Last Updated:March 07, 2026, 13:34 IST
Karnataka Crime News: कर्नाटक के तुमकुर जिले में एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. हद तो हो गई जब उसे हार्ट अटैक बताकर मामला छिपाने की कोशिश की. पति की मौत के महज 20 दिन बाद महिला ने उसी प्रेमी से शादी कर ली. परिवार को शक हुआ तो पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया. इसमें हत्या का खुलासा हो गया.

News18 कन्नड़
Karnataka Crime News: कर्नाटक से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घटना ने रिश्तों और भरोसे दोनों को झकझोर दिया है. एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पहले अपने ही पति की हत्या कर दी. इसके बाद पूरे मामले को हार्ट अटैक का रूप दे दिया. परिवार और आसपास के लोगों को बताया गया कि पति की अचानक तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई. अंतिम संस्कार भी कर दिया गया. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. कुछ ही दिनों बाद ऐसा खुलासा हुआ जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया.
पति की मौत के महज 20 दिन बाद महिला ने अपने कथित प्रेमी से शादी रचा ली. यहीं से शक की सुई परिवार की तरफ घूमने लगी. मृतक की बहनों को लगा कि मामला साधारण नहीं है. उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद जांच शुरू हुई. पुलिस ने अदालत की अनुमति से शव को कब्र से बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम कराया. रिपोर्ट में जो सामने आया उसने पूरे मामले को हत्या की साजिश में बदल दिया.
पोस्टमॉर्टम में खुला राज
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 50 वर्षीय परमेश के रूप में हुई है, जो कर्नाटक के तुमकुर जिले में दिहाड़ी मजदूरी करता था. 29 जनवरी की रात उसकी मौत हो गई थी. उसकी पत्नी पी. आशा ने परिवार को बताया कि परमेश को दिल का दौरा पड़ा था. परिवार ने उसी आधार पर अगले दिन अंतिम संस्कार कर दिया और शव को दफना दिया गया. उस समय किसी को भी शक नहीं हुआ कि इसके पीछे कोई साजिश हो सकती है. लेकिन जब 19 फरवरी को आशा ने 48 वर्षीय चंद्रप्पा नाम के व्यक्ति से शादी कर ली, तो मृतक के परिवार को शक हुआ. उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया. रिपोर्ट में सामने आया कि परमेश की मौत हार्ट अटैक से नहीं बल्कि दम घुटने से हुई थी. पूछताछ में पुलिस का दावा है कि आशा और उसके प्रेमी चंद्रप्पा ने तकिये से मुंह दबाकर परमेश की हत्या की थी और इसे हार्ट अटैक जैसा दिखाने की कोशिश की.पति की मौत पर शक कैसे पैदा हुआ?
परमेश की मौत के समय परिवार को बताया गया था कि उन्हें हार्ट अटैक आया था. इसलिए परिवार ने बिना ज्यादा सवाल किए अंतिम संस्कार कर दिया. लेकिन जब उनकी पत्नी आशा ने मात्र 20 दिनों के भीतर ही अपने कथित प्रेमी चंद्रप्पा से शादी कर ली, तो मृतक की बहनों को शक हुआ. उन्हें लगा कि मौत के पीछे कोई साजिश हो सकती है. इसी शक के आधार पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू हुई.
पुलिस ने मामले का खुलासा कैसे किया?
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कोर्ट से अनुमति लेकर परमेश के शव को कब्र से बाहर निकलवाया. तहसीलदार और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में शव को निकाला गया और उसका पोस्टमॉर्टम कराया गया. फोरेंसिक जांच में यह सामने आया कि मौत हार्ट अटैक से नहीं बल्कि दम घुटने से हुई थी. इसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्धों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की साजिश कबूल कर ली.
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
पुलिस के अनुसार आशा और उसका प्रेमी चंद्रप्पा पहले से ही एक-दूसरे के संपर्क में थे. दोनों ने मिलकर परमेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. आरोप है कि जिस रात घटना हुई, उस समय परमेश सो रहे थे और संभवतः उन्होंने शराब भी पी रखी थी. उसी दौरान दोनों ने तकिये से उनका मुंह दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद पूरे मामले को हार्ट अटैक का रूप देने की कोशिश की गई.
About the Author
सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 3 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह...और पढ़ें
First Published :
March 07, 2026, 13:34 IST

1 hour ago
