दही बड़ा बिना अधूरी बिहार की होली, जानिए इसे घर पर बनाने की सबसे आसान रेसिपी

1 hour ago

होमताजा खबरदेश

दही बड़ा बिना अधूरी बिहार की होली, जानिए इसे घर पर बनाने की सबसे आसान रेसिपी

Last Updated:March 03, 2026, 17:13 IST

इन व्यंजनों में दही बड़ा का विशेष स्थान है. लगभग हर घर में होली के दिन दही बड़ा जरूर बनाया जाता है. स्थानीय लोगों का मानना है कि दही बड़ा के बिना यहां की होली अधूरी मानी जाती है. स्वाद और परंपरा का यह अनूठा संगम लोगों को पूरे साल इस पर्व का इंतजार करवाता है.

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में होली का त्योहार केवल रंग और गुलाल तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यहां के पारंपरिक व्यंजन भी इस पर्व की खास पहचान हैं. इन व्यंजनों में दही बड़ा का विशेष स्थान है. लगभग हर घर में होली के दिन दही बड़ा जरूर बनाया जाता है. स्थानीय लोगों का मानना है कि दही बड़ा के बिना यहां की होली अधूरी मानी जाती है. स्वाद और परंपरा का यह अनूठा संगम लोगों को पूरे साल इस पर्व का इंतजार करवाता है.

स्थानीय गृहिणी सुष्मिता बताती हैं कि यदि दाल पहले से ठीक तरह से भीगी और फूली हुई हो, तो दही बड़ा मात्र 10 मिनट में तैयार किया जा सकता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले उड़द की दाल को 4 से 5 घंटे तक पानी में भिगोया जाता है. इसके बाद दाल को अच्छी तरह धोकर छान लिया जाता है और थोड़ा पानी मिलाकर बारीक पीस लिया जाता है.

तैयार पेस्ट में स्वादानुसार नमक, अजवाइन, लाल मिर्च और थोड़ा सा हल्दी पाउडर मिलाया जाता है. फिर मिश्रण को अच्छी तरह फेंटा जाता है, जिससे वह हल्का और फूला हुआ हो जाए. यह जांचने के लिए कि घोल सही बना है या नहीं, थोड़ी सी दाल पानी में डालकर देखी जाती है. यदि वह ऊपर तैरने लगे, तो समझा जाता है कि मिश्रण बिल्कुल तैयार है.

इसके बाद कढ़ाई में तेल गर्म कर दाल के गोल आकार के बड़े बनाकर सुनहरा होने तक तले जाते हैं. तले हुए बड़े को लगभग पांच मिनट तक पानी में भिगोकर रखा जाता है, ताकि वे मुलायम हो जाएं. फिर अतिरिक्त पानी निचोड़कर उन्हें प्लेट में सजा दिया जाता है.

स्वाद बढ़ाने के लिए बड़े के ऊपर ताजा दही डाला जाता है. साथ में हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी, चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर और काला नमक छिड़का जाता है. अंत में बारीक कटा प्याज, धनिया पत्ती और सेव डालकर इसे आकर्षक रूप दिया जाता है.

होली के अवसर पर यह व्यंजन मेहमानों के स्वागत का अहम हिस्सा बन जाता है. रंगों के इस पर्व में दही बड़ा न केवल स्वाद बढ़ाता है, बल्कि आपसी प्रेम, अपनापन और परंपरा की मिठास भी घोल देता है. यही कारण है कि मुजफ्फरपुर में होली और दही बड़ा एक-दूसरे के पूरक माने जाते हैं.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क...और पढ़ें

Location :

Muzaffarpur,Bihar

First Published :

March 03, 2026, 17:13 IST

Read Full Article at Source