मेकअप की ये गलतियां आपको बना देंगी समय से पहले बूढ़ा! आज से ही सुधार लें

2 hours ago

होमताजा खबरलाइफ़

मेकअप की ये गलतियां आपको बना देंगी समय से पहले बूढ़ा! आज से ही सुधार लें

Last Updated:February 25, 2026, 22:12 IST

मेकअप खूबसूरती बढ़ाने के लिए किया जाता है, लेकिन अगर इसे सही तरीके से न किया जाए तो यही मेकअप आपको समय से पहले बूढ़ा दिखा सकता है. कई बार हम ऐसी छोटी-छोटी गलतियां कर देते हैं, जिनसे चेहरे पर झुर्रियां ज्यादा उभरकर दिखती हैं, स्किन डल लगने लगती है और एजिंग के साइन साफ नजर आने लगते हैं.

मेकअप की ये गलतियां आपको बना देंगी समय से पहले बूढ़ा! आज से ही सुधार लेंZoom

आज की लाइफस्टाइल में स्किन का ध्यान रखना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है. भले ही हम ज्यादातर समय घर के अंदर रहते हों, फिर भी सूरज की यूवी किरणें, धूल और प्रदूषण त्वचा को प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे में अगर हम मेकअप भी करते हैं, तो स्किन को डबल केयर की जरूरत होती है. अक्सर लोग सोचते हैं कि मेकअप सिर्फ खूबसूरती बढ़ाता है, लेकिन अगर सही तरीके से स्किन केयर न किया जाए तो यही मेकअप त्वचा को नुकसान भी पहुंचा सकता है.

सबसे आम गलती है बिना स्किन तैयार किए सीधे मेकअप लगाना. कई लोग चेहरा धोए बिना या मॉइस्चराइजर लगाए बिना ही फाउंडेशन और प्राइमर लगा लेते हैं. इससे मेकअप के कण त्वचा के रोमछिद्रों में चले जाते हैं और पिंपल, ब्लैकहेड्स और रैशेज की समस्या शुरू हो सकती है. इसलिए मेकअप से पहले चेहरा अच्छी तरह साफ करें. उसके बाद अपनी स्किन टाइप के अनुसार अच्छा मॉइस्चराइजर लगाएं. हल्के हाथों से चेहरे को थपथपाएं ताकि मॉइस्चराइजर अच्छे से एब्जॉर्ब हो जाए. इसके बाद ही प्राइमर और फाउंडेशन लगाएं. यह छोटा सा स्टेप आपकी स्किन को लंबे समय तक हेल्दी रखेगा.

दूसरी बड़ी गलती है गंदे मेकअप ब्रश और स्पंज का इस्तेमाल करना. अक्सर लोग महीनों तक ब्रश साफ नहीं करते. गंदे ब्रश में बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं, जो चेहरे पर लगाने से खुजली, जलन और पिंपल का कारण बन सकते हैं. इसलिए हफ्ते में कम से कम एक बार अपने ब्रश और स्पंज को माइल्ड शैंपू या क्लीनर से धोएं और धूप में अच्छी तरह सुखाएं. साफ टूल्स का इस्तेमाल करना स्किन के लिए बहुत जरूरी है.

तीसरी गलती है रोजाना हैवी फाउंडेशन का इस्तेमाल करना. अगर आप हर दिन मोटी लेयर में फाउंडेशन लगाती हैं, तो इससे स्किन के रोमछिद्र बंद हो सकते हैं. लंबे समय तक ऐसा करने से त्वचा बेजान दिखने लगती है और झुर्रियां जल्दी आ सकती हैं. रोजमर्रा में हल्का मेकअप रखें. सनस्क्रीन और मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल जरूर करें, क्योंकि ये स्किन की बेसिक जरूरत हैं.

चौथी और सबसे खतरनाक आदत है मेकअप लगाकर सो जाना. कई बार थकान की वजह से लोग मेकअप हटाए बिना ही सो जाते हैं. इससे त्वचा रातभर सांस नहीं ले पाती और डलनेस, ड्रायनेस और ब्रेकआउट की समस्या बढ़ जाती है. सोने से पहले मेकअप रिमूवर से चेहरा साफ करें, फिर फेस वॉश करें और अंत में मॉइस्चराइजर लगाएं. यह नाइट रूटीन आपकी त्वचा को रिपेयर होने का मौका देता है. याद रखें, मेकअप तभी खूबसूरती बढ़ाता है जब स्किन हेल्दी हो. सही स्किन केयर आदतें अपनाकर आप अपने चेहरे को लंबे समय तक ग्लोइंग और फ्रेश रख सकती हैं.

About the Author

Vividha Singh

विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18...और पढ़ें

Location :

Delhi,Delhi,Delhi

First Published :

February 25, 2026, 22:11 IST

Read Full Article at Source