भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत तेज हो गई है. दोनों देश अभी अंतिम समझौते पर पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं. इस बीच टैरिफ, जांच और नए नियमों को लेकर कई अहम बातें सामने आई हैं जिनका असर आगे व्यापार पर दिख सकता है.
ट्रंप बोले- भारत से रिश्ते शानदार
अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने साफ कहा कि भारत के साथ अमेरिका के संबंध काफी अच्छे हैं. उन्होंने बताया कि ट्रेड डील सही रास्ते पर है और जल्द ही इसे अंतिम रूप दिया जा सकता है. वहीं भारत के प्रधानमंत्री के साथ उनके रिश्तों को भी उन्होंने ‘फैंटास्टिक’ बताया.
18% टैरिफ अभी रहेगा लागू
ट्रंप ने कहा कि अंतरिम समझौते के तहत भारत पर 18% टैरिफ फिलहाल जारी रहेगा. इस डील के तहत भारत ने कई सामानों पर टैक्स कम करने की बात मानी है. इसके बदले अमेरिका ने भी अपने टैरिफ घटाकर 18% करने का फैसला किया है. हालांकि कुछ सेक्टर जैसे लोहा, स्टील, कॉपर, एल्युमिनियम और ऑटो पार्ट्स पर 50% तक टैरिफ अभी भी लागू रहेगा.
समझौता अभी साइन नहीं हुआ बातचीत जारी
सरकार के अधिकारियों का कहना है कि अभी यह समझौता साइन नहीं हुआ है इसलिए बातचीत की गुंजाइश बनी हुई है. भारत इस समय अमेरिका के फैसलों पर नजर बनाए हुए है खासकर टैरिफ को लेकर कोर्ट के फैसले के बाद स्थिति को ध्यान से देखा जा रहा है.
बता दें, भारत की तरफ से Chief Negotiator दर्पण जैन की टीम अमेरिका जा रही है, जहां समझौते के कानूनी दस्तावेज को अंतिम रूप दिया जाएगा. वहीं अमेरिकी ट्रेड प्रतिनिधि Jamieson Greer अगले महीने भारत आ सकते हैं जहां इस अंतरिम समझौते पर हस्ताक्षर होने के कयास लगाए जा रहे हैं. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पहले कहा था कि यह समझौता अप्रैल से लागू हो सकता है.
दूसरे देशों के साथ भी डील कर रहा अमेरिका
अमेरिका ने कई अन्य देशों के साथ भी व्यापार समझौते किए हैं. हाल ही में इंडोनेशिया ने भी अमेरिका के साथ डील साइन की है जिसमें 19% टैरिफ तय हुआ है. इसके अलावा मलेशिया, अर्जेंटीना, कंबोडिया, ग्वाटेमाला, अल सल्वाडोर, बांग्लादेश और ताइवान जैसे देश भी ऐसे समझौतों का हिस्सा बन चुके हैं. बताते चलें कुछ अमेरिकी विशेषज्ञों का मानना है कि इन समझौतों की वैधता पर आगे सवाल उठ सकते हैं, क्योंकि इसमें संसद की भूमिका आ सकती है.
ट्रंप का नया प्लान और टैरिफ रणनीति
ट्रंप ने टैरिफ को लेकर नया रास्ता अपनाया है. उन्होंने Trade Act 1974 के सेक्शन 122 के तहत सभी देशों पर 10% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का फैसला किया है. इसके साथ ही सेक्शन 301 के तहत उन देशों की जांच भी शुरू की जाएगी जिन पर गलत व्यापार करने का शक है. ट्रंप ने संकेत दिया है कि इन जांचों में करीब 5 महीने लग सकते हैं और उसके बाद और ज्यादा टैरिफ लगाए जा सकते हैं.
भारत के लिए अमेरिका सबसे बड़ा बाजार
अमेरिका भारत के लिए सबसे बड़ा एक्सपोर्ट मार्केट है. भारत के कुल निर्यात का लगभग पांचवां हिस्सा अमेरिका जाता है. इसलिए यह ट्रेड डील भारत के लिए काफी अहम मानी जा रही है और सरकार इस पूरे मामले को बहुत सावधानी से देख रही है.
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट के झटके के बाद ट्रंप का काउंटर-अटैक! पूरी दुनिया पर 10% ग्लोबल टैरिफ, क्या ये ट्रेड वॉर 2.0 का ट्रेलर?

1 hour ago
