Last Updated:February 26, 2026, 20:59 IST
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो साल से फरार नरेंद्र उर्फ कृष्णा को जहांगीरपुरी में गिरफ्तार किया. उसके खिलाफ लूट, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के 10 मामले दर्ज हैं.

क्राइम न्यूज. करीब दो साल तक पुलिस और कानून से आंख-मिचौली खेल रहा एक शातिर लुटेरा आखिरकार दिल्ली पुलिस के जाल में फंस गया. खुद को बेहद चालाक समझने वाला यह आरोपी अचानक ऐसे ऑपरेशन में पकड़ा गया कि बचने का कोई मौका ही नहीं मिला. क्राइम ब्रांच की सटीक प्लानिंग ने उसे चूहे की तरह पिंजरे में कैद कर दिया.
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एनआर-2 यूनिट लंबे समय से फरार अपराधियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी. इसी दौरान 24 फरवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना चेतावनी की तरह मिली. जानकारी थी कि दो लूट मामलों में भगोड़ा घोषित और एक मामले में गैर जमानती वारंट झेल रहा नरेंद्र उर्फ कृष्णा जहांगीरपुरी इलाके में आने वाला है.
गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बिछाया जाल
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई. टीम ने बिना समय गंवाए तकनीकी निगरानी और ग्राउंड इंटेलिजेंस का इस्तेमाल शुरू किया. पुलिस ने जहांगीरपुरी के ई-ब्लॉक इलाके में बेहद रणनीतिक तरीके से जाल बिछाया. आरोपी को भनक तक नहीं लगी कि हर कदम पर उसकी निगरानी हो रही है.
जैसे ही नरेंद्र मौके पर पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया. अचानक हुई इस कार्रवाई से आरोपी संभल भी नहीं पाया और मौके पर ही दबोच लिया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पिछले दो साल से लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था और पुलिस को बार-बार चकमा दे रहा था.
लूट के मामले में दो सालों से चल रहा था वांछित
पूछताछ में सामने आया कि 29 वर्षीय नरेंद्र उर्फ कृष्णा दिल्ली के जहांगीरपुरी का रहने वाला है और नौवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद अपराध की दुनिया में उतर गया था. शुरुआती दौर में वह स्थानीय अपराधियों के संपर्क में आया और धीरे-धीरे लूट और झपटमारी की वारदातों में शामिल होता चला गया.
जांच में पता चला कि उसे भलस्वा डेयरी और जहांगीरपुरी थाने के लूट मामलों में वर्ष 2024 में भगोड़ा घोषित किया गया था. इसके अलावा मुखर्जी नगर थाने के एक मामले में उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी था. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ लूट, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट समेत कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
About the Author
Anoop Kumar MishraAssistant Editor
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to ...और पढ़ें
First Published :
February 26, 2026, 20:59 IST

1 hour ago
