CTET 2026: क्या सीटीईटी परीक्षा केंद्र पर फोन जमा करवा सकते हैं? जानिए 5 ऐसे ही जरूरी सवालों के जवाब

1 hour ago

नई दिल्ली (CTET 2026 Guidelines). सीटीईटी 2026 परीक्षा का आज दूसरा दिन है. सीटीईटी परीक्षा की तैयारी कितनी भी अच्छी क्यों न हो, परीक्षा केंद्र पर की गई एक छोटी सी भी गलती आपकी पूरी मेहनत पर पानी फेर सकती है. कई बार योग्य उम्मीदवार सीबीएसई सीटीईटी परीक्षा गाइडलाइंस नहीं मानने की वजह से केंद्र से बाहर हो जाते हैं. कल कई परीक्षा केंद्रों पर सीटीईटी पेपर देरी से मिलने पर हंगामा हुआ था. माना जा रहा है कि आज परीक्षा केंद्रों पर ज्यादा सख्ती होगी.

सीटीईटी परीक्षा केंद्र के गेट से लेकर एग्जाम हॉल में ओएमआर शीट भरने तक, हर कदम पर सावधानी जरूरी है. सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों और परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. आज की दोनों शिफ्ट में केवल ज्ञान की परीक्षा नहीं होगी, बल्कि धैर्य और अनुशासन का भी टेस्ट लिया जाएगा. अगर आप सीटीईटी ड्रेस कोड का उल्लंघन करते हैं या ओएमआर शीट में गलत जानकारी भरते हैं तो आपका रिजल्ट रोका जा सकता है.

CTET 2026: इन गलतियों से बचें वरना रद्द हो सकती है उम्मीदवारी

सीटीईटी का आयोजन सीबीएसई करता है. सीटीईटी परीक्षा शुरू होने से पहले ही इसके लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए थे. इनका पालन नहीं करने पर आपको परीक्षा देने से रोका जा सकता है या परीक्षा केंद्र से बाहर भी किया जा सकता है.

1. ड्रेस कोड से जुड़ी गलतियां

अक्सर अभ्यर्थी फैशन या अनजाने में ऐसे कपड़े पहन जाते हैं जो केंद्र पर विवाद का कारण बनते हैं.

मनाही: भारी कढ़ाई वाले कपड़े, बड़े बटन, ब्रोच और फुल स्लीव्स की शर्ट न पहनें. आभूषण: कान की बाली, अंगूठी, नाक की कील या गले का हार पहनकर न जाएं. कल कई केंद्रों पर इन्हें उतरवाया गया था, जिससे समय की बर्बादी होती है. जूते-चप्पल: जूतों के बजाय सैंडल या चप्पल पहनें. भारी सोल वाले जूतों की अनुमति नहीं है.

2. क्या लेकर जाएं और क्या नहीं

सीटीईटी परीक्षा केंद्र में एंट्री के लिए गेट पर सिर्फ ये 4 चीजें साथ रखें:

सीटीईटी एडमिट कार्ड: ctet.nic.in से लेटेस्ट डाउनलोड किया हुआ. पहचान पत्र: आधार कार्ड या कोई भी सरकारी फोटो आईडी (ओरिजिनल). पेन: काला या नीला पारदर्शी बॉल पेन. फोटो: दो पासपोर्ट साइज फोटो. क्या न ले जाएं: मोबाइल, डिजिटल घड़ी, वॉलेट, बेल्ट, कागज का टुकड़ा और पेंसिल बॉक्स.

3. ओएमआर शीट और आंसर राइटिंग की गलतियां

सबसे ज्यादा छात्र यहीं फेल होते हैं. ध्यान रखें कि ओएमआर शीट में सुधार का मौका नहीं मिलता.

गलत रोल नंबर: रोल नंबर भरते समय एक-एक गोला ध्यान से देखें. व्हाइटनर का इस्तेमाल मना है. भाषा का चयन: सीटीईटी पेपर-1 और पेपर-2 में आपने जो भाषा चुनी है, उसी का सेक्शन हल करें. गलत भाषा का सेक्शन हल करने पर अंक नहीं मिलेंगे. अधूरे गोले: गोले को पूरी तरह से काला करें. मशीन आधा भरा हुआ या टिक किया हुआ गोला चेक नहीं कर पाएगी.

CTET 2026 FAQs: सीटीईटी से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

क्या मैं परीक्षा केंद्र पर अपना मोबाइल फोन जमा कर सकता हूं?

सीबीएसई के नियमों के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर सामान रखने की कोई आधिकारिक व्यवस्था नहीं होती. मोबाइल, बैग या कीमती सामान की जिम्मेदारी अभ्यर्थी की खुद की होगी. बेहतर होगा कि आप केंद्र पर मोबाइल लेकर ही न जाएं.

क्या ओएमआर शीट पर गलती होने पर व्हाइटनर या ब्लेड का इस्तेमाल किया जा सकता है?

बिल्कुल नहीं. ओएमआर शीट पर व्हाइटनर, इरेजर या ब्लेड का इस्तेमाल पूरी तरह वर्जित है. ऐसा करने पर कंप्यूटर आपकी आंसर कॉपी रिजेक्ट कर जा सकती है, जिससे आप फेल हो सकते हैं.

अगर मेरे एडमिट कार्ड पर फोटो साफ नहीं है तो क्या मुझे एंट्री मिलेगी?

हां, लेकिन अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो और एक वैध मूल पहचान पत्र (जैसे आधार या पैन कार्ड) जरूर रखें. इससे केंद्र पर आपकी पहचान वेरिफाई की जा सकेगी.

क्या डिजिटल घड़ी पहनकर परीक्षा दी जा सकती है?

नहीं. किसी भी तरह की घड़ी (एनालॉग, डिजिटल या स्मार्टवॉच) परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं है. परीक्षा कक्ष में समय देखने के लिए दीवार घड़ी की व्यवस्था होती है.

क्या पेपर-1 और पेपर-2 के बीच में केंद्र से बाहर जाने की अनुमति है?

पहली शिफ्ट खत्म होने के बाद आप केंद्र से बाहर जा सकते हैं, लेकिन दूसरी शिफ्ट के लिए आपको दोबारा निर्धारित रिपोर्टिंग समय पर पहुंचना होगा और सुरक्षा जांच से गुजरना होगा.

Read Full Article at Source