Sunita Williams: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने माना है कि बोइंग स्टारलाइनर (Boeing Starliner) के क्रू फ्लाइट टेस्ट (CFT) मिशन के दौरान हालात बहुत गंभीर थे. एजेंसी ने इस घटना को अब टाइप A दुर्घटना की श्रेणी में रखा है, जो सबसे खतरनाक मानी जाती है. बता दें कि ये वही श्रेणी है, जो स्पेस शटल चैलेंजर (Space Shuttle Challenger) और स्पेस शटल कोलंबिया (Space Shuttle Columbia) मिशन के हादसों के समय में था. नासा के एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर अधिकारी अमित क्षत्रिय ने कहा कि एजेंसी एक बड़े हादसे से बच गई.
10 दिन का मिशन, 9 महीने का इंतजार
बता दें, अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर 5 जून 2024 को बोइंग के बोइंग स्टारलाइनर (Boeing Starliner) में सवार होकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए रवाना हुए थे. मिशन की अवधि 10 दिन निर्धारित थी, लेकिन उड़ान के दौरान कई थ्रस्टर फेल होने से स्थिति जटिल हो गई थी. जिसके कारण नासा इस घटना को टाइप A श्रेणी में रखा है.
डॉकिंग और वापसी में भी जोखिम
नासा के जेरेड आइजैकमैन ने बताया कि उड़ान नियमों को उचित रूप से चुनौती दी गई, नियंत्रण फिर से हासिल किया गया और ISS से डॉकिंग अंततः सफल रही. लेकिन उन्होंने यह भी माना कि यदि अलग निर्णय लिए गए होते, यदि थ्रस्टर्स को पुनः प्राप्त न किया गया होता या डॉकिंग असफल रही होती तो परिणाम बहुत अलग हो सकता था.
ये भी पढ़ें: अब खुलेगी UFO और ‘एलियन’ की सच्चाई, ट्रंप ने पेंटागन को दिया रिकॉर्ड जारी करने का आदेश
उन्होंने बताया कि जब दोनों अंतरिक्ष यात्री ISS पर थे तब नासा की टीम ने थ्रस्टर समस्याओं को दूर करने की कोशिश की थी लेकिन समाधान नहीं मिल सका था. जिसके बाद 6 सितंबर को नासा ने स्टारलाइनर को बिना चालक दल के पृथ्वी पर लौटाने का निर्णय दिया. वापसी भी पूरी तरह सुचारू नहीं रही. ISS से अलग होते समय मॉड्यूल प्रणोदन में परेशानियां देखी गई और पुनः प्रवेश के दौरान थ्रस्टर्स में फॉल्ट टॉलरेंस की कमी सामने आई.
‘टाइप A’ क्यों नहीं माना गया पहले?
सवाल उठ रहा है कि यदि जोखिम इतना गंभीर था तो शुरुआत में इसे टाइप A क्यों नहीं माना गया. अधिकारियों के अनुसार, नासा ने माना कि शुरुआत में जोखिम का आकलन सही तरीके से नहीं किया गया. बोइंग के कार्यक्रम की छवि और प्रमाणन को लेकर चिंता ने फैसलों को प्रभावित किया. अब नासा और बोइंग मिलकर थ्रस्टर खराबी की असली वजह तलाश रहे हैं.

2 hours ago
