Last Updated:March 08, 2026, 20:03 IST
दुल्हन ने दूल्हे की अधिक उम्र का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया. दूल्हे सुधीर कुमार का कहना है कि शादी तय होने से पहले लड़की ने उन्हें दो बार देखा था और दोनों के बीच फोन पर भी बातचीत हुई थी. उनका आरोप है कि शादी के दिन लड़की ने कहा कि उसे परिवार वाले जबरन शादी के लिए यहां लाए हैं.
भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है. सपनों से सजा मंडप, बारातियों की चहल-पहल और शादी की तैयारियों के बीच अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ कि दूल्हा पक्ष की खुशी पलभर में मायूसी में बदल गई. जयमाला की रस्म से ठीक पहले दुल्हन अपने परिवार के साथ बिना बताए शादी स्थल से फरार हो गई और दूल्हा हाथ में माला लिए उसका इंतजार करता रह गया.
यह घटना भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के समीप स्थित एक निजी होटल की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, संदेश थाना क्षेत्र के कोसडिहरा गांव निवासी शिवजी सिंह के 34 वर्षीय पुत्र सुधीर कुमार की शादी दलेलगंज गांव निवासी उदय सिंह की 22 वर्षीय पुत्री शोभा कुमारी से तय हुई थी. दोनों परिवारों की सहमति से 3 मार्च को वन-डे शादी का आयोजन रखा गया था, जिसमें हल्दी, मेहंदी, तिलक, शादी और रिसेप्शन की सभी रस्में एक ही दिन में पूरी की जानी थीं.
शादी को लेकर होटल में भव्य तैयारी की गई थी. बारात के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए गए थे और मेहमानों के लिए तरह-तरह के व्यंजन भी तैयार किए गए थे. बारात धूमधाम से होटल पहुंच चुकी थी और सभी लोग जयमाला की रस्म का इंतजार कर रहे थे. दूल्हा भी स्टेज पर माला लेकर खड़ा था, लेकिन इसी बीच अचानक खबर मिली कि दुल्हन और उसके परिवार के लोग शादी स्थल से कहीं चले गए हैं.
शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद वे किसी जरूरी काम से बाहर गए होंगे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर दूल्हा पक्ष के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी. कई घंटों तक खोजबीन करने के बावजूद दुल्हन और उसके परिजनों का कोई पता नहीं चल सका. आखिरकार निराश होकर दूल्हा और बाराती बिना शादी के ही वापस लौट गए. इस घटना के बाद दूल्हा पक्ष को काफी शर्मिंदगी का सामना भी करना पड़ा.
बताया जा रहा है कि दुल्हन ने दूल्हे की अधिक उम्र का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया. दूल्हे सुधीर कुमार का कहना है कि शादी तय होने से पहले लड़की ने उन्हें दो बार देखा था और दोनों के बीच फोन पर भी बातचीत हुई थी. उनका आरोप है कि शादी के दिन लड़की ने कहा कि उसे परिवार वाले जबरन शादी के लिए यहां लाए हैं.
वहीं दूल्हे के पिता शिवजी सिंह का कहना है कि दोनों परिवारों की सहमति से ही शादी तय हुई थी और लड़की पक्ष ने पहले कभी कोई आपत्ति नहीं जताई थी. उनका आरोप है कि लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने ही दुल्हन और उसके परिवार को भड़काने का काम किया है. फिलहाल इस पूरे मामले की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि दूल्हा पक्ष इस घटना से गहरे सदमे में है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क...और पढ़ें
First Published :
March 08, 2026, 20:03 IST

1 day ago
