Last Updated:February 28, 2026, 08:44 IST
अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके में इस रैकेट का पर्दाफाश हुआ है. सोसयटी के ऑफिस में ही फर्जी कॉल सेंटर और गांजा कारोबार चल रहा था. आरोप है कि यहां से अमेरिकी नागरिकों को कर्ज दिलाने के नाम पर फोन कर ठगी की जा रही थी.

अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके में पुलिस ने एक चौंकाने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया है. सैटेलाइट पुलिस ने प्रेरणातीर्थ डेरासर के पास स्थित शुभदर्शन सोसाइटी में छापा मारकर एक अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया. आरोप है कि यहां से अमेरिकी नागरिकों को कर्ज दिलाने के नाम पर फोन कर ठगी की जा रही थी. पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक आदतन अपराधी भी शामिल है.
सोसाइटी के कॉमन ऑफिस में चल रहा था खेल
मुख्य आरोपी क्रुणाल उर्फ साहिल देसाई इसी सोसाइटी में रहता है. शक से बचने के लिए उसने सोसाइटी के कॉमन ऑफिस में ही फर्जी कॉल सेंटर शुरू कर रखा था. पुलिस ने क्रुणाल देसाई, दीप जादव, हर्षिल दावड़ा और क्रुणाल मिस्त्री को गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास से लैपटॉप बरामद किए गए, जिनमें अमेरिकी नागरिकों का डेटा और अंग्रेजी में लिखी कॉलिंग स्क्रिप्ट मिली है. जांच में सामने आया है कि आरोपी खासतौर पर कैलिफोर्निया के लोगों को निशाना बना रहे थे और ‘पे-डे प्रोसेस’ के जरिए रकम वसूलने की कोशिश करते थे.
1 करोड़ से अधिक का सामान जब्त
पुलिस ने कॉल सेंटर से करीब 1 करोड़ रुपये तक का कीमती सामान जब्त किया है. आरोपियों के पास से 1.95 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए हैं. पुलिस के मुताबिक, यह फर्जी कॉल सेंटर 18 तारीख से सक्रिय था. देर रात सोसाइटी के लोग सो जाने के बाद आरोपी ऑफिस में बैठकर ठगी का काम करते थे.
कॉल सेंटर के साथ चल रहा था गांजा कारोबार
जांच के दौरान एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ. आरोपियों के पास से 26.840 ग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 4.43 लाख रुपये बताई गई है. गांजा की डिलीवरी के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला वाहन भी जब्त किया गया है. कुल जब्ती की कीमत 12.19 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस को 28 हजार रुपये नकद भी मिले, जो कथित तौर पर गांजा बिक्री से जुड़े थे. पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पिछले डेढ़ साल से हाइब्रिड गांजा बेच रहे थे.
मुख्य आरोपी क्रुणाल उर्फ साहिल देसाई के खिलाफ अत्याचार और दंगा समेत करीब 12 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार वही इस कॉल सेंटर और गांजा गिरोह का सरगना है. सैटेलाइट पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के तार और किन-किन जगहों से जुड़े हैं. मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
About the Author
दीपिका शर्मा पिछले 5 सालों से News18 Hindi में काम कर रही हैं. News Editor के पद पर रहते हुए Entertainment सेक्शन को 4 सालों तक लीड करने के साथ अब Lifestyle, Astrology और Dharma की टीम को लीड कर रही हैं. पत्र...और पढ़ें
Location :
Ahmedabad,Ahmedabad,Gujarat
First Published :
February 28, 2026, 08:44 IST
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें


2 hours ago
