Last Updated:March 15, 2026, 10:32 IST
Airlines Cancels Flights To Dubai: वेस्ट एशिया में तनाव के कारण दुबई, अबू धाबी और दोहा की दर्जनों उड़ानें रद्द हुईं. इंडिगो, एयर इंडिया और कतर एयरवेज ने ऑपरेशन में कटौती की. यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है.

Airlines Cancels Flights To Dubai: वेस्ट एशिया में जारी तनाव और संघर्ष ने एक बार फिर भारतीय यात्रियों के हवाई सफर को बुरी तरह प्रभावित किया है. रविवार यानी 15 मार्च को दुबई, अबू धाबी और दोहा जाने वाली दर्जनों उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं. मध्य पूर्व के हवाई क्षेत्र में लगातार प्रतिबंध और सुरक्षा चिंताओं के कारण एयरलाइंस को ऑपरेशन में भारी कटौती करनी पड़ी है. इंडिगो ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालात के चलते दुबई में फ्लाइट ऑपरेशन पर अतिरिक्त पाबंदियां लगाई गई हैं. एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.
इंडिगो ने पहले भी कई बार ऐसी कटौती की है, लेकिन आज की घोषणा से दुबई रूट पर सेवाएं लगभग ठप हो गई हैं. एयर इंडिया ने यूएई एयरपोर्ट अथॉरिटी के निर्देशों के बाद दिल्ली-दुबई रूट पर अपनी 5 में से 4 फ्लाइट्स रद्द कर दीं. अब सिर्फ एक राउंड ट्रिप ही संचालित होगी. इसी तरह, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दुबई के लिए अपनी 6 में से 5 उड़ानें कैंसिल कीं, जबकि अबू धाबी के लिए सभी 5 फ्लाइट्स पूरी तरह बंद कर दी गई हैं. हालांकि, शारजाह से दिल्ली, मुंबई, कोच्चि, कोझिकोड, कन्नूर और तिरुवनंतपुरम की कुछ फ्लाइट्स अभी भी चल रही हैं, जो यात्रियों के लिए एक सीमित विकल्प बनी हुई हैं.
कतर एयरवेज की स्थिति और भी गंभीर
कतर एयरवेज की स्थिति और भी गंभीर है. कतर का एयरस्पेस बंद होने के कारण दोहा के लिए कोई भी उड़ान नहीं चल रही है. एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि कतर सिविल एविएशन अथॉरिटी से मंजूरी मिलते ही ऑपरेशन दोबारा शुरू किए जाएंगे. पिछले कुछ दिनों में कतर एयरवेज ने भी लिमिटेड शेड्यूल पर काम किया था, लेकिन आज की स्थिति में पूरी तरह निलंबन लागू है. यह संकट फरवरी अंत से चला आ रहा है, जब अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष तेज हुआ. इससे दुबई इंटरनेशनल (DXB), अबू धाबी (AUH) और हमाद इंटरनेशनल (DOH) जैसे प्रमुख हब एयरपोर्ट्स पर भारी असर पड़ा. हजारों फ्लाइट्स रद्द होने से वैश्विक एविएशन में बड़ा व्यवधान आया, और भारत जैसे देशों में जहां लाखों प्रवासी काम करते हैं, वहां यात्रा ठप हो गई.
मार्च की शुरुआत में 1,500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हुईं और अब 15 मार्च को फिर से यही हालात लौट आए हैं. यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे एयरलाइंस की वेबसाइट, ऐप या कस्टमर केयर से अपडेट लेते रहें. कई एयरलाइंस ने फ्री रीबुकिंग, रिफंड या वाउचर जैसे विकल्प दिए हैं. अगर आपकी दुबई, अबू धाबी या दोहा की फ्लाइट बुक है, तो तुरंत स्टेटस चेक करें और वैकल्पिक रूट्स, जैसे- शारजाह या अन्य गल्फ शहरों पर विचार करें.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स...और पढ़ें
First Published :
March 15, 2026, 10:32 IST

1 hour ago
