बेगूसराय में पुलिस ने खदेड़ा और मौत के आगोश में चला गया युवक! 'रहस्यमयी मौत' पर उठे संगीन सवाल

2 hours ago

Last Updated:February 25, 2026, 14:26 IST

Begusarai Police News : बिहार के बेगूसराय में एक युवक की मौत ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. गढ़पूरा थाना क्षेत्र के कुमारसो गांव में ललित कुमार नाम के युवक की मौत के बाद परिजन पुलिस पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस इसे पीछा करने के दौरान लगी चोट का मामला बता रही है. सच क्या है, अभी इसका सामने आना बाकी है.

बेगूसराय में पुलिस ने खदेड़ा और मौत युवक मौत की आगोश में चला गया! उठे सवालZoom

बेगूसराय में पुलिस एक्शन पर सवाल

बेगूसराय. बिहार पुलिस की कार्यशैली पर उठ सरे सवालों के बीच बेगूसराय पुलिस सवालों के घेरे में खड़ी होती दिख रही है. मामला पुलिस के खदेड़े जाने के बाद एक युवक की अचानक हुई मौत से जुड़ा हुआ है. आरोप लगाया जा रहा है कि पुलिस ने ही ललित कुमार नाम के युवक की हत्या की है. मामला गढ़पूरा थाना क्षेत्र के कुमारसो गांव का है. पुलिस बता रही है कि बीती शाम दो युवक बाइक से जा रहे थे. शराब तस्करी का संदेह होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया. इसी दौरान भागते वक्त ललित कुमार को चोट लगी. पुलिस उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं परिजनों का कहना है कि पुलिस ने साजिश के तहत हत्या की और अब मामले को दबाने के लिए शराब बरामदगी और चोट की कहानी गढ़ी जा रही है.

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, गढ़पूरा थाना क्षेत्र के कुमारसो गांव के ललित कुमार नामक युवक की मौत हो गई. बखरी के डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि बीते शाम दो युवक बाइक से जा रहे थे उसी क्रम में पुलिस को जब संदेह हुआ तो पुलिस के द्वारा बाइक का पीछा किया गया. इसी क्रम में दोनों युवक बाइक को छोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगे. लेकिन, पुलिस के द्वारा लगातार उनका पीछा किया जा रहा था. वहीं जब बाइक को चेक किया गया तो बाइक पर दो कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई. डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि भागने के क्रम में ललित कुमार को किन्हीं वजहों से चोट आई और पुलिस के द्वारा तत्परता दिखाते हुए उन्हें सदर अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया लेकिन सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने ललित कुमार को मृत घोषित कर दिया. दूसरी ओर परिजनों का कहना है कि पुलिस ने एक साजिश के तहत ललित कुमार की हत्या की है एवं मामले को दबाने के लिए युवक को शराब मामले में संलिप्त होने का आरोप लगाया जा रहा है.

शराब तस्करी का शक या पुलिसिया ज्यादती?

परिजनों का कहना है कि ललित कुमार पांच भाई-बहन में अकेला भाई था और मजदूरी कर गुजर बसर करता था. ललित कुमार का शराब के धंधे से कहीं कोई संलिप्तता आज तक सामने नहीं आई थी. पुलिस अपनी नाकामी एवं बर्बरता छुपाने के लिए हार्ट अटैक या चोट से मौत की बात बता रही है. वहीं उक्त मामले को लेकर लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है. इस मामले में बखरी के डीएसपी कुंदन कुमार ने कहा है कि पुलिस ने नियम के तहत कार्रवाई की और युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

बेगूसराय में युवक की रहस्यमय मौत पर सवाल

बहरहाल, घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. फिलहाल मेडिकल बोर्ड के समक्ष ललित कुमार का पोस्टमार्टम कराया गया है अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि पूरे मामले की सच्चाई क्या है? अगर चोट से मौत हुई तो सवाल पीछा करने की प्रक्रिया पर उठेंगे, और अगर कुछ और सामने आया तो मामला और गंभीर हो सकता है. फिलहाल ललित कुमार की मौत ने एक बार फिर बिहार पुलिस की कार्यशैली को बहस के केंद्र में ला दिया है. अब सबकी नजर रिपोर्ट पर टिकी है.

About the Author

Vijay jha

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट...और पढ़ें

Location :

Begusarai,Bihar

First Published :

February 25, 2026, 14:26 IST

Read Full Article at Source