कोडरमा में दिखा एलपीजी गैस संकट का डर, इंडक्शन चूल्हे के लिए दुकानों पर लगी भीड़

1 hour ago

Last Updated:March 12, 2026, 20:56 IST

कोडरमा के झंडा चौक स्थित कमला स्टोर के संचालक गौरांग पुजारा ने बताया कि गैस की कमी की खबरों के बाद इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में काफी तेजी आई है. पहले पूरे दिन में मुश्किल से एक या दो इंडक्शन चूल्हे ही बिकते थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से इसकी बिक्री दोगुनी से भी अधिक हो गई है.

कोडरमा: मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव, खासकर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच हालिया हालात का असर अब वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ने लगा है. इसी कारण भारत के कई हिस्सों में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता का माहौल बन गया है. कई स्थानों से गैस सिलेंडर रिफिल कराने के लिए लोगों की लंबी कतारों की खबरें सामने आ रही हैं. गैस की संभावित कमी को देखते हुए लोग अब वैकल्पिक साधनों की ओर रुख कर रहे हैं. इसका असर कोडरमा में भी देखने को मिल रहा है, जहां बर्तन और इलेक्ट्रिक सामान की दुकानों पर इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक बढ़ गई है. पहले जहां इंडक्शन चूल्हा खरीदने वाले ग्राहक कम होते थे, वहीं अब हर दिन बड़ी संख्या में लोग इसे खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं.

दोगुनी से ज्यादा बढ़ी इंडक्शन की बिक्री
कोडरमा के झंडा चौक स्थित कमला स्टोर के संचालक गौरांग पुजारा ने बताया कि गैस की कमी की खबरों के बाद इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में काफी तेजी आई है. पहले पूरे दिन में मुश्किल से एक या दो इंडक्शन चूल्हे ही बिकते थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से इसकी बिक्री दोगुनी से भी अधिक हो गई है. उन्होंने बताया कि उनके स्टोर में विभिन्न कंपनियों के ब्रांडेड इंडक्शन चूल्हे उपलब्ध हैं, जिनमें साधारण इंडक्शन चूल्हों के साथ-साथ इंफ्रारेड इंडक्शन चूल्हे भी शामिल हैं.

इंफ्रारेड और साधारण इंडक्शन की तकनीक अलग
गौरांग पुजारा के अनुसार दोनों प्रकार के चूल्हों की तकनीक अलग होती है. साधारण इंडक्शन चूल्हा मैग्नेटिक फील्ड के माध्यम से काम करता है, जिसमें चूल्हा सीधे बर्तन को गर्म करता है और उसी से खाना पकता है. इस तरह के चूल्हे में खाना बनाने के लिए विशेष प्रकार के इंडक्शन बर्तनों की जरूरत होती है. वहीं इंफ्रारेड इंडक्शन चूल्हे में पहले चूल्हे की सतह गर्म होती है और फिर उस पर रखे बर्तन के माध्यम से खाना पकाया जाता है. इस प्रकार के चूल्हे में लगभग सभी प्रकार के बर्तनों का उपयोग किया जा सकता है, इसलिए कई ग्राहक इसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं.

कीमत और वारंटी की जानकारी
गौरांग पुजारा ने बताया कि ब्रांडेड इंडक्शन चूल्हों की कीमत करीब 2500 रुपये से शुरू होकर 4000 रुपये तक होती है. अलग-अलग कंपनियों और मॉडल के अनुसार इनकी कीमत तय होती है. इसके साथ ही कंपनी की ओर से वारंटी भी दी जाती है. कुछ मॉडल में एक साल की वारंटी मिलती है, जबकि कुछ महंगे मॉडल में दो साल तक की वारंटी उपलब्ध होती है. दुकानदार के अनुसार गैस की अनिश्चित स्थिति को देखते हुए लोग इंडक्शन चूल्हों को एक सुरक्षित विकल्प के रूप में खरीद रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर बिना गैस के भी आसानी से खाना बनाया जा सके.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क...और पढ़ें

Location :

Kodarma,Kodarma,Jharkhand

First Published :

March 12, 2026, 20:56 IST

Read Full Article at Source