LPG Crisis LIVE: एलपीजी सप्लाई बंद होने से जयपुर का बोरोसिल प्लांट ठप, दिल्ली हाईकोर्ट की कैंटीन में भी गैस खत्म

1 hour ago

अमेरिका और इजरायल के खिलाफ ईरान की जंग का असर भारत के करोड़ों लोगों पर पड़ता दिख रहा है. पश्चिम एशिया में जारी इस युद्ध के बीच उत्तर प्रदेश, बिहार से लेकर तेलंगाना और तमिलनाडु तक लाखों लोग एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से जूझ रहे हैं. एलपीजी सप्लाई बंद होने जयपुर स्थित बोरोसिल के कारखाने में काम बंद करना पड़ा और कंपनी प्रबंधन ने करीब तीन हजार श्रमिकों को बुधवार से काम पर नहीं आने के लिए कह दिया है. वहीं दिल्ली हाईकोर्ट की लॉयर्स कैंटीन में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण फिलहाल मुख्य भोजन (मेन कोर्स) तैयार और परोसा नहीं जा रहा है.

बिहार सहित कई राज्यों में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई रोक दी गई है. वहीं पटना से लेकर अयोध्या तक कई लोग सुबह ही गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर लाइन लगाकर खड़े हैं. कई लोगों की शिकायत है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग करवाने के बावजूद 4-5 दिनों तक एलपीजी सिलेंडर उन्हें नहीं मिल पाई है.

रसोई गैस की सप्लाई में दिक्कत की खबरों के सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. पूरे देश में केंद्र सरकार ने ईसीए यानी एसेंशियल कमोडिटी एक्ट लागू कर दिया है. केंद्र सरकार ने एलपीजी और सीएनजी की आपूर्ति तय करने के लिए बड़ा फैसला लिया है. सरकार के मुताबिक, आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और कुछ उद्योगों को सीमित गैस आपूर्ति मिलेगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने भी कैबिनेट मीटिंग में मंत्रियों को साफ निर्देश दिए कि पश्चिम एशिया में जारी संकट का असर आम आदमी पर बिल्कुल नहीं पड़ना चाहिए. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस वैश्विक उथल-पुथल के समय जनता का भरोसा बनाए रखना सबसे ज़रूरी है. प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि तेल की क़ीमतें स्थिर हैं, ये बात लोगों तक पहुंचाएं और ये भी बताएं कि देश में तेल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. प्रधानमंत्री ने ये भी कहा कि भारत ने सप्लाई चेन मैनेजमेंट सिस्टम इस संकट को ध्यान में रखकर तैयार किया है, इसे भी जनता तक पहुंचाया जाए.

भारत सरकार ने दावा किया है कि इस जंग का तेल की कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ेगा और देश में घरेलू उपभोक्ता के लिए गैस की कोई कमी नहीं है. सरकार की तरफ से बताया गया कि भारत में फ़िलहाल पेट्रोल और डीज़ल के दाम स्थिर ही रहेंगे वो नहीं बढ़ेंगे. वहीं गैस क़ीमतों में हुआ 60 रुपये का इजाफा मौजूदा हालत की वजह से नहीं, बल्कि पिछले साल की अंडरकवरी की वजह से बढ़े हैं.

दरअसल इजरायल और अमेरिका के खिलाफ ईरान की जंग के चलते मिडिल ईस्ट के प्रमुख ऊर्जा परिवहन मार्गों में आई बाधाओं के चलते पिछले एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में शनिवार को ही इजाफा किया गया था. घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडरों की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई.

LPG Gas Cylinder Crisis LIVE: न रसोई गैस की बुकिंग हो रही, न एलपीजी सिलेंडर मिल रहा... ब्लैक मार्केट में 300 रुपये किलो पहुंचा दाम

एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत से देशभर के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नोएडा के रहने वाले लोगों का कहना है कि पिछले 5-6 दिनों से ऑनलाइन गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है. जब लोग गैस एजेंसी से संपर्क करते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि सिस्टम में तकनीकी खराबी है. वहीं एजेंसी पर जाकर पूछने पर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है. गैस बुक कराने के लिए लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है, लेकिन इसके बाद भी सिलेंडर मिलने की कोई गारंटी नहीं है.

