झारखंड में येलो अलर्ट जारी, 21 तक चलेगी हीट वेव, स्कूलों का टाइम टेबल भी बदला

1 week ago
झारखंड के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री के पार चला गया है.झारखंड के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री के पार चला गया है.

रांची. राज्य में बढ़ते तापमान हर दिन बढ़ते जा रहा है. कई जिलों में तापमान 43 डिग्री के पार चला गया है. कई जिलों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया है. रांची मौसम विभाग का कहना है आने वाले दिनों में राज्य का तापमान और बढ़ेगा. कई जिलों में दो से तीन डिग्री तापमान बढ़ने का अनुमान है. वहीं मौसम विभाग ने 19 अप्रैल से 21 अप्रैल तक कोल्हान प्रमंडल में लू चलने का अनुमान व्यक्त किया है. इस दौरान विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. वही राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 40 डिग्री पहुंचने वाला है. साथ ही झारखंड में हीट वेव का अलर्ट भी मौसम विभाग की ओर से जारी कर दिया गया है.

मौसम विज्ञान विभाग के रांची स्थित मौसम केंद्र के प्रमुख और मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद का कहना है कि झारखंड में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी लोगों को झेलनी होगी. खासकर कोल्हान प्रमंडल और संताल परगना प्रमंडल में. इन दोनों प्रमंडलों में कुछ जगहों पर लू की स्थिति देखी जाएगी. मौसम केंद्र के अनुसार संथाल परगना में भी 20 से 21 तक हीट वेव चलेगी. पिछले 24 घंटे की बात करें, तो सबसे अधिक तापमान सरायकेला में दर्ज किया गया है. सरायकेला में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस बोकारो थर्मल में दर्ज किया गया. राजधानी रांची में अधिकतम 36.8 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

40 डिग्री तक पहुंचेगा रांची का तापमान

मौसम विभाग के अभिषेक आनंद का कहना है कि रांची का अधिकतम तापमान 19 अप्रैल को 38 डिग्री, 20 अप्रैल को 39 डिग्री और 21 अप्रैल को 40 डिग्री हो जाने का अनुमान है. इस दौरान यहां का न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने का अनुमान है.

इन इलाकों में बारिश का भी अनुमान

वहीं बढ़ते गर्मी से हर कोई परेशान है और लोग इंद्र भगवान को याद कर बारीश के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. रांची स्थित मौसम केंद्र ने झारखंड के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि 22 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी हिस्से यानि पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिले में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है.

कई स्कूलों का चेंज हुआ टाइम

बढ़ते तापमान को देखते हुए स्कूलों ने समय सारिणी में बदलाव शुरू कर दिया गया है. कई स्कूलों ने सुबह स्कूल पहुंचने और दोपहर छुट्टी के समय में बदलाव किया है. वहीं, कई स्कूल अगले सप्ताह से टाइमिंग में जल्द ही बदलाव करेंगे. डीएवी आलोक, डीएवी पब्लिक स्कूल, डीएवी बरियातू, जेवीएम श्यामली, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रॉयल्स बड पब्लिक स्कूल और कैराली स्कूल ने पहले ही सुबह के शेड्यूल में बदलाव कर दिया है. डीएवी बरियातू में सुबह 8 बजे से कक्षाओं का संचालन होता था. अब 7.30 कर दिया गया है. डीएवी आलोक में 8.10 की बजाए सुबह 7 बजे से कक्षाएं चल रही हैं. इसी तरह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में 7.40 की बजाय 7 बजे से, जेवीएम श्यामली में 8 बजे की बजाय 7 बजे से और ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में 8 की जगह अब सुबह 6 बजे से कक्षाओं का संचालन हो रहा है.

.

Tags: Heat Wave, Jharkhand weather News, Ranchi news

FIRST PUBLISHED :

April 18, 2024, 20:15 IST

Read Full Article at Source