सूरत की एक केमिकल कंपनी में लगी आग, 30 से अधिक हुए विस्फोट

1 hour ago

Last Updated:March 11, 2026, 16:49 IST

घटना की जानकारी मिलते ही सूरत फायर विभाग की 20 से अधिक गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं. फायर फाइटरों ने लगातार पानी की बौछार करके आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं.

सूरत की एक केमिकल कंपनी में लगी आग, 30 से अधिक हुए विस्फोटZoom

सूरत में एक बार फिर भीषण आग लगने की घटना सामने आई है. इस बार सूरत की एक नामी केमिकल कंपनी में आग लगी है. शहर के सचिन होजीवाला कंपाउंड में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल है. केमिकल कंपनी में आग लगने के कारण केमिकल ड्रमों में एक के बाद एक विस्फोट हो रहे हैं. अभी तक मिली जानकारी के अनुसार 30 से अधिक विस्फोट हो चुके हैं. घटना की सूचना मिलते ही सूरत फायर विभाग मौके पर पहुंच गया है. दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार शुरू कर दी है.

ये है पूरा मामला

घटना सचिन होजीवाला कंपाउंड की बताई जा रही है. यहां एक नामी केमिकल कंपनी में आज दोपहर अचानक भीषण आग भड़क उठी. केमिकल के कारण आग ने देखते ही देखते भयंकर रूप धारण कर लिया. इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. इस घटना के चलते आसपास की अन्य कंपनियों में काम करने वाले वर्कर में भी भारी दहशत फैल गई.

इस भयानक आग में कंपनी में रखे केमिकल ड्रमों में एक के बाद एक धड़ाधड़ विस्फोट होने लगे. मिली जानकारी के अनुसार, केमिकल रिएक्शन और गर्मी के कारण 30 से अधिक बड़े विस्फोट हुए. इनकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. आसमान में काले धुएं के गुबार उड़ते देखे गए. इससे दूर से ही इस हादसे की भयानकता का अंदाजा लगाया जा सकता था.

20 गाड़िया मौके पर मौजूद

घटना की जानकारी मिलते ही सूरत फायर विभाग की 20 से अधिक गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं. फायर फाइटरों ने लगातार पानी की बौछार करके आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं. अभी तक इस दुर्घटना में किसी जनहानि की खबर प्राप्त नहीं हुई है. इसमें बड़ी राहत की बात यही है. फिलहाल फायर विभाग द्वारा कूलिंग का काम जारी रखा गया है ताकि आग दोबारा न फैले.

First Published :

March 11, 2026, 16:49 IST

Read Full Article at Source