₹5,000 तक देते हैं. भारत में भी प्रीमियम इवेंट्स और वीआईपी दर्शनों के लिए यह कल्चर शुरू हो रहा है. इसमें आपको अपना समय देने के बदले ठीक-ठाक पैसा दिया जाता है.
ये नौकरियां साबित करती हैं कि पैसा केवल ‘ऑफिस डेस्क’ पर बैठकर ही नहीं कमाया जाता. अगर आप भीड़ से अलग हटने और सामाजिक बंधनों को तोड़ने की हिम्मत रखते हैं तो ये अनोखी नौकरियां बेस्ट हैं.

1 hour ago
