Last Updated:February 27, 2026, 20:47 IST
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कांग्रेस और राहुल गांधी के हालिया प्रदर्शनों पर हमला बोला है. कंगना ने राहुल गांधी के संसदीय आचरण को मवाली और टपोरी बताया है. उन्होंने यहां तक कह दिया कि वह 'राजा बेटा' की तरह बर्ताव करते हैं. उन्होंने तंज कसा कि राहुल अब बापू का कांग्रेस को खत्म करने का सपना पूरा कर रहे हैं. कंगना ने राहुल को कम IQ वाला और विदेशी ताकतों की कठपुतली बताते हुए देश के लिए एक बड़ा खतरा बताया है.

नई दिल्ली: एक्ट्रेस कंगना रनौत ने नेटवर्क18 द्वारा आयोजित राइजिंग भारत समिट 2026 में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है. मंडी से बीजेपी सांसद और अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए मशहूर रनौत ने राहुल और कांग्रेस के हालिया विरोध प्रदर्शनों पर एक बड़ा और बेहद आक्रामक बयान दिया है. कंगना ने राहुल गांधी के संसद के अंदर के व्यवहार को सरेआम मवाली और टपोरी करार दिया है.
संसद परिसर में हुए विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर भड़कते हुए कंगना ने कहा, ‘यह बेहद शर्मसार कर देने वाली बात है, इसकी जितनी निंदा की जाए कम है. इस तरह से कपड़े उतारकर प्रदर्शन करना बिल्कुल अशोभनीय है. ऊपर से राहुल जी खुद को ‘बब्बर शेर’ बता रहे हैं. सच कहूं तो- वह अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं (He has lost his mind).’
राजा बेटा की कॉमेडी
कंगना ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जब भी राहुल संसद में होते हैं, वहां बस कॉमेडी ही हो रही होती है. संसद में उनका बर्ताव किसी मवाली और टपोरी जैसा है. वह बीजेपी नेताओं से ऐसे भिड़ते हैं जैसे सड़क पर कह रहे हों. बस वह कहते दिख रहे होते हैं कि ‘आजा-आजा, मेरे साथ लड़.’ राहुल को राजा बेटा बताते हुए कहा, ‘उन्हें बस अपनी पार्टी के लोगों से तालियां बजवाने की आदत है. स्पीकर (अध्यक्ष जी) बार-बार टोकते हैं कि मेरी तरफ देखकर बोलिए, लेकिन वह पीठ दिखाकर अपनी ही पार्टी के लोगों की तरफ देखकर बात करते हैं. यह संसद, संविधान और देश की जनता का घोर अपमान है.’
महात्मा गांधी का सपना पूरा कर रहे हैं राहुल
कंगना ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘महात्मा गांधी ने कहा था कि कांग्रेस को भंग (dissolve) कर देना चाहिए, लेकिन तब नेहरू जी ने उनकी बात नहीं मानी. अब राहुल गांधी जी बापू का वो सपना पूरा कर रहे हैं कि कांग्रेस को पूरी तरह से नष्ट कैसे करना है. मुझे लगता है कि खुद कांग्रेस भी उनकी इन करतूतों पर शर्मिंदा है. अगर पार्टी को बचना है, तो उन्हें एक बेहतर चेहरे (better face) की तलाश करनी ही होगी.’
मोदी जी से सीख रही हूं
राजनीति में अपने नए सफर पर बात करते हुए कंगना ने कहा कि वह अभी काम सीख रही हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘अगर सीखना ही है तो बेस्ट से सीखना चाहिए, इसलिए हम पीएम मोदी जी से सीख रहे हैं. और राहुल गांधी से हम यह सीख रहे हैं कि राजनीति में क्या ‘बिल्कुल नहीं’ करना है.’
लो-IQ वाले राहुल देश के लिए खतरा हैं
कंगना का जुबानी हमला यहीं नहीं रुका. उन्होंने राहुल गांधी को देश की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा ‘खतरा’ (Threat) बताया. उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी इस देश के लिए खतरा हैं क्योंकि वह बेवकूफ हैं. विदेश जाकर वह हमारे लोकतंत्र के बारे में गलत बोलते हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारी अर्थव्यवस्था को तबाह (sabotage) करने की कोशिश करते हैं. उनका IQ और ‘सेल्फ-एस्टीम’ इतना कम है कि विदेशी भारत-विरोधी शक्तियों ने उनके दिमाग को ‘कैप्चर’ कर लिया है और वह उनके हाथों की कठपुतली बन गए हैं.’
About the Author
दीप राज दीपक 2022 में न्यूज़18 से जुड़े. वर्तमान में होम पेज पर कार्यरत. राजनीति और समसामयिक मामलों, सामाजिक, विज्ञान, शोध और वायरल खबरों में रुचि. क्रिकेट और मनोरंजन जगत की खबरों में भी दिलचस्पी. बनारस हिंदू व...और पढ़ें
First Published :
February 27, 2026, 20:47 IST

1 hour ago
