Last Updated:February 18, 2026, 09:04 IST
Delhi Rain: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, दिनभर हल्की बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. यह चेतावनी एनसीआर के गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों पर भी लागू है.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह का नजारा कई लोगों के लिए हैरान करने वाला है. यहां पिछले कई दिनों से बढ़ते तापमान के बीच बुधवार सुबह कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. यहां कर्तव्य पथ समेत कई इलाकों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और रिमझिम फुहारों से सड़कें गीली नजर आईं. इस दौरान तेज ठंडी हंवाओं ने एक बार फिर कंपकंपी बढ़ा दी है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, दिनभर हल्की बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. यह चेतावनी एनसीआर के गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों पर भी लागू है.
मौसम विभाग ने क्या बताया?
IMD के बुलेटिन के मुताबिक, पूरे दिन आसमान सामान्य तौर पर बादलों से घिरा रहेगा और रुक-रुककर हल्की बारिश हो सकती है. सुबह के समय 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जबकि दोपहर में एक और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.
यह बारिश ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिन पहले ही दिल्ली ने इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया था. सोमवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो सामान्य से करीब सात डिग्री ज्यादा था. यह इस मौसम में पहली बार था जब तापमान 30 डिग्री के पार गया. मौसम के आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में फरवरी में इतनी जल्दी तापमान 30 डिग्री से ऊपर नहीं पहुंचा था.
क्यों बदला मौसम का मिजाज़?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बारिश की वजह उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा एक नया पश्चिमी विक्षोभ है. इस वजह से आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इसके अलावा निकोबार, हरियाणा, राजस्थान में भी कहीं-कहीं बारिश, गरज के साथ बारिश, बिजली कड़कने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है. IMD ने आगे कहा कि 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी संभावना है.
क्या फिर आएगी ठंड?
हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिस्टम कमजोर है और इससे तापमान में लंबे समय तक या बड़ी गिरावट आने की संभावना नहीं है. बुधवार की बारिश से भले ही अस्थायी राहत मिले, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम फिर से सामान्य से अधिक गर्म बना रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिन और रात का तापमान सामान्य से 1.6-3.0 डिग्री सेल्सियस ज़्यादा रहने की उम्मीद है.
About the Author
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
February 18, 2026, 09:04 IST

1 hour ago
