India AI Impact Summit 2026 LIVE: दिल्ली में आज से एआई का महाकुंभ, पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ, मैक्रों से लेकर ऑल्टमैन तक होंगे शामिल

1 hour ago

दिल्ली में आज से इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट शुरू होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां भारत मंडपम में इस एआई इम्पैक्ट एक्सपो का उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में यह बताया गया है. यह एक्सपो 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले AI इम्पैक्ट समिट 2026 के साथ एक ही स्थान पर होगा. 70 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैले 10 अलग-अलग एरिना में होने वाले इस आयोजन में दुनिया की प्रमुख टेक कंपनियां, स्टार्टअप्स, शिक्षण व शोध संस्थान, केंद्रीय मंत्रालय, राज्य सरकारें और अंतरराष्ट्रीय साझेदार हिस्सा ले रहे हैं.

इस एक्सपो में 13 देशों के विशेष पवेलियन लगाए गए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, रूस, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीकी देश शामिल हैं. यह वैश्विक AI इकोसिस्टम में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को दर्शाता है. यहां 300 से ज्यादा प्रदर्शनी पवेलियन और लाइव डेमोंस्ट्रेशन होंगे. साथ ही 600 से अधिक स्टार्टअप्स अपने ऐसे AI समाधान पेश करेंगे, जो पहले से ही स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और प्रशासन जैसे क्षेत्रों में उपयोग में हैं.

ग्लोबल साउथ का पहला अंतरराष्ट्रीय AI समिट

AI इम्पैक्ट समिट 2026 को ग्लोबल साउथ में आयोजित होने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय एआई शिखर सम्मेलन माना जा रहा है. इस दौरान दुनिया के कई राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख भारत पहुंच रहे हैं.

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा, फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो, स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और यूएई के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे. वहीं संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुटेरेस भी इस सम्मेलन में भाग लेंगे. इसके अलावा 45 से अधिक देशों के मंत्रीस्तरीय प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंच रहे हैं.

अमेरिका, यूरोप और टेक दिग्गजों की बड़ी मौजूदगी

इस इंडिया एआई इम्‍पैक्‍ट समिट में शामिल होने के लिए गूगल के CEO सुंदर पिचाई, ओपनएआई के प्रमुख सैम ऑल्टमैन भारत पहुंच रहे हैं. वहीं एंथ्रोपिक के डारियो अमोदेई, डीपमाइंड के डेमिस हसाबिस, माइक्रोसॉफ्ट के प्रेसिडेंट ब्रैड स्मिथ और क्वालकॉम के CEO क्रिस्टियानो अमोन भी शामिल होंगे.

अमेरिका की ओर से सबसे बड़ा उद्योग प्रतिनिधिमंडल इस समिट में शामिल होने आ रहा है, जिसका नेतृत्व शांतनु नारायण और राज सुब्रमण्यम कर रहे हैं. व्हाइट हाउस के सलाहकार माइकल क्रैट्सियोस अमेरिकी सरकारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं.

‘पीपल, प्लेनेट, प्रोग्रेस’ पर आधारित भारत का AI विज़न

यह पूरा आयोजन तीन मूल मंत्रों पीपल, प्लेनेट और प्रोग्रेस पर आधारित है. इस सम्मेलन में 500 से अधिक सत्र होंगे, जिनमें 3,250 से ज्यादा विशेषज्ञ AI के सामाजिक, आर्थिक और नैतिक प्रभावों पर चर्चा करेंगे.

भारत सरकार की इंडिया एआई मिशन के तहत 12 स्वदेशी फाउंडेशन AI मॉडल भी पेश किए जाएंगे, जिन्हें भारतीय भाषाओं और जरूरतों के अनुसार विकसित किया गया है.

भारत की वैश्विक भूमिका का एलान

विशेषज्ञों का मानना है कि यह सम्मेलन भारत की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें AI को केवल तकनीक नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने का साधन माना गया है.

AI इम्पैक्ट समिट 2026 के जरिये भारत खुद को इनोवेशन और जिम्मेदारी के बीच सेतु के रूप में स्थापित कर रहा है, जहां तकनीक मानवता के लिए काम करेगी, न कि उसके खिलाफ.

Read Full Article at Source