होली को लेकर सीतामढ़ी में हाई अलर्ट, 24 घंटे कंट्रोल रूम और विशेष पेट्रोलिंग व्यवस्था

1 hour ago

होमताजा खबरदेश

होली को लेकर सीतामढ़ी में हाई अलर्ट,24 घंटे कंट्रोल रूम और पेट्रोलिंग व्यवस्था

Last Updated:March 01, 2026, 19:58 IST

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी अनुमंडलों में थानावार 17 वरीय पदाधिकारियों को सेक्टर पेट्रोलिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

सीतामढ़ी: होली एवं आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम नागरिक बिना किसी भय और बाधा के रंगों का त्योहार मना सकें. इसके लिए एक विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की गई है, जिसके तहत पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत और सतर्क रखा गया है. समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

317 दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती
जिलाधिकारी रिची पांडेय ने स्पष्ट रूप से कहा है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी अनुमंडलों में थानावार 17 वरीय पदाधिकारियों को सेक्टर पेट्रोलिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के तहत जिले में कुल 317 दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी पदाधिकारियों को समय पर अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने और कर्तव्यों के निर्वहन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने का सख्त निर्देश दिया गया है.

सोशल मीडिया और अश्लील गीतों पर विशेष निगरानी
प्रशासन ने संभावित हुड़दंगियों की पहचान करने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है. अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने अथवा जातिगत एवं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले संदेश प्रसारित करने वालों के खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. इसके अतिरिक्त, होली के दौरान बजाए जाने वाले अश्लील और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले भड़काऊ गीतों पर भी प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है. ऐसे मामलों में सीधे एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही, शराब माफियाओं के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाने और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं.

24×7 नियंत्रण कक्ष की स्थापना
आपातकालीन स्थितियों से त्वरित निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन शाखा में 24 घंटे सक्रिय रहने वाला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है. नागरिक किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति की सूचना दूरभाष संख्या 06226-250316 पर दे सकते हैं. जिला मुख्यालय के अतिरिक्त पुपरी एवं बेलसंड अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालयों में भी नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेंगे. जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना तुरंत प्रशासन को दें.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क...और पढ़ें

Location :

Sitamarhi,Bihar

First Published :

March 01, 2026, 19:58 IST

Read Full Article at Source