दादी के क्रोशे फूलों ने बदली किस्मत, सोशल मीडिया की मदद से युवती ने बनाया करोड़ों का ब्रांड

1 hour ago

होमताजा खबरदेश

क्रोशे फूलों ने बदली किस्मत, सोशल मीडिया की मदद से युवती ने बनाया बिग ब्रांड

Last Updated:March 05, 2026, 16:17 IST

20 वर्षीय वंशिका मित्तल ने मात्र 1,000 रुपये के छोटे से निवेश से अपने सफर की शुरुआत की और सिर्फ दो वर्षों में करीब 5.28 करोड़ रुपये का कारोबार खड़ा कर दिया. आज उनके ब्रांड को प्रतिदिन लगभग 700 ऑर्डर मिलते हैं और हजारों ग्राहक उनके उत्पाद खरीद रहे हैं.

दिल्ली: आज के दौर में जहां नए-नए स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योर तेजी से उभर रहे हैं, वहीं बाजार में प्रतिस्पर्धा भी काफी बढ़ गई है. इसके बावजूद सोशल मीडिया ने युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने और उसे तेजी से आगे बढ़ाने का बड़ा मंच दिया है. ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी 20 वर्षीय वंशिका मित्तल की है, जिन्होंने मात्र 1,000 रुपये के छोटे से निवेश से अपने सफर की शुरुआत की और सिर्फ दो वर्षों में करीब 5.28 करोड़ रुपये का कारोबार खड़ा कर दिया. आज उनके ब्रांड को प्रतिदिन लगभग 700 ऑर्डर मिलते हैं और हजारों ग्राहक उनके उत्पाद खरीद रहे हैं.

दादी से मिला प्रेरणा का स्रोत
वंशिका को इस व्यवसाय का विचार अपने घर से ही मिला. बचपन में वह अपनी दादी को क्रोशे से स्वेटर, टेबल मैट और सजावटी वस्तुएं बनाते देखती थीं. यही कला आगे चलकर उनके ब्रांड ‘Floreal’ की नींव बनी, जो आज क्रोशे से बने फूलों और गिफ्ट आइटम्स के लिए जाना जाता है. वंशिका का परिवार पहले से ही व्यापार से जुड़ा रहा है, इसलिए उनमें कुछ नया और अपना करने की सोच शुरू से थी. उनके माता-पिता ने भी उन्हें पूरा सहयोग और प्रोत्साहन दिया.

सोशल मीडिया से मिली पहचान
उनके उद्यम की शुरुआत एक छोटे से मौके से हुई. एक मित्र ने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए खास बुके बनाने का अनुरोध किया. वंशिका ने असली फूलों के बजाय क्रोशे से बुके तैयार किया. इसे बनाने में लगभग 1,000 रुपये खर्च हुए, जबकि वह 800 रुपये में ही बिक पाया. शुरुआती नुकसान के बावजूद यही प्रयास उनके ब्रांड की शुरुआत बना. मित्र द्वारा सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करने के बाद उन्हें कई ऑर्डर मिलने लगे. इसके बाद उन्होंने अपने उत्पाद इंस्टाग्राम पर साझा किए और पहले ही महीने में करीब 30,000 रुपये की कमाई कर ली.

दो वर्षों में करोड़ों का कारोबार
आज वंशिका 130 से अधिक प्रकार के उत्पाद तैयार कर रही हैं, जिनमें क्रोशे से बने गुलाब, सनफ्लॉवर, ट्यूलिप, मिक्स्ड बुके, गिफ्ट बॉक्स, बड़े गिफ्ट अरेंजमेंट और सजावटी आइटम शामिल हैं. एक छोटे कमरे से शुरू हुआ यह काम अब विस्तृत रूप ले चुका है. उनके साथ करीब 30 महिला कारीगर डिजाइन, उत्पादन, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स का कार्य संभाल रही हैं.

दो वर्षों में कुल 5.28 करोड़ रुपये का कारोबार
हर दिन औसतन 700 ऑर्डर मिलने के साथ सालाना यह संख्या लगभग 2.5 लाख तक पहुंच जाती है. अब तक कंपनी 4 से 5 लाख ऑर्डर पूरे कर चुकी है. पहले वर्ष में स्टार्टअप ने लगभग 1.28 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जबकि दूसरे वर्ष में यह बढ़कर 4 करोड़ रुपये हो गया. इस तरह दो वर्षों में कुल 5.28 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया. आज उनके उत्पाद आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध हैं, जिससे ग्राहकों तक तेजी से डिलीवरी संभव हो पा रही है.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क...और पढ़ें

First Published :

March 05, 2026, 16:17 IST

Read Full Article at Source