Last Updated:February 19, 2026, 19:19 IST
अगरतला में अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन आयोजित हो रहा है. यहां नई दिल्ली के एआईआईए से चिकित्सकों की टीम निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण के लिए गई है. यह टीम अपने साथ नित्यसेवी आयुर किट लेकर गई है, आइए जानते हैं क्यों और क्या है इस किट में...

दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान से आयुष चिकित्सकों की टीम त्रिपुरा के अगरतला पहुंची है. यह टीम साथ में नित्यसेवी आयुर किट भी लेकर गई है. जहां चिकित्सकों की टीम देशभर से आए प्रतिभागियों और आगंतुकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करेगी. दरअसल अगरतला में गृह मंत्रालय के अंतर्गत राजभाषा विभाग पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और उत्तरी क्षेत्रों के लिए अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का आयोजन कर रहा है. जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे.
इस दौरान दिल्ली के एआईआईए के निदेशक प्रो. (वैद्य) प्रदीप कुमार प्रजापति के नेतृत्व में दिल्ली से आई वरिष्ठ आयुष चिकित्सकों की टीम तो जांच करेगी ही केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस ) और आयुष मंत्रालय के क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान केन्द्र, अगरतला मुफ्त दवा वितरण स्वास्थ्य परीक्षण में योगदान देंगे. खास बात है कि इस दौरान सभी लोगों को नित्यसेवी आयुर किट भी दी जाएगी. जिससे दैनिक स्वास्थ्य संरक्षण और आयुर्वेदिक जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके. इतना ही नहीं
यहां लोगों का प्रकृति परीक्षण और नाड़ी परीक्षण शिविर भी लगाया जाएगा. जिससे प्रतिभागियों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति और आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से शरीर-प्रकृति की जानकारी प्राप्त हो सके.
प्रो. प्रजापति ने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान का उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना ही नहीं, बल्कि जनसामान्य में स्वास्थ्य संरक्षण और आयुर्वेदिक जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना भी है.
क्या है इस नित्यसेवी आयुर किट में?
यह किट दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के द्वारा बनाई गई है जो अस्पताल में आने वाले मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए मुफ्त दी जाती है. इस किट में अश्वगंधा, शहद, हर्बल चाय, काढ़ा आदि चीजें हैं, जो रोजाना लेने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है.
क्या आयुर्वेद में है डायबिटीज का इलाज
सबसे खास बात है कि इस सम्मेलन में प्रो. (वैद्य) राजाराम महतो द्वारा लिखित और संपादित मधुमेह विषयक पुस्तक प्रमेह योग संग्रह का विमोचन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे. यह किताब आयुर्वेद के माध्यम से मधुमेह प्रबंधन के पारंपरिक और व्यावहारिक तरीकों पर आधारित है.
इस दौरान अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की ओर से डीन प्रो. (डा.) महेश व्यास, एमएस योगेश बड़वे, डा. रमाकांत आदि आयुर्वेद आधारित चिकित्सा सेवाएं देंगे. इस बारे में राजभाषा विभाग की सचिव अंशुली आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री की फिट इंडिया मूवमेंट पहल से प्रेरित होकर राजभाषा विभाग ने आयुष मंत्रालय के सहयोग से आयुष शिविर और योग सत्र का आयोजन किया है, जिससे आमजन को भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति, ज्ञान-विज्ञान, संस्कृति और इतिहास से जोड़ते हुए उनके स्वास्थ्य का संवर्धन किया जा सके.
About the Author
प्रिया गौतमSenior Correspondent
अमर उजाला एनसीआर में रिपोर्टिंग से करियर की शुरुआत करने वाली प्रिया गौतम ने हिंदुस्तान दिल्ली में संवाददाता का काम किया. इसके बाद Hindi.News18.com में वरिष्ठ संवाददाता के तौर पर काम कर रही हैं. हेल्थ एंड लाइफस्...और पढ़ें
Location :
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
First Published :
February 19, 2026, 19:19 IST

1 hour ago
