Last Updated:March 02, 2026, 17:29 IST
चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर होली के त्योहार के मद्देनजर आरपीएफ ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया. स्टेशन पर बढ़ती भीड़ और संभावित धोखाधड़ी को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी गई. महिलाओं की सुरक्षा और नशीले पदार्थों से ठगी रोकने पर विशेष ध्यान रखते हुए आरपीएफ और जीआरपी की टीमें लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं, ताकि हर यात्री सुरक्षित और सहज यात्रा कर सके.
चंदौली. होली त्योहार के मद्देनजर चंदौली जिले के पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. यह अभियान आरपीएफ डीडीयू की ओर से संचालित किया गया. दरअसल, अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के बीच यात्रियों को सतर्क करना और उन्हें धोखाधड़ी से बचाना था. आरपीएफ कर्मियों ने लाउड हेलर के माध्यम से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
अनजान व्यक्ति से न लें खाने-पीने का सामान
यात्रियों को स्पष्ट रूप से समझाया गया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने का सामान न लें. त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्व नशीला पदार्थ मिलाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं. इसलिए केवल अधिकृत वेंडरों से ही खाद्य सामग्री खरीदने की सलाह दी गई. वहीं, आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि होली के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होती है, ऐसे में सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है. यात्रियों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या हेल्पलाइन नंबर पर दें.
लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं RPF और GRP
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने लोकल 18 से बताया कि होली पर्व के मद्देनजर स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी की टीमें लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं. जैसे ही कोई ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचती है, सुरक्षाकर्मी मुस्तैदी से तैनात रहते हैं, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा न हो और सभी सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें.
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश
आगे प्रदीप कुमार रावत ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि हर यात्री सुरक्षित और सहज यात्रा करे और शांति से अपना त्योहार मना सके. इसके लिए 24 घंटे सुरक्षा बल तैनात हैं. खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश दिए गए हैं. आरपीएफ की टीम लगातार प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में गश्त कर रही है, ताकि किसी महिला यात्री को किसी प्रकार की परेशानी न हो. यदि किसी को कोई दिक्कत होती है, तो तत्काल सहायता पहुंचाई जा रही है.
नशीला पदार्थ मिलाकर करते हैं ठगी का प्रयास
उन्होंने नशाखुरानी गिरोह से सतर्क रहने की भी अपील की. त्योहार के समय ऐसे गिरोह सक्रिय हो जाते हैं और यात्रियों को खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर ठगी का प्रयास करते हैं. इसे रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. यात्रियों से अनुरोध है कि किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने का सामान न लें और अधिकृत वेंडरों से ही सामान खरीदें. सुरक्षा एजेंसियां समन्वय के साथ अभियान चला रही हैं, ताकि होली के दौरान यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे.
यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के लिए किया जागरूक
इस अभियान में उप निरीक्षक आर. एन. राम, उप निरीक्षक अर्चना मीणा, सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी आर.के. पांडे, अरविंद कुमार सिंह, अशोक यादव, बृजेश सिंह सहित अन्य आरपीएफ कर्मी शामिल रहे. सभी ने मिलकर यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया. रेलवे प्रशासन की यह पहल होली जैसे बड़े त्योहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
About the Author
पिछले 4 साल से मीडिया इंडस्ट्री में काम कर रही हूं और फिलहाल News18 में कार्यरत हूं. इससे पहले एक MNC में भी काम कर चुकी हूं. यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की बीट कवर करती हूं. खबरों के साथ-साथ मुझे...और पढ़ें
Location :
Chandauli,Uttar Pradesh
First Published :
March 02, 2026, 17:29 IST

2 hours ago
