'हम भी जश्न मनाएंगे अगर...' भारत-यूएस ट्रेड डील पर बोले शशि थरूर, सरकार के सामने रख दी डिमांड

1 hour ago

Last Updated:February 03, 2026, 13:38 IST

Shashi Tharoor On India US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच हुए टैरिफ समझौते को लेकर शशि थरूर ने कहा कि भारत जैसे संसदीय लोकतंत्र में किसी भी बड़े अंतरराष्ट्रीय समझौते की जानकारी केवल ट्वीट तक सीमित नहीं होनी चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस ट्रेड डील की शर्तें क्या हैं, किन सेक्टर्स पर इसका असर पड़ेगा और देश को इससे क्या वास्तविक लाभ मिलेगा.

'हम भी जश्न मनाएंगे अगर...' भारत-यूएस ट्रेड डील पर क्या बोले शशि थरूर?अमेरिका और भारत के बीच हुए टैरिफ समझौते को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सरकार से पारदर्शिता और स्पष्टता की मांग की है.

भारत और अमेरिका के बीच हुए टैरिफ समझौते पर अब सियासत भी शुरू हो गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील का ऐलान किया, जिसके तहत अमेरिकी टैरिफ को 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है. केंद्र की सत्ताधारी बीजेपी जहां इस समझौते की तारीफ करते हुए फादर ऑफ ऑल डील्स करार दे रही है. वहीं कांग्रेस इसे देश के कारोबारी हितों से समझौता करार देते हुए सरकार को घेर रही है.

इस मुद्दे पर आज संसद में भी खूब हंगामा देखा गया. वहीं इस टैरिफ समझौते को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सरकार से पारदर्शिता और स्पष्टता की मांग की है. उन्होंने कहा कि अगर यह समझौता वास्तव में देश के हित में है तो विपक्ष उसे खुशी-खुशी स्वीकार करेगा, लेकिन फिलहाल सरकार की ओर से सिर्फ बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट के अलावा कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है.

शशि थरूर ने कहा, ‘हमें केवल स्पष्टता चाहिए. अगर यह सच में अच्छी खबर है, तो हम भी इसका जश्न मनाना चाहेंगे. लेकिन अभी हमारे पास सिर्फ प्रधानमंत्री का ट्वीट और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ट्वीट है. क्या एक संसदीय लोकतंत्र में इतना ही काफी है?’

संसद में जवाबदेही की मांग

थरूर ने जोर देकर कहा कि भारत जैसे संसदीय लोकतंत्र में किसी भी बड़े अंतरराष्ट्रीय समझौते की जानकारी केवल ट्वीट तक सीमित नहीं होनी चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस समझौते की शर्तें क्या हैं, किन सेक्टर्स पर इसका असर पड़ेगा और देश को इससे क्या वास्तविक लाभ मिलेगा.

कांग्रेस सांसद ने कहा कि संसद को भरोसे में लेना सरकार की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा, ‘देश जानना चाहता है कि यह डील किस आधार पर हुई, इसके नियम और शर्तें क्या हैं और इसका असर आम लोगों पर कैसे पड़ेगा.’

किसानों को लेकर चिंता

शशि थरूर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान का हवाला देते हुए कहा कि ट्रंप इस समझौते को कृषि (एग्रीकल्चर) से जोड़कर देख रहे हैