'तेल और कृषि दोनों में सरेंडर, भारत के फैसले अब अमेरिका से हो रहे हैं' AAP सांसद संजय सिंह का आरोप

1 hour ago

Last Updated:February 03, 2026, 17:43 IST

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर अमेरिका के सामने घुटने टेकने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अमेरिका से महंगे तेल और टैक्स फ्री कृषि उत्पादों का सौदा कर देश के किसानों और आम जनता के साथ विश्वासघात किया है. सिंह के अनुसार, यह फैसला देश में महंगाई को चरम पर ले जाएगा और भारतीय किसानों की बर्बादी का कारण बनेगा.

 संजय सिंह, AAPअमेरिका से ट्रेड डील पर संजय सिंह का बड़ा आरोप- 'देश को महंगाई की आग में झोंका!' (File Photo)

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच हुए नए व्यापारिक समझौते को देश के लिए ‘काला दिन’ करार दिया. संजय सिंह का दावा है कि केंद्र सरकार ने देश की जनता को अंधेरे में रखकर अमेरिका के आगे आत्मसमर्पण कर दिया है. उन्होंने हैरानी जताई कि इस बड़े फैसले की जानकारी भारत सरकार के बजाय अमेरिकी राष्ट्रपति के ट्वीट से मिली, जो भारत के स्वाभिमान पर गहरी चोट है.

क्या महंगे तेल से बढ़ेगी देश में महंगाई?

संजय सिंह ने तेल नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत अब रूस से सस्ता तेल खरीदना बंद कर देगा. इसके बजाय सरकार ने अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदने का फैसला किया है. उन्होंने तर्क दिया कि वेनेजुएला का तेल घटिया क्वालिटी का होता है जिसे रिफाइन करना काफी महंगा पड़ता है. वहीं, अमेरिका का तेल रूस की तुलना में बहुत अधिक महंगा है. इसका सीधा बोझ आम आदमी की जेब पर पड़ेगा और पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से हर जरूरी चीज महंगी हो जाएगी.

अमेरिकी कृषि उत्पादों से क्या किसान बर्बाद होंगे?

सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने अमेरिका से आने वाले कृषि उत्पादों पर ‘जीरो ड्यूटी’ यानी शून्य शुल्क लगाने का फैसला किया है. इसका मतलब है कि अमेरिका का गेहूं, कपास और सब्जियां भारतीय बाजारों में बिना किसी टैक्स के बिकेंगी. सिंह के अनुसार, जब विदेशी फसलें सस्ती होंगी, तो भारतीय किसानों की उपज को कोई खरीदार नहीं मिलेगा. उन्होंने इसे ‘तीन काले कृषि कानूनों’ से भी ज्यादा खतरनाक साजिश बताया है, जो सीधे तौर पर देश के 80 करोड़ किसानों की रोजी-रोटी पर हमला है.

नरेंद्र सरेंडर कर चुके हैं। अपने एक दोस्त अडानी को बचाने के लिए उन्होंने देश के करोड़ों लोगों के हित अमेरिका के हाथों बेच दिए हैं। अमेरिका से आने वाले कृषि और डेयरी उत्पादों के लिए भारत का बाज़ार खोल दिया गया है और उन पर टैक्स 0% कर दिया गया है, जबकि भारतीय उत्पादों पर 18% टैक्स… pic.twitter.com/nJ7zrJYfTJ

क्या किसी दबाव में लिया गया यह बड़ा फैसला?

संजय सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी पर सवाल उठाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने जिक्र किया कि हाल ही में ‘एप्स्टीन फाइल’ में प्रधानमंत्री का नाम आने और अडानी को अमेरिका से समन मिलने की खबरें आई हैं. उन्होंने पूछा कि क्या इन्हीं घोटालों के दबाव में आकर देश के कृषि बाजार को अमेरिका के लिए खोल दिया गया है? सिंह ने कहा कि यह समझौता केवल अमेरिकी कॉरपोरेट्स के फायदे के लिए है, जबकि भारत का स्वाभिमान अमेरिका के हाथों गिरवी रख दिया गया है.

संसद से सड़क तक आंदोलन की चेतावनी

आम आदमी पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह इस ट्रेड डील का पुरजोर विरोध करेगी. संजय सिंह ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने किसानों और जनता के हितों के खिलाफ लिए गए इन फैसलों को तुरंत वापस नहीं लिया, तो देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा. उन्होंने ‘गोदी मीडिया’ पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि जो मीडिया कल तक भारत की ताकत के ढोल पीट रहा था, वह अब इस गुलामी भरे फैसले को भी मास्टरस्ट्रोक बताएगा. लेकिन देश का किसान अब चुप नहीं बैठेगा.

About the Author

Deepak Verma

दीपक वर्मा (Deepak Verma) एक पत्रकार हैं जो मुख्‍य रूप से विज्ञान, राजनीति, भारत के आंतरिक घटनाक्रमों और समसामयिक विषयों से जुडी विस्तृत रिपोर्ट्स लिखते हैं. वह News18 हिंदी के डिजिटल न्यूजरूम में डिप्टी न्यूज़...और पढ़ें

Location :

New Delhi,Delhi

First Published :

February 03, 2026, 17:43 IST

homenation

तेल और कृषि दोनों में सरेंडर, भारत के फैसले अब US से हो रहे: संजय सिंह, AAP

Read Full Article at Source