Last Updated:February 19, 2026, 14:25 IST
IMD Weather: दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होने के कारण हवा की गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है. राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाके येलो जोन में पहुंच गए हैं. दूसरी तरफ, बंगाल की खाड़ी में तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. इसके चलते तटवर्ती इलाकों में बारिश होने की संभावना है.

IMD Weather: दिल्ली-एनसीआर में 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं और हल्की बूंदाबांदी का साफ असर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) पर देखने को मिला. कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर घटकर ऑरेंज जोन (मध्यम से खराब) से येलो जोन (मध्यम) में पहुंच गया. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय धुंध की स्थिति बनी रह सकती है, लेकिन फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है. दूसरी तरफ, बंगाल की खाड़ी में भी माहौल के बिगड़ने के आसार हैं. इसका असर तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटवर्ती इलाकों पर पड़ सकता है. आने वाले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार हैं.
पहले बात करते हैं दिल्ली में मौसम के मिजाज की. महानगर के प्रमुख इलाकों अलीपुर में AQI 146, आनंद विहार में 249, अशोक विहार में 181, आया नगर में 119, बवाना में 193, बुराड़ी क्रॉसिंग में 144, चांदनी चौक में 227, सीआरआरआई मथुरा रोड में 150, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 177 और डीटीयू में 130 एक्यूआई दर्ज किया गया है. इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि कई इलाकों में एक्यूआई 100-150 के बीच दर्ज किया गया, जो येलो जोन की श्रेणी में आता है. हालांकि, आनंद विहार (249) और चांदनी चौक (227) जैसे कुछ इलाकों में अभी भी प्रदूषण ऑरेंज जोन में बना हुआ है. नोएडा में स्थिति की बात करें तो चारों सक्रिय स्टेशनों के आंकड़े इस प्रकार हैं, सेक्टर-125 में 197, सेक्टर-62 में 146, सेक्टर-1 में 207 और सेक्टर-116 में 158 एक्यूआई दर्ज किया गया है. यहां सेक्टर-62 का एक्यूआई 146 दर्ज किया गया, जो येलो जोन में है, जबकि सेक्टर-1 (207) और सेक्टर-125 (197) ऑरेंज जोन में बने हुए हैं. सेक्टर-116 में एक्यूआई 158 रहा. गाजियाबाद में भी चार सक्रिय स्टेशनों पर दर्ज आंकड़े में इंदिरापुरम में 209, लोनी में 241, संजय नगर में 148 और वसुंधरा में 210 एक्यूआई दर्ज किया गया है. विभाग के अनुसार, 19 फरवरी को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री दर्ज किया गया
बंगाल की खाड़ी के तेवर तल्ख
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. दक्षिणी और तटीय तमिलनाडु के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है. आईएमडी के मुताबिक, मौसम में यह बदलाव भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण हो रहा है. IMD के अनुसार, यह कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और मजबूत हो सकता है. इसके प्रभाव से शुक्रवार को दक्षिणी तमिलनाडु और तटीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है. इसी तरह की मौसम की स्थिति पुडुचेरी और कराईकल में भी रहने का अनुमान है.
23 और 24 फरवरी के लिए अलर्ट
आईएमडी ने यह भी बताया है कि शुक्रवार और रविवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है. 23 और 24 फरवरी को इन क्षेत्रों के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. उत्तरी तमिलनाडु के जिलों में अगले दो दिनों तक सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध छाने की संभावना है, जिससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है. राजधानी चेन्नई में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध बनने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के आसपास तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे समुद्र की स्थिति उग्र रहने की आशंका है. इसी कारण मछुआरों को अगले आदेश तक इन क्षेत्रों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
लोगों से खास अपील
eप्रशासन ने विशेष रूप से तटीय जिलों के लोगों से अपील की है कि वे आधिकारिक मौसम बुलेटिन पर नजर रखें और गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतें. मौसम प्रणाली पर लगातार नजर रखी जा रही है और स्थिति के अनुसार आगे की जानकारी जारी की जाएगी. आने वाले दिनों में रुक-रुक कर बारिश का पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों को यात्रा की योजना सावधानी से बनाने और मौसम में होने वाले बदलावों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
February 19, 2026, 14:25 IST

1 hour ago
