Last Updated:February 28, 2026, 14:10 IST
होली से पहले अवैध शराब कारोबारियों की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है. पुलिस ने जमीन के नीचे छिपाकर रखी शराब पकड़ ली है. छपरा में शराब का ड्रम खुदाई करने के बाद बरामद किया गया. शराब कारोबारियों की तलाश की जा रही है.

छपराः बिहार के छपरा से चौंकाने वाला वाक्या हुआ. यहां पुलिस को खबर मिली की स्कूल के पीछे, जमीन के नीचे अवैध मादक पदार्थ छिपाया गया है. जिसके बाद टीम ने मौके पर जाकर खुदाई शुरू कर दी. कुछ देर बाद जब मिट्टी हटाकर देखा, सबके होश उड़ गए. नीचे ड्रम दिखाई दिया, जिसमें कई लीटर शराब भरी हुई थी. पुलिस ने अवैध शराब बरामद कर ली है. साथ ही आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी जारी है.
सारण जिले के मढ़ौरा में मढ़ौरा हाई स्कूल के पीछे स्थित नट टोली इलाके में जमीन के नीचे दबाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध शराब को प्रशासन ने बरामद किया है. यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज के नेतृत्व में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान की गई. प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि होली पर्व को देखते हुए शराब माफिया बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण कर उसे जमीन के नीचे ड्रम में छुपाकर रख रहे हैं, ताकि त्योहार के दौरान इसकी सप्लाई की जा सके. सूचना मिलते ही एसडीओ के नेतृत्व में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध स्थान पर खुदाई शुरू कराई.
जमीन के नीचे मिले कई ड्रम
खुदाई के दौरान जैसे ही मिट्टी हटाई गई, जमीन के अंदर से एक के बाद एक शराब से भरे कई ड्रम बरामद हुए. मौके पर मौजूद लोगों ने इस कार्रवाई का वीडियो भी बनाया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया अवैध ‘खजाना’ बाहर निकाला जा रहा है. बरामद शराब की मात्रा काफी अधिक बताई जा रही है, जिसे होली में खपाने की तैयारी थी.
एसडीओ बोलीं- आरोपियों को नहीं बक्शा जाएगा
प्रशासन का कहना है कि यह एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जो त्योहारों के दौरान अवैध शराब की आपूर्ति कर मोटा मुनाफा कमाता है. फिलहाल बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और पूरे इलाके में छानबीन तेज कर दी गई है. पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और शराब कारोबारियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. एसडीओ निधि राज ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और त्योहार के मद्देनजर निगरानी और कड़ी कर दी गई है. प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
कहानी सुनने, गुनने और लिखने का शौकीन. शुद्ध कीबोर्ड पीटक. माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी भोपाल से शिक्षा-दीक्षा. द सूत्र, खबरिया न्यूज़, दैनिक नई दुनिया (अखबार) से सीखते हुए हाल मुकाम News18 है. 5 साल से पत्रकार...और पढ़ें
First Published :
February 28, 2026, 14:10 IST

1 hour ago
