यूपी के सरकारी बाबू हो जाएं सावधान! अगर अब लॉगिन में बरती कोताही, तो सैलरी से हाथ धोना पड़ेगा

2 hours ago

Last Updated:February 26, 2026, 14:00 IST

Lucknow News: यूपी में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने प्रशासनिक व्यवस्थाएं और कार्यशीलता को मजबूत करने के लिए सख्त रूख अपनाए हैं और सभी कर्मचारियों को ई-ऑफिस पर ही लॉगिन करने का आदेश दिया है. उन्होंने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों (डीएम) को इसे अनिवार्य रूप से लागू कराने के निर्देश दिए.

यूपी के सरकारी बाबू अब लॉगिन में बरतेंगे कोताही, तो कट जाएगी सैलरी Zoom

यूपी ई-ऑफिस (सांकेतिक तस्वीर)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने कर्मचारियों की लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने सभी तहसीलों और ब्लॉकों में ई-ऑफिस प्रणाली को कड़ाई से लागू करने के आदेश दिए हैं. साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों (डीएम) को इसे अनिवार्य रूप से लागू कराने के निर्देश दिए.

दरअसल, कुछ कर्मचारी पूरे माह ई-ऑफिस से लॉगिन नहीं करते थे, जिससे कार्य प्रभावित होता था. कुछ कर्मचारी सरकार को गुमराह कर काम नहीं कर रहे थे. अब मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कर्मचारियों को नियमित रूप से ई-ऑफिस में लॉगिन करना अनिवार्य होगा. ऐसा न करने पर उनके वेतन पर रोक लगा दी जाएगी.

एक-एक स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने ई-ऑफिस की कार्यशीलता की समीक्षा कर तत्काल यह सुनिश्चित करने को कहा कि कार्यालयों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूर्ण हो. इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मंडलों में एक-एक स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की जाए. इसके लिए अयोध्या, बरेली, आगरा, मिर्जापुर, देवीपाटन, झांसी, बस्ती, मुरादाबाद, मेरठ और अलीगढ़ सहित 10 मंडलों में 50 एकड़ भूमि का चयन कर प्रस्ताव खेल विभाग को भेजा जाए.

मुख्य सचिव ने कहा कि इन कॉलेजों को अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से लैस ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित किया जाएगा और इन्हें स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी से संबद्ध किया जाएगा. भूमि का चयन मुख्यालय मंडल के अलावा अन्य क्षेत्र में भी किया जा सकता है, लेकिन वह मुख्य सड़क से जुड़ा होना चाहिए.

बालिका शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आदेश

उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि यूडायस और प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से 5 मार्च तक प्रदेश के सभी विद्यालयों में बालिका शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित कर पोर्टल पर इसकी जानकारी अपलोड की जाए.

इसके अलावा, मुख्य सचिव ने ‘पंचायत उत्सव भवन’ निर्माण के लिए बरेली जनपद की सराहना की और अन्य जिलों को भी शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए. बैठक में प्रमुख सचिव पंचायती राज अनिल कुमार और महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.

Location :

Lucknow,Uttar Pradesh

First Published :

February 26, 2026, 14:00 IST

Read Full Article at Source