US-Europe Relations: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ग्रीनलैंड को लेकर बातचीत शुरू हो चुकी है और इस पर लगभग सहमति बन गई है. उन्होंने इस संभावित समझौते को अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया. एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप से जब ग्रीनलैंड वार्ता और यूरोपीय नेताओं के साथ संपर्कों को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पहले ही आगे बढ़ चुकी है.
ग्रीनलैंड पर काफी हद तक बन चुकी है सहमति: ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि हमने बातचीत शुरू कर दी है और मुझे लगता है कि इस पर काफी हद तक सहमति बन चुकी है. वे चाहते हैं कि हम ऐसा करें. राष्ट्रीय सुरक्षा के नजरिये से यह एक बहुत महत्वपूर्ण और अच्छा सौदा होगा. हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि हाल के दिनों में उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर या अन्य यूरोपीय नेताओं से सीधे बातचीत की है या नहीं.
इससे पहले, डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने कहा था कि ग्रीनलैंड के भविष्य को लेकर डेनमार्क, अमेरिका और ग्रीनलैंड के बीच प्रारंभिक वार्ता अच्छी रही है, हालांकि मतभेद अब भी बने हुए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 14 जनवरी को वाशिंगटन में रासमुसेन और ग्रीनलैंड की विदेश मंत्री विवियन मोट्जफेल्ड ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की थी. इस दौरान ग्रीनलैंड और आर्कटिक क्षेत्र की सुरक्षा पर चर्चा के लिए एक संयुक्त कार्य समूह बनाने पर सहमति बनी थी.
रासमुसेन ने बाद में स्वीकार किया कि ट्रंप द्वारा ग्रीनलैंड को लेकर यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी से हालात बिगड़ गए थे, लेकिन अब स्थिति फिर से सही दिशा में लौट रही है. उन्होंने कहा कि कार्य समूह की पहली बैठक रचनात्मक रही है और आगे भी बातचीत जारी रहेगी. गौरतलब है कि ट्रंप की ओर से ग्रीनलैंड पर नियंत्रण की पहले की धमकियों से यूरोपीय राजधानियों में चिंता बढ़ गई थी और अमेरिका-यूरोप संबंधों में तनाव देखा गया था. हालांकि, बाद में ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका ग्रीनलैंड को हासिल करने के लिए सैन्य बल का प्रयोग नहीं करेगा और प्रस्तावित टैरिफ को भी वापस ले लिया गया.

1 hour ago
