Last Updated:March 15, 2026, 13:05 IST
Lawrence Bishnoi Threat To Badshah: मशहूर सिंगर-रैपर बादशाह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मौत की धमकी मिली है. धमकी का कारण उनके गाने 'टटेरी' में महिलाओं पर आपत्तिजनक बोल हैं. पुलिस जांच कर रही है, सुरक्षा अलर्ट है.

Lawrence Bishnoi Threat To Badshah: मशहूर सिंगर-रैपर बादशाह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से सीधी मौत की धमकी मिली है. धमकी में साफ लिखा है- अगली बार सीधे खोपड़ी में गोली मार देंगे. ये सब बादशाह के नए हरियाणवी गाने ‘टटेरी’ की वजह से हुआ है, जिसमें महिलाओं और छोटी लड़कियों पर आपत्तिजनक बोल और वीडियो होने का आरोप लगे हैं. फेसबुक पर एक पोस्ट वायरल हुई है, जिसमें खुद को रणदीप मलिक और अनिल पंडित अमेरिका से बताते हुए गैंग के सदस्यों ने बादशाह को निशाना बनाया. पोस्ट में लिखा – सिंगर बादशाह, तुमने हरियाणा की संस्कृति बिगाड़ने की कोशिश की. 2024 में तुम्हारे क्लब में हमने ट्रेलर दिखा दिया था; अगली बार सीधे माथे में गोली मारेंगे.
ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है. पुलिस इसकी जांच कर रही है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है. इसी पोस्ट में गैंग ने पानीपत में हुई एक फायरिंग की भी जिम्मेदारी ली. असंध रोड पर वेस्टर्न यूनियन (हवाला) ऑफिस पर गोलीबारी हुई, जहां गैरी और शंकी नाम के लोगों का धंधा चलता था. पोस्ट में कहा गया- हमने पहले फोन पर चेतावनी दी थी, लेकिन नहीं माने. आज का घटना सिर्फ ट्रेलर है, पूरी तस्वीर अभी बाकी है. हवाला करने वालों को समय रहते सुधर जाना चाहिए, वरना बुरा अंजाम होगा.
टटेरी गाने को लेकर विवाद
एनडीटीवी इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक गैंग ने कई और नामों का भी जिक्र किया, जो लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े बताए जा रहे हैं. ‘टटेरी’ गाना बादशाह के अपने यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ था और काफी वायरल हो गया. लेकिन हरियाणा में भारी विरोध हुआ. आरोप है कि गाने के बोल और वीडियो में स्कूल की यूनिफॉर्म वाली लड़कियां नाच रही हैं और शब्द बहुत आपत्तिजनक हैं. पंचकूला के एक व्यक्ति की शिकायत पर केस दर्ज हुआ. हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह को समन भेजा, लेकिन वो नहीं पहुंचे तो गिरफ्तारी का वारंट जारी हो गया. पासपोर्ट जब्त करने की भी बात चल रही है.
बादशाह ने पिछले हफ्ते वीडियो जारी कर माफी मांग ली थी. उन्होंने कहा था कि मैं हरियाणा का हूं, हरियाणवी होने पर गर्व है. मेरा इरादा किसी औरत या बच्चे को ठेस पहुंचाने का नहीं था. हिप-हॉप में कॉम्पिटिशन दिखाने के लिए ऐसे बोल होते हैं, लेकिन अगर किसी को दुख हुआ तो दिल से माफी मांगता हूं. मुझे अपना बेटा समझकर माफ कर दो. ये पहली बार नहीं जब बिश्नोई गैंग ने बादशाह को निशाना बनाया. 2024 में चंडीगढ़ के सेविले बार एंड लाउंज (बादशाह का क्लब) के बाहर धमाका हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी गोल्डी बरार ने ली थी. अब फिर खुली धमकी आई है, तो सुरक्षा अलर्ट हो गया है.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स...और पढ़ें
First Published :
March 15, 2026, 13:04 IST

1 hour ago