गैस बुकिंग में दिक्कत के चलते लोगों को ब्लैक में गैस खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक किलो गैस के लिए 300 से 400 रुपये तक देने पड़ रहे हैं. गैस बुकिंग कराने आई महिलाओं ने बताया कि एजेंसी वाले उनका नंबर लिखकर बाद में फोन करने की बात कहते हैं, लेकिन कई दिनों बाद भी न तो फोन आता है और न ही गैस मिलती है. लोगों का कहना है कि एजेंसी के बाहर कहा जा रहा है कि गैस उपलब्ध नहीं है, जबकि इलाके में ब्लैक में गैस बेची जा रही है.

एक महिला ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे दिल्ली-नोएडा कमाने आए हैं, भूखे रहने के लिए नहीं. अगर सारी कमाई गैस खरीदने में ही खर्च हो जाएगी तो परिवार का गुजारा कैसे होगा. गैस की कमी के कारण कई परिवारों को मजबूरन बाहर से खाना खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है.

LPG Gas Cylinder Crisis LIVE: रसोई गैस हुई खत्म तो इंडक्शन खरीदने भागे लोग, दुकानों पर भीड़

रसोई गैस संकट की खबरों के बीच अब इलेक्ट्रिकल शॉप्स पर इंडक्शन की मांग में इजाफा देखने को मिल रहा है. दिल्ली के दरियागंज की एक इलेक्ट्रिकल शॉप्स के मालिक विकास ने बताया कि पिछले दो तीन दिन से इंडक्शन की मांग और इंक्वायरी बढ़ गई है. इंडक्शन खरीदने आए एक ग्राहक मोहम्मद शफी ने बताया कि गैस की दिक्कत है इसलिए खरीद रहे हैं. गैस की बुकिंग नहीं हो पा रही है. फिलहाल के लिए गैस है, लेकिन सेफ साइड के लिए ले रहे हैं, अगर नहीं मिली तो इंडक्शन रहे.

LPG Gas Cylinder Crisis LIVE: दिल्ली हाईकोर्ट की कैंटीन में एलपीजी खत्म, मेन कोर्स हुआ बंद

दिल्ली हाईकोर्ट की लॉयर्स कैंटीन में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण फिलहाल मुख्य भोजन (मेन कोर्स) तैयार और परोसा नहीं जा रहा है. कैंटीन प्रबंधन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, वर्तमान में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते मुख्य भोजन की तैयारी संभव नहीं हो पा रही है. गैस सप्लाई कब तक बहाल होगी, इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है. गैस उपलब्ध होते ही मुख्य भोजन की तैयारी फिर से शुरू कर दी जाएगी. हालांकि इस दौरान सैंडविच, सलाद, फ्रूट चाट और अन्य हल्के नाश्ते उपलब्ध रहेंगे और इन्हें परोसा जाता रहेगा.

LPG Gas Cylinder Crisis LIVE: एलपीजी सप्लाई बंद होने जयपुर का बोरोसिल प्लांट ठप, 3000 मजदूरों की कर दी गई छुट्टी

अमेरिका-इजरायल के साथ ईरान की जंग का असर अब भारत के उद्योगों पर भी दिखने लगा है. जयपुर के गोविंदगढ़ क्षेत्र में स्थित बोरोसिल लिमिटेड की फैक्ट्री में एलपीजी गैस की आपूर्ति बंद होने से उत्पादन प्रभावित हो गया है. इसके चलते कंपनी प्रबंधन ने करीब तीन हजार श्रमिकों को बुधवार से काम पर नहीं आने के लिए कह दिया है.

