‘PM मोदी जी, मुझे घर पहुंचाइए’, दुबई में फंसीं सोनल चौहान, लगाई मदद की गुहार

1 hour ago

होमworld

‘PM मोदी जी, मुझे घर पहुंचाइए’, दुबई में फंसीं सोनल चौहान, लगाई मदद की गुहार

Last Updated:March 01, 2026, 00:08 IST

दुबई में हालात बिगड़े गए हैं. क्षेत्रीय तनाव के चलते कई देशों के हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए. इसके बाद दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें रोक दी गईं. एयरलाइंस ने इसे लॉजिस्टिकल नाइटमेयर यानी एक बड़ी परिचालन चुनौती बताया है. दुनिया भर में क्रू, विमान और यात्री अलग-अलग स्थानों पर फंस गए हैं. एक्ट्रेस सोनल चौहान ने मदद की गुहार लगाई है. वहीं, शटलर पीवी सिंधु ने भी पोस्ट शेयर किया है.

‘PM मोदी जी, मुझे घर पहुंचाइए’, दुबई में फंसीं सोनल चौहान, लगाई मदद की गुहारZoom

एक्ट्रेस सोनल चौहान दुबई में फंसी हुई हैं, उन्होंने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है. पीवी सिंधु ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर किया है.

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच भड़के मिसाइल युद्ध ने दुबई को एक खौफनाक ‘लॉजिस्टिक नरक’ में तब्दील कर दिया है. इसी भारी अफरातफरी के बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनल चौहान दुबई में फंस गई हैं. उड़ानें अनिश्चित काल के लिए रद्द होने और सिर के ऊपर से मिसाइलें गुजरने के खौफ से डरीं ‘जन्नत’ फेम एक्ट्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्रालय से सुरक्षित भारत वापसी की गुहार लगाई है. सोनल के अलावा भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु भी ऑल इंग्लैंड ओपन टूर्नामेंट के लिए जाते वक्त दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इस भयानक हालात का शिकार हो गई हैं.

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और हवाई सेवाओं के ठप होने के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान दुबई में फंस गई हैं. हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सीधे भारत सरकार से मदद की अपील की है. सोनल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट लिखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए सुरक्षित वापसी के लिए मार्गदर्शन और सहयोग की मांग की. वहीं, स्टार बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु भी फंसी हुईं है. उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम पर वीडियो और पोस्ट शेयर करके मदद की गुहार लगाई.

सोनल चौहान की मार्मिक अपील

दुबई के मौजूदा हालात कितने तनावपूर्ण हैं, इसका अंदाजा सोनल चौहान की सोशल मीडिया पोस्ट से लगाया जा सकता है. अचानक उड़ानें रद्द होने और एयरस्पेस पूरी तरह से बंद होने के कारण वह इस विदेशी धरती पर खुद को बेहद असहाय महसूस कर रही हैं. अपनी इस खौफनाक और अनिश्चित स्थिति को बयां करते हुए एक्ट्रेस ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ‘एक्स’ (X) पर एक लिखित पोस्ट के जरिए भारत सरकार से तत्काल मदद मांगी है.

सोनल ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘माननीय पीएम नरेंद्र मोदी जी, मैं मौजूदा संकट के कारण इस वक्त दुबई में फंसी हुई हूं. यहां सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और भारत लौटने का कोई भी स्पष्ट रास्ता नजर नहीं आ रहा है. मैं सुरक्षित घर वापसी के लिए सम्मानपूर्वक सरकार से मार्गदर्शन का अनुरोध करती हूं. किसी भी तरह की मदद के लिए मैं आपकी बहुत आभारी रहूंगी.” इस पोस्ट में उन्होंने विदेश मंत्रालय (MEA India) और दुबई स्थित भारतीय दूतावास (India in Dubai) को भी टैग करते हुए मदद की उम्मीद जताई है.

दुबई एयरपोर्ट बना नरक

ईरान की आक्रामक जवाबी कार्रवाई और मिसाइल हमलों के बाद दुनिया के सबसे व्यस्त ‘दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ (DXB) और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सभी ऑपरेशन्स अगली सूचना तक रोक दिए गए हैं. पिछले साल लगभग 10 करोड़ यात्रियों को संभालने वाले इस एयरपोर्ट पर अब सिर्फ सन्नाटा और खौफ है. एमिरेट्स (Emirates) और फ्लाईदुबई (flydubai) जैसी प्रमुख एयरलाइंस ने अपनी सेवाएं सस्पेंड कर दी हैं. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, एयरलाइंस के अधिकारियों ने इस पूरी स्थिति को एक ‘विशाल लॉजिस्टिक दुःस्वप्न’ (Massive logistical nightmare) करार दिया है, क्योंकि दुनिया भर के क्रू मेंबर्स, प्लेन और लाखों यात्री अचानक जहां-तहां फंस गए हैं.

पीवी सिंधु भी खौफनाक भी फंसी

सोनल चौहान ही नहीं, बल्कि भारत की शान और डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु (PV Sindhu) भी इसी भयानक हालात के बीच दुबई एयरपोर्ट पर फंसी हुई हैं. सिंधु अपने करियर के अहम ‘ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट’ में हिस्सा लेने के लिए बर्मिंघम जा रही थीं. उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक डरावना अनुभव साझा करते हुए बताया कि सिर के ऊपर से मिसाइलों के इंटरसेप्ट होने (हवा में नष्ट किए जाने) की तेज आवाजें सुनना और सबकुछ अपनी आंखों के सामने रियल टाइम में होते देखना दिल दहला देने वाला है. सिंधु ने खचाखच भरे और अस्त-व्यस्त एयरपोर्ट का एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि हजारों परिवार वहां फंसे हुए हैं और सभी उड़ानें रद्द हैं. वह खुद को सुरक्षित बताते हुए बस किसी तरह इस खौफनाक वक्त के जल्द बीत जाने की दुआ कर रही हैं.

About the Author

Deep Raj Deepak

दीप राज दीपक 2022 में न्यूज़18 से जुड़े. वर्तमान में होम पेज पर कार्यरत. राजनीति और समसामयिक मामलों, सामाजिक, विज्ञान, शोध और वायरल खबरों में रुचि. क्रिकेट और मनोरंजन जगत की खबरों में भी दिलचस्पी. बनारस हिंदू व...और पढ़ें

First Published :

March 01, 2026, 00:08 IST

Read Full Article at Source