Last Updated:February 11, 2026, 11:23 IST

Rahul Gandhi Live: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष द्वारा उन्हें पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस दिए जाने के बाद मंगलवार को फैसला किया कि वह इस मामले का निपटारा होने तक आसन पर नहीं बैठेंगे. लोकसभा सचिवालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नैतिकता के उच्च मापदंड के तहत यह फैसला किया है कि विपक्ष के द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के निपटारे तक वह अध्यक्षीय आसन पर नहीं बैठेंगे. बिरला ने लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह को निर्देश दिया है कि वह विपक्ष के नोटिस की जांच कर उचित कार्रवाई करें.
विपक्ष ने बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस मंगलवार को लोकसभा महासचिव को सौंपा और बिरला पर पक्षपातपूर्ण तरीके से सदन संचालित करने, कांग्रेस सदस्यों पर झूठे इल्जाम लगाने तथा अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया. हालांकि, लोकसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध खत्म होने का संकेत देते हुए सदन में मंगलवार दोपहर केंद्रीय बजट पर चर्चा शुरू हो गई. पिछले कुछ दिन से बजट पर चर्चा विपक्ष की इस मांग की वजह से शुरू नहीं हो पा रही थी कि इससे पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को कुछ मुद्दों पर बोलने दिया जाए.
दो बार के स्थगन के बाद जब बैठक मंगलवार दो बजे शुरू हुई तो पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने कांग्रेस सदस्य शशि थरूर का नाम बजट पर चर्चा की शुरुआत के लिए पुकारा. इसके बाद केरल के तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य थरूर ने बजट पर अपना भाषण दिया. इससे पहले विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस मंगलवार को लोकसभा महासचिव को सौंपा. विपक्षी दलों द्वारा लोकसभा महासचिव को यह नोटिस दिए जाने के बाद चर्चा सामान्य तरीके से शुरू हो गई.
लोकसभा में दो फरवरी से गतिरोध की स्थिति बनी हुई थी. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़ा विषय उठाने की अनुमति नहीं मिलने, सदन की अवमानना के मामले में आठ विपक्षी सांसदों को निलंबित किए जाने तथा अन्य मुद्दों को लेकर सदन में कामकाज नहीं हो पा रहा था. विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन के कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार फरवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर सदन में चर्चा का जवाब नहीं दे सके. एक अभूतपूर्व कदम के तहत पांच फरवरी को प्रधानमंत्री के परंपरागत भाषण के बिना ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया गया.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स...और पढ़ें
First Published :
February 11, 2026, 11:23 IST

2 hours ago