मंगलवार को गैस सप्लाई बाधित होने के कारण फैक्ट्री का कामकाज ठप पड़ने लगा. कंपनी में काम करने वाले श्रमिकों को जब इसकी जानकारी मिली तो वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में महिला श्रमिक फैक्ट्री के बाहर इकट्ठा हो गईं और रोजगार को लेकर नाराजगी जताते हुए विरोध करने लगीं. महिला श्रमिकों का कहना है कि कंपनी में मिलने वाली मजदूरी से ही उनके परिवार का खर्च चलता है और बैंक की किश्तें भी उसी आय से चुकाई जाती हैं. ऐसे में अचानक काम बंद होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. श्रमिकों ने मांग की कि उन्हें रोजाना काम पर बुलाया जाए और उनके रोजगार को प्रभावित न किया जाए.

LPG Gas Cylinder Crisis LIVE: रसोई गैस की किल्लत की राज्यसभा में गूंज, राघव चड्ढा ने उठाया मुद्दा

संसद के उच्च सदन राज्यसभा में रसोई गैस की किल्लत का मुद्दा उठाने को लेकर मंगलवार को हंगामा देखने को मिला. आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने सदन में एलपीजी संकट का मुद्दा उठाने की कोशिश की, लेकिन सभापति की ओर से शुरुआत में उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी गई. अनुमति न मिलने पर सदन में कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई. विपक्षी सदस्यों ने इस पर आपत्ति जताई और चर्चा की मांग की. बाद में राघव चड्ढा ने फिर से खड़े होकर एलपीजी गैस की किल्लत का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में घरेलू और व्यावसायिक गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

LPG Gas Cylinder Crisis LIVE: एलपीजी की किल्लत पर सड़क पर उतरी कांग्रेस, चूल्हा जलाकर किया विरोध प्रदर्शन

राजस्थान की राजधानी जयपुर में घरेलू और व्यावसायिक रसोई गैस की बढ़ती किल्लत को लेकर कांग्रेस ने सड़कों पर खूब विरोध प्रदर्शन किया. शहर के मालनवीय नगर इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर चूल्हा जलाकर और रोटियां सेककर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर में रसोई गैस की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई है. उनका कहना है कि पिछले करीब 25 दिनों से न तो गैस सिलेंडर की बुकिंग ठीक से हो पा रही है और न ही उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल रही है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि अब लोगों को गैस सिलेंडर के बजाय फिर से चूल्हा जलाने की नौबत आ रही है. उन्होंने कहा कि इसका असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है, बल्कि ढाबों और छोटे भोजनालयों तक भी पहुंच चुका है.

LPG Gas Cylinder Crisis LIVE: लखनऊ में एलपीजी गैस सिलेंडर की मारामारी, सुबह 6:30 बजे से लाइन में खड़े लोग

लखनऊ के स्टेशन रोड पर लोग अपने घरों से एलपीजी गैस सिलेंडर लेकर गैस एजेंसी पहुंचे हुए हैं. एलपीजी गैस सिलेंडर की लंबी लाइन लगी हुई है. लोग हाथों में गैस का पासबुक लेकर खड़े हैं. कोई 1 घंटे से खड़ा है तो कोई सुबह 6:30 बजे से खड़ा है. सबके सामने यही दिक्कत है कि घर में गैस खत्म हो चुकी है. बहरहाल गैस एजेंसी मालिक के मुताबिक गाड़ी रास्ते में है. गाड़ी जैसे ही पहुंचती है उसके बाद सबको डिलीवरी दी जाएगी.

LPG Gas Cylinder Crisis LIVE: तमिलनाडु में एलपीजी की कमी से बंद होने के कगार पर एक लाख रेस्तरां

तमिलनाडु होटल ओनर्स एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि राज्यभर में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की गंभीर कमी के कारण अगले दो दिनों के भीतर लगभग एक लाख रेस्तरां बंद हो सकते हैं. एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को खाना पकाने की गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल उपाय करने का आग्रह किया है.

एसोसिएशन के अध्यक्ष एम. वेंकटसुब्बू ने कहा कि व्यावसायिक खाना पकाने की गैस की आपूर्ति में व्यवधान का असर कई जिलों के रेस्टोरेंट पर पड़ना शुरू हो गया है. अगर स्थिति ऐसी ही बनी रही तो बड़े रेस्टोरेंट से लेकर छोटे चाय-स्टॉलों तक, सभी को अपना संचालन बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि लगभग 50 लाख श्रमिक प्रत्यक्ष रूप से रेस्तरांओं पर निर्भर हैं, जबकि अन्य 50 लाख लोग अप्रत्यक्ष रूप से इस क्षेत्र पर निर्भर हैं. अगर गैस की आपूर्ति तुरंत बहाल नहीं की गई, तो पूरा उद्योग संकट में आ जाएगा.

