मणिपुर में फिर हिंसा, उख्रुल में अंधाधुंध फायरिंग, 30 से ज्यादा घर राख

2 hours ago

Last Updated:February 10, 2026, 13:23 IST

Manipur Violence Latest Update: मणिपुर के उख्रुल जिले के लिटन गांव में ताजा हिंसा भड़क गई है. अंधाधुंध फायरिंग और आगजनी की घटनाओं में 30 से ज्यादा घर जल गए. हालात बिगड़ने के बाद लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं. इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. हालात को देखते हुए 5 दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं सस्पेंड कर दी हैं.

मणिपुर में फिर हिंसा, उख्रुल में अंधाधुंध फायरिंग, 30 से ज्यादा घर राखZoom

मणिपुर के उख्रुल जिले के लिटन गांव में ताजा हिंसा भड़क गई. (फोटो PTI)

रिपोर्ट-निलॉय भट्टाचार्य
Manipur Violence:
मणिपुर एक बार फिर हिंसा की आग में झुलसता दिखाई दे रहा है. उख्रुल जिले के लिटन गांव में मंगलवार तड़के गोलियों की तड़तड़ाहट से सन्नाटा टूट गया. लोग नींद से जागे तो चारों तरफ डर और अफरातफरी का माहौल था. कई घंटों तक लगातार फायरिंग की आवाजें सुनाई देती रहीं. ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकलने की हिम्मत तक नहीं जुटा पा रहे थे. देखते ही देखते कई घरों में आग लगा दी गई. धुएं के गुबार आसमान में उठने लगे. पूरा इलाका युद्ध क्षेत्र जैसा नजर आने लगा. लोग अपने परिवार और जरूरी सामान लेकर सुरक्षित जगहों की तरफ भागने लगे. हालात ने एक बार फिर मणिपुर की नाजुक स्थिति को उजागर कर दिया है. हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने जिले में 5 दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं सस्पेंड कर दी हैं.

लिटन गांव में हुई यह घटना राज्य में जारी जातीय तनाव को और गहरा करने वाली साबित हो रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम तक करीब 21 घर जलाए जाने की खबर थी. लेकिन रात और सुबह के दौरान हुई नई हिंसा के बाद यह संख्या बढ़कर 30 से ज्यादा पहुंच गई. हालांकि प्रशासन ने अभी तक आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की है. इस घटना ने स्थानीय लोगों के मन में भय पैदा कर दिया है. कई परिवार बेघर हो गए हैं. महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं. लोगों का कहना है कि लगातार हो रही हिंसा के कारण सामान्य जीवन पूरी तरह ठप हो चुका है.

गांव में हालात बिगड़ते देख सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है. सेना और पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है. इसके बावजूद बीच-बीच में फायरिंग की खबरें सामने आ रही हैं. प्रशासन का कहना है कि स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है. स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम भी जारी है. हालांकि लोगों में अभी भी डर का माहौल बना हुआ है. इस बीच मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सोमवार को शांति बनाए रखने की अपील की थी. उन्होंने दोनों समुदायों के लोगों से संयम बरतने को कहा. हालात को देखते हुए एक आपात बैठक भी बुलाई गई थी. इस बैठक में डिप्टी सीएम लोसी डिखो, विधायक राम मुइवाह और किमनेओ हाओकिप समेत कई अधिकारी मौजूद थे. बैठक में हिंसा रोकने और समाधान निकालने पर चर्चा हुई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका. प्रशासन का कहना है कि फिलहाल किसी के घायल या मारे जाने की खबर नहीं है, जो राहत की बात है.

इलाके में बढ़ता तनाव और प्रशासन की चुनौती

लिटन गांव की घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि मणिपुर में जातीय तनाव अभी खत्म नहीं हुआ है. सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद हिंसा की घटनाएं रुक नहीं रही हैं. प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती दोनों समुदायों के बीच भरोसा बहाल करना और लोगों को सुरक्षित महसूस कराना है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो हालात और गंभीर हो सकते हैं.

लिटन गांव में हिंसा कैसे शुरू हुई?

इस घटना की शुरुआत अचानक हुई फायरिंग से बताई जा रही है. मंगलवार सुबह कई राउंड गोलियां चलने की आवाजें सुनी गईं. इसके बाद अराजक तत्वों ने कई घरों में आग लगा दी. हालांकि हिंसा के पीछे की सटीक वजह अभी जांच का विषय है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

कितने घरों को नुकसान पहुंचा है?

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार सोमवार शाम तक 21 घर जलाए जाने की पुष्टि हुई थी. लेकिन रात और सुबह हुई नई घटनाओं के बाद यह संख्या बढ़कर 30 से ज्यादा हो गई है. अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है और आधिकारिक आंकड़े जल्द जारी किए जाएंगे.

सरकार और प्रशासन क्या कदम उठा रहे हैं?

सरकार ने इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किए हैं. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने दोनों समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की है. प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और हिंसा रोकने के लिए बातचीत और अन्य उपायों पर काम कर रहा है.

First Published :

February 10, 2026, 12:41 IST

homenation

मणिपुर में फिर हिंसा, उख्रुल में अंधाधुंध फायरिंग, 30 से ज्यादा घर राख

Read Full Article at Source