Woman Shot Dead By Father: ब्रिटेन की 23 साल की लूसी हैरिसन की मौत एक बेहद चौंकाने वाले मामले में हुई है. वह अपने बॉयफ्रेंड सैम लिटलर के साथ अमेरिका गई थीं. दोनों टेक्सास के प्रॉस्पर शहर में लूसी के पिता क्रिस हैरिसन के घर पर ही ठहरे हुए थे. यह घटना 10 जनवरी 2025 की है.
पिता के घर रुकी लूसी
लूसी हैरिसन चेशायर के वारिंगटन की रहने वाली थीं. वह फैशन कंपनी बूहो में फैशन बायर के तौर पर काम कर रही थीं. अमेरिका यात्रा के दौरान वह अपने पिता, सौतेली मां हीदर और परिवार के साथ रह रही थीं. उनके बॉयफ्रेंड सैम भी साथ रहते थे.
ट्रंप को लेकर हुआ झगड़ा
ब्रिटेन की अदालत में दी गई गवाही में सैम लिटलर ने बताया कि लूसी और उनके पिता के बीच अक्सर बहस होती रहती थी. उनके पिता के पास बंदूक होने को लेकर लूसी नाराज रहती थीं. घटना वाले दिन सुबह, जब दोनों एयरपोर्ट जाने की तैयारी कर रहे थे तभी डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी राजनीति को लेकर पिता-बेटी में बहस तेज हो गई. उस समय ट्रंप दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बनने वाले थे.
बहस के दौरान क्या हुआ?
गवाही के मुताबिक बहस इतनी बढ़ गई कि लूसी रोते हुए ऊपर के कमरे में चली गईं थीं. इसी दौरान लूसी ने अपने पिता से पूछा कि अगर उनके साथ कभी यौन हमला हो जाए तो उन्हें कैसा लगेगा. इस पर पिता ने जवाब दिया कि उनकी दो और बेटियां हैं और इससे उन्हें ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा. इस तरह की बातों ने लूसी को अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया.
कमरे में ले जाकर मारी गोली
करीब आधे घंटे बाद क्रिस हैरिसन लूसी को हाथ पकड़कर नीचे अपने बेडरूम में ले गए. सैम लिटलर ने बताया कि लगभग 15 सेकंड बाद ही उन्होंने तेज आवाज सुनी जो गोली चलने की थी. इसके बाद क्रिस अपनी पत्नी हीदर को जोर-जोर से आवाज देने लगे. जब सैम कमरे में पहुंचे थे तो लूसी बाथरूम के दरवाजे के पास फर्श पर पड़ी थीं.
सीने में लगी गोली
जांच में सामने आया कि लूसी की मौत सीने में लगी एक गोली से हुई थी. इस घटना ने पूरे परिवार और दोस्तों को झकझोर कर रख दिया था. बता दें, लूसी की मां जेन कोट्स ने अदालत में कहा कि उनकी बेटी बहुत जिंदादिल थी. वह सामाजिक मुद्दों में दिलचस्पी रखती थी. खुलकर बहस करना पसंद करती थी. वह जहां जाती थी वहां अपनी मौजूदगी महसूस करा देती थी.
पिता पर नहीं चला कोई आपराधिक मामला
अदालत को यह भी बताया गया कि क्रिस हैरिसन पहले शराब की लत का इलाज करा चुके थे. वह ब्रिटेन में हुई इस जांच में खुद मौजूद नहीं थे. टेक्सास के प्रॉस्पर शहर की पुलिस ने इस मामले की जांच की और इसे गैर इरादतन हत्या मानकर देखा गया है. हालांकि कॉलिन काउंटी की ग्रैंड जूरी ने क्रिस हैरिसन पर आरोप तय करने से इनकार कर दिया है.
यह भी पढ़ें: क्या ब्रिटेन की अलगी PM होगी मुस्लिम महिला? जानें कौन हैं शबाना महमूद, जो रच सकती हैं इतिहास

2 hours ago
