Khatu Shyam Ji News: खाटूश्यामजी में भूकंप के झटके, सुबह-सुबह घरों से बाहर निकले लोग, जानें कितनी थी तीव्रता

2 hours ago

Last Updated:March 07, 2026, 09:09 IST

Earthquake in Khatu Shyam Ji Sikar: सीकर के खाटूश्यामजी और दांतारामगढ़ क्षेत्र में शनिवार सुबह 6:33 बजे 3.5 तीव्रता का भूकंप आया. इसका केंद्र जमीन से 5 किमी नीचे था. खाटूश्यामजी के 10 किमी दायरे में कंपन अधिक महसूस हुआ लेकिन किसी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है. 4 महीने में इस क्षेत्र में यह दूसरा भूकंप है.

Earthquake in Khatu Shyam Ji Sikar:  राजस्थान के सीकर जिले में स्थित सुप्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी और उसके आसपास के दर्जनों गांवों में शनिवार की सुबह दहशत भरी रही. सुबह करीब 6 बजकर 33 मिनट पर अचानक धरती हिलने से लोग अपने घरों से बाहर की ओर भागने लगे. यह समय ऐसा था जब कई लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले हुए थे और घरों में महिलाएं दैनिक कार्यों में व्यस्त थीं. अचानक आए इस कंपन से हर कोई सहम गया. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 दर्ज की गई है. इसका केंद्र राजधानी जयपुर से लगभग 69 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम दिशा में जमीन से महज 5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था. कम गहराई होने के कारण झटकों का अहसास काफी साफ और डराने वाला था.

भूकंप का सबसे अधिक प्रभाव सीकर के दांतारामगढ़ तहसील और खाटूश्यामजी कस्बे में देखा गया. खाटूधाम के अलावा पलसाना, कोछोर, बाय, खोरा, टेहठ, बासड़ी कला, दांता, खाचरियावास, कैलाश और धींगपुर जैसे गांवों में कंपन की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घरों के खिड़की-दरवाजे तक बजने लगे. खाटूश्यामजी के आसपास के 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों में लोग बेड और कुर्सियों से उछल गए. सीसीटीवी कैमरों में भी हल्का मूवमेंट रिकॉर्ड हुआ है जो धरती के हिलने की पुष्टि करता है. बाय गांव के निवासी सुभाष कुमावत ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि शुरुआत में लगा जैसे कोई बड़ा वाहन पास से गुजरा हो लेकिन जब धरती लगातार हिलती रही तो समझ आया कि यह भूकंप है. वहीं कैलाश गांव के एक दुकानदार ने बताया कि उन्हें लगा कि शायद उन्हें चक्कर आ रहा है लेकिन बाद में पता चला कि पूरा इलाका ही हिल रहा था.

चार महीने में दूसरी बार आया भूकंप: भूगर्भिक चिंता का विषय

सीकर और खाटू क्षेत्र के निवासियों के लिए यह घटना अधिक चिंताजनक इसलिए है क्योंकि पिछले चार महीनों में यह दूसरी बार है जब इस बेल्ट में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. इससे पहले 15 दिसम्बर 2025 को भी खाटूश्यामजी के आसपास के क्षेत्र में लगभग इसी तीव्रता का भूकंप आया था. बार-बार आ रहे इन झटकों ने भूगर्भ वैज्ञानिकों का ध्यान भी इस ओर खींचा है. खाटूश्यामजी में एक स्थानीय युवक ने अपने मोबाइल में पंखे के हिलने का वीडियो भी कैद किया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. स्थानीय लोगों का मानना है कि अरावली की पहाड़ियों के नजदीक स्थित इन क्षेत्रों में भूमिगत हलचलें बढ़ रही हैं जिसके कारण बार-बार इस तरह के कंपन महसूस किए जा रहे हैं.

प्रशासनिक सतर्कता और राहत की खबर
प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने तुरंत हरकत में आते हुए क्षेत्र का जायजा लिया है. राहत की बात यह है कि खाटूश्यामजी मंदिर परिसर या आसपास के किसी भी गांव से जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है. दांतारामगढ़ और खाटू क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि झटके हल्के थे इसलिए किसी भी इमारत में दरार या अन्य गंभीर क्षति नहीं हुई है. श्रद्धालुओं के लिए बाबा श्याम का मंदिर पूरी तरह सुरक्षित है और दर्शन की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के जारी है. हालांकि प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्थानीय पटवारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पुरानी इमारतों और कच्चे मकानों की जांच करें ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. शनिवार का दिन होने के कारण खाटूधाम में भक्तों की भारी भीड़ थी लेकिन बाबा की कृपा से सभी सुरक्षित हैं.

About the Author

vicky Rathore

Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a seasoned multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience across digital media, social media management, video production, editing, content...और पढ़ें

Location :

Sikar,Sikar,Rajasthan

First Published :

March 07, 2026, 09:09 IST

Read Full Article at Source