LPG Cylinder Shortage LIVE: घरेलू यूजर्स के लिए रसोई गैस की कमी नहीं, कमर्शियल ग्राहकों के लिए एलपीजी डिलीवरी बंद- गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन

कर्नाटक के हुबली में गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के नेता सुरेशा ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल किसी तरह की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि पहले घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस सिलेंडर लेने का अंतराल 21 दिन था, जिसे अब 4 दिन बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है. यानी अब ग्राहक 25 दिन बाद गैस सिलेंडर ले सकेंगे. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन कमर्शियल ग्राहकों के लिए गैस की डिलीवरी फिलहाल बंद कर दी गई है. इस फैसले से होटल और कैटरिंग कारोबार पर बड़ा असर पड़ा है. हुबली कैटरिंग एसोसिएशन के प्रमुख रत्नाकर शेट्टी ने कहा कि गैस सप्लाई की समस्या इस समय बहुत गंभीर हो गई है. उन्होंने कहा, ‘अचानक गैस सप्लाई बंद हो जाने से हमें बहुत परेशानी हो रही है और कारोबार चलाना बेहद मुश्किल हो गया है. हमारा व्यवसाय सिर्फ हमारी रोज़ी-रोटी नहीं है, बल्कि करीब 150 लोग हमारे साथ काम करते हैं और उनकी आजीविका भी इसी पर निर्भर है.’

LPG Gas Cylinder Crisis LIVE: एलपीजी सप्लाई के लिए एक्शन में सरकार, लागू किया ईसीए, कैसे खत्म होगी रसोई गैस की किल्लत

पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण गैस सप्लाई में आई बाधाओं को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसीए) के तहत आदेश जारी कर घरेलू रसोई के लिए पाइपलाइन से आने वाली प्राकृतिक गैस, परिवहन के लिए एलपीजी और सीएनजी की निर्बाध आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. आदेश में कहा गया है कि केंद्र ने आकलन किया है कि मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के परिणामस्वरूप होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से एलएनजी के शिपमेंट में रुकावट पैदा हुई है और आपूर्तिकर्ताओं ने फोर्स मेज्योर का ऐलान किया है, जिसके तहत प्राकृतिक गैस को पहले प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में भेजा जाएगा. केंद्र सरकार ने रिफाइनरियों और पेट्रोकेमिकल इकाइयों को एलपीजीका उत्पादन अधिकतम करने और प्रमुख हाइड्रोकार्बन स्ट्रीम को एलपीजी पूल में भेजने का निर्देश दिया है.

LPG Cylinder Shortage LIVE: एलपीजी गैस संकट में घिरे होटल-रेस्टोरेंट, एक-दो दिन में बंद करना पड़ सकता है किचन

हैदराबाद में होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर इन दिनों गैस संकट का असर दिखने लगा है. शहर के कई होटल और रेस्टोरेंट कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी से जूझ रहे हैं, जिससे किचन चलाना भी मुश्किल हो रहा है. कई रेस्टोरेंट और होटल मालिकों का कहना है कि उनके पास गैस का बेहद कम स्टॉक बचा है. अगर हालात नहीं सुधरे तो वे सिर्फ एक-दो दिन तक ही किचन जारी रख पाएंगे.

LPG Crisis LIVE Updates: 'लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी...' रसोई गैस संकट पर पीयूष गोयल का दिलासा

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भरोसा दिलाया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है. एक गंभीर युद्ध चल रहा है… अधिक जानकारी जुटाई जा रही है. इस स्थिति में कुछ चिंताएं होंगी, जिनकी जानकारी संबंधित विभागों द्वारा समय-समय पर सभी को दी जाएगी. वे स्थिति पर बहुत बारीकी से नजर रख रहे हैं.’

Read Full Article at Source