कहीं आपका अदरक-लहसुन का पेस्ट जहरीला तो नहीं? तेलंगाना की खबर सोचने पर मजबूर कर देगी

1 hour ago

होमताजा खबरदेश

कहीं आपका अदरक-लहसुन का पेस्ट जहरीला तो नहीं? तेलंगाना की खबर हैरान कर देगी

Last Updated:March 08, 2026, 08:52 IST

Ginger Garlic Paste Racket: हैदराबाद में मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट बनाने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने छापेमारी में 1915 किलो मिलावटी पेस्ट जब्त किया है. आरोपी सड़े हुए अदरक-लहसुन में एसिटिक एसिड जैसे केमिकल मिलाकर उसे बाजार में बेच रहे थे. यह पेस्ट शहर के कई किराना स्टोर और होटलों तक सप्लाई किया जा रहा था, जिससे लोगों की सेहत को बड़ा खतरा पैदा हो गया था.

कहीं आपका अदरक-लहसुन का पेस्ट जहरीला तो नहीं? तेलंगाना की खबर हैरान कर देगीZoom

गाना के हैदराबाद में पुलिस ने मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट बनाने वाले रैकेट का खुलासा किया. (सांकेतिक फोटो)

न्यूज18 तेलुगु
हैदराबाद: हैदाराबद से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. इस खबर को पढ़ने के बाद आप अदरक-लहसुन का पेस्ट मार्केट से खरीदने से पहले दस बार सोचेंगे. खबर को पढ़ने के बाद आप यही सोचने लगेंगे कि रसोई में रोज इस्तेमाल होने वाला अदरक-लहसुन का पेस्ट अगर जहरीला निकले तो क्या होगा? दरअसल तेलंगाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो सड़े हुए अदरक और लहसुन से पेस्ट बनाकर उसे बाजार में बेच रहा था. चौंकाने वाली बात यह है कि इस पेस्ट को असली जैसा दिखाने और उसकी गंध तेज करने के लिए खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल किया जा रहा था. पुलिस की छापेमारी में करीब 1915 किलोग्राम मिलावटी पेस्ट बरामद हुआ है. यह पेस्ट शहर के कई किराना दुकानों और होटलों तक पहुंच चुका था. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या हमारी थाली में भी ऐसा जहरीला पेस्ट पहुंच रहा है?

इस घटना ने खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आम लोग अक्सर बाजार से पैक्ड अदरक-लहसुन का पेस्ट खरीद लेते हैं क्योंकि इससे समय की बचत होती है. लेकिन अगर यही सुविधा स्वास्थ्य के लिए खतरा बन जाए तो स्थिति बेहद चिंताजनक हो जाती है. पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी सड़े हुए अदरक और लहसुन को इकट्ठा करके पेस्ट बनाते थे और उसमें एसिटिक एसिड जैसे केमिकल मिलाकर उसे असली जैसा दिखाते थे. यही नहीं, पेस्ट को गाढ़ा बनाने के लिए उसमें ज़ैंथन गम पाउडर भी मिलाया जा रहा था. यह खबर लोगों को सतर्क रहने और खाने-पीने की चीजों को खरीदते समय सावधानी बरतने की चेतावनी दे रही है.

केमिकल मिलाकर बाजार में सप्लाई

पुलिस के मुताबिक इस पूरे मिलावट रैकेट का सरगना लालपेटा निवासी 56 वर्षीय नीला वेंकटेश्वरलू है. वह ‘झांसी इंडस्ट्री’ के नाम से एक गोदाम में यह अवैध कारोबार चला रहा था. आरोपी सस्ते और सड़े हुए अदरक-लहसुन को खरीदकर उनसे पेस्ट तैयार करते थे. फिर उसमें केमिकल मिलाकर उसे कई दिनों तक खराब न होने लायक बनाया जाता था. इसके बाद इस पेस्ट को बड़े प्लास्टिक कंटेनरों में भरकर अलग-अलग पैकेटों में पैक किया जाता था और उन पर नकली ब्रांड के लेबल लगाकर बाजार में बेचा जाता था. जांच में यह भी सामने आया कि इस मिलावटी पेस्ट की सप्लाई शहर के कई किराना स्टोर और होटलों में की जा रही थी. यानी बड़ी संख्या में लोग अनजाने में इस मिलावटी उत्पाद का इस्तेमाल कर रहे थे. पुलिस ने इस मामले में गोदाम पर छापा मारकर वेंकटेश्वरलू के अलावा विनोद, टी. सतीश और एम. शिवानी नाम के तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है. फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क की पूरी सप्लाई चेन की जांच कर रही है.

पुलिस ने इस मिलावट रैकेट का खुलासा कैसे किया?

पुलिस को इस अवैध कारोबार के बारे में गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद सिकंदराबाद जोन टास्क फोर्स और लालागुडा पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को गोदाम पर छापा मारा. तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में सड़ा हुआ अदरक-लहसुन, तैयार मिलावटी पेस्ट और पैकिंग सामग्री बरामद हुई. पुलिस ने करीब 1915 किलोग्राम मिलावटी पेस्ट जब्त किया और मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

इस पेस्ट में किस तरह की मिलावट की जा रही थी?

जांच में पता चला कि आरोपी सड़े हुए अदरक और लहसुन से पेस्ट बनाते थे. फिर उसमें एसिटिक एसिड मिलाकर उसकी गंध तेज कर दी जाती थी ताकि वह असली जैसा लगे. इसके अलावा पेस्ट को गाढ़ा बनाने के लिए उसमें ज़ैंथन गम पाउडर भी मिलाया जाता था. ये केमिकल अधिक मात्रा में शरीर के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं.

इस मिलावटी पेस्ट से स्वास्थ्य को क्या खतरा हो सकता है?

डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे रसायनों वाले पेस्ट का सेवन करने से लीवर और किडनी पर बुरा असर पड़ सकता है. इसके अलावा पेट दर्द, उल्टी, गैस और अन्य गंभीर पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं. लंबे समय तक ऐसे मिलावटी खाद्य पदार्थ खाने से शरीर पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं.

उपभोक्ता खुद को कैसे सुरक्षित रख सकते हैं?

विशेषज्ञों का कहना है कि सबसे सुरक्षित तरीका है कि अदरक-लहसुन का पेस्ट घर पर ही बनाया जाए. अगर बाजार से पैक्ड पेस्ट खरीदना जरूरी हो तो भरोसेमंद ब्रांड ही चुनें. पैकेट पर FSSAI प्रमाणन और निर्माण तिथि जरूर जांचें. अगर पेस्ट की गंध या रंग असामान्य लगे तो उसका उपयोग बिल्कुल न करें.

डॉक्टर की चेतावनी

डॉक्टर और खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञ लोगों को सस्ते और बिना ब्रांड वाले पेस्ट से सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं. उनका कहना है कि बाजार में मिलने वाले कई सस्ते उत्पादों में मिलावट की संभावना अधिक होती है. इसलिए उपभोक्ताओं को खरीदारी करते समय सतर्क रहना चाहिए और संदिग्ध उत्पादों की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देनी चाहिए.

About the Author

Sumit Kumar

सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 3 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह...और पढ़ें

First Published :

March 08, 2026, 08:52 IST

Read Full Article at Source