सब ठीक है या अभी बाकी है तल्खी; पीएम मोदी की बधाई पर क्या बोली तारिक रहमान की BNP?

1 hour ago

Narendra Modi: ढाका में बीएनपी मीडिया सेल के सदस्य सायरुल कबीर खान ने कहा, उनकी पार्टी की जीत सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं है बल्कि यह लोकतंत्र और बांग्लादेश की जीत है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से बीएनपी लोकतांत्रिक आंदोलन का हिस्सा रही है. यह सफलता पार्टी के चेयरमैन तारिक रहमान के नेतृत्व का नतीजा है.

पीएम मोदी के बधाई संदेश का स्वागत
सायरुल कबीर खान ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा BNP चेयरपर्सन तारिक रहमान को भेजे गए बधाई संदेश के लिए आभार जताया. उन्होंने कहा कि वे भारत के प्रधानमंत्री और अन्य देशों के नेताओं व राजनयिकों की शुभकामनाओं का स्वागत करते हैं. उन्होंने कहा कि बीएनपी इन देशों के साथ अच्छे रिश्ते मजबूत करना चाहती है. जिससे बांग्लादेश के हित में मिलकर काम किया जा सके. पार्टी अपने चेयरमैन के विजन को लागू करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को जरूरी मानती है.

जीत को बताया लोकतंत्र की जीत
खान ने आगे कहा कि यह लोकतंत्र की जीत है और इसे ज्यादा असरदार बनाने के लिए पार्टी ने ज्यादा जश्न नहीं मनाने का फैसला किया है. चेयरमैन तारिक रहमान ने पहले ही निर्देश दिया है कि कोई बड़ा समारोह या उत्सव न किया जाए.

Add Zee News as a Preferred Source

जश्न नहीं मनाने के पीछे वजह
उन्होंने बताया कि इस फैसले के पीछे कई वजहें हैं. आंदोलन के दौरान पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई है. कई लोग लापता हुए हैं. लाखों लोगों ने मुश्किलों का सामना किया. उन्होंने जुलाई और अगस्त 2024 के जन आंदोलन में मारे गए लोगों को भी याद किया. साथ ही ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ कही जाने वाली बेगम खालिदा जिया के हाल ही में निधन पर भी गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि उनकी याद में दुआ और प्रार्थना की जाएगी.

देशभर में प्रार्थना का आह्वान
BNP ने लोगों से अपील की है कि वे मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों पर जाकर देश के भविष्य और इस जीत की कामयाबी के लिए दुआ करें. पार्टी का कहना है कि वह तारिक रहमान के नेतृत्व में एक खुशहाल वेलफेयर स्टेट बनाना चाहती है. खान ने कहा कि पार्टी चेयरमैन के 31-point reform और विकास योजना को लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

चुनाव नतीजों की स्थिति
यह बयान ऐसे समय में आया है जब बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को चुनाव में बड़ी सफलता मिली है. बांग्लादेश चुनाव आयोग ने 297 संसदीय सीटों के नतीजे घोषित किए हैं. इनमें बीएनपी और उसके सहयोगियों ने 212 सीटें जीतकर साफ बढ़त हासिल की है. आपको बता दें कि चट्टोग्राम-2 और चट्टोग्राम-4 सीटों के नतीजे फिलहाल रोके गए हैं और बाद में घोषित किए जाएंगे. एक अन्य सीट का नतीजा पहले ही टाल दिया गया था.

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश के चुनावी नतीजों के बाद मोहम्मद यूनुस सत्ता के केंद्र में रहेंगे या होंगे लापता? बड़ा सवाल

Read Full Article at Source