वर्ल्ड अपडेट्स:थाईलैंड की राजमाता सिरिकिट का निधन, 93 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

3 hours ago

थाईलैंड की राजमाता सिरिकिट का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 93 वर्ष की थीं। रॉयल हाउसहोल्ड ब्यूरो के मुताबिक सिरिकिट ने बैंकॉक के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।

17 अक्टूबर से उन्हें ब्लड इंफेक्शन की समस्या थी और इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। पिछले कुछ सालों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और वे सार्वजनिक जीवन से दूर थीं। उनके पति राजा भूमिबोल अदुल्यादेज का निधन अक्टूबर 2016 में हुआ था।

उन्होंने ग्रामीण गरीबों की मदद, पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के लिए कई परियोजनाओं की शुरुआत की थी।

88वें जन्मदिन पर उनके बेटे, राजा महा वजिरालोंगकोर्न और अन्य शाही सदस्य उन्हें अस्पताल में देखने पहुंचे थे। उनका जन्मदिन 12 अगस्त देशभर में मदर्स डे के रूप में मनाया जाता है।

सिरिकिट कितियाकारा का जन्म 12 अगस्त 1932 को बैंकॉक के एक समृद्ध कुलीन परिवार में हुआ था। उनके माता-पिता दोनों का संबंध थाईलैंड के वर्तमान चक्री वंश के पूर्व राजाओं से था।

द्वितीय विश्व युद्ध के बाद वे अपने पिता के साथ फ्रांस चली गईं, जहां उनके पिता राजदूत थे। वहीं उन्होंने 16 साल की उम्र में राजा भूमिबोल से मुलाकात की।

राजा के एक सड़क हादसे में घायल होने के बाद वे उनकी देखभाल के लिए स्विट्जरलैंड चली गईं। वहीं दोनों के बीच प्यार पनपा। 1950 में दोनों ने शादी कर ली थी।

उन्होंने 1976 में SUPPORT फाउंडेशन की स्थापना की, जो गरीब परिवारों को पारंपरिक कला जैसे रेशम बुनाई, गहना निर्माण, पेंटिंग और मिट्टी के बर्तन बनाने की ट्रेनिंग देती थी। पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने के कारण उन्हें “ग्रीन क्वीन” भी कहा गया।

Read Full Article at Source