Last Updated:March 17, 2026, 12:09 IST
Aaj Ka Mausam Live: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और उससे सटे लक्षद्वीप क्षेत्र के ऊपर बने एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन देख जा रहा है. उधर मौसम विभाग के अनुसार, आज रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिसका असर कई राज्यों के मौसम पर पड़ेगा.

Today’s Weather Live: दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और उससे सटे लक्षद्वीप क्षेत्र के ऊपर बने एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन देख जा रहा है. इस कारण मंगलवार को पश्चिमी घाट के कुछ हिस्सों और दक्षिणी तमिलनाडु में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवाती परिसंचरण इस क्षेत्र में मौजूदा मौसम के मिजाज का एक मुख्य कारण है. इसके अलावा तमिलनाडु के उत्तरी तटीय इलाकों में भी एक अलग चक्रवाती प्रणाली की सूचना मिली है, जिससे मौसम की अस्थिरता और बढ़ गई है.
इस बीच आज रात मौसम का एक और यूटर्न होने वाला है, जिसका असर पहाड़ों से लेकर मैदानों तक कई राज्यों में देखने को मिल सकता है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर में कश्मीर से लेकर पूरब में बिहार तक कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली और तेज हवाओं की संभावना है.
दरअसल मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च की रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिसका असर कई राज्यों के मौसम पर पड़ेगा. इस दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश के साथ बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 से 20 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इसके साथ ही मैदानी इलाकों में भी आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है.
दिल्ली में मौसम रहेगा कूल-कूल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है. 18 मार्च की रात को दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार झोंकों में 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 19 मार्च की सुबह भी हल्की बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. 20 मार्च को दिल्ली में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है. सुबह और दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवाओं की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रहने और झोंकों में 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का मौसम
भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में 19 से 21 मार्च के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इसके साथ ही गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में तेज आंधी के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर ज्यादा दिखाई दे सकता है. यहां कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. इससे तापमान में भी कुछ गिरावट दर्ज की जा सकती है और गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है. वहीं पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा. 19 और 20 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. इसके अलावा कई जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है.बिहार और झारखंड का मौसम
पूर्वी भारत के राज्यों बिहार और झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 16 और 17 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 20 से 22 मार्च के बीच फिर से बारिश का एक नया दौर शुरू हो सकता है. इन दिनों राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कुछ जगहों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. झारखंड में भी 16 से 20 मार्च के बीच कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा कुछ जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है, लेकिन बारिश और तेज हवाओं की वजह से गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत का हाल
दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कई हिस्सों में 16 से 20 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है. वहीं पूर्वोत्तर भारत में अगले सात दिनों तक मौसम अस्थिर रहने का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. इनमें से कुछ इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.तापमान में कैसा बदलाव?
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार देश के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है. कई राज्यों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा है. देश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस महाराष्ट्र के वाशिम और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में दर्ज किया गया. वहीं मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पंजाब के गुरदासपुर में रिकॉर्ड किया गया.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं. पंजाब के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण, हरियाणा और राजस्थान के ऊपर चक्रवाती सिस्टम, दक्षिण भारत में ट्रफ लाइन और अरब सागर के ऊपर बने सिस्टम के कारण देश के कई हिस्सों में अस्थिर मौसम की स्थिति बनी हुई है. इसके अलावा पूर्वी भारत के ऊपर सबट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जिससे मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है.
मौसम पूर्वानुमान की खास बातें…
देशभर के मौसम को लेकर क्या पूर्वानुमान जारी किया गया है?
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी, बिजली और तेज हवाओं की संभावना है. कई राज्यों में ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है.
किन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा?
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अनुमान है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में अगले सात दिनों तक लगातार बारिश की संभावना है.
दिल्ली में मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में 18 से 20 मार्च के बीच हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है.
तापमान को लेकर क्या स्थिति है?
कई राज्यों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जबकि कुछ जगहों पर बारिश के कारण हल्की गिरावट भी देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं की संभावना है, वहां सावधानी बरतें. किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर रहेगा. बारिश, आंधी और तेज हवाओं के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. हालांकि इससे कई क्षेत्रों में गर्मी से अस्थायी राहत मिलने की भी संभावना है.
About the Author
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T...और पढ़ें
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
March 17, 2026, 06:44 IST

2 days ago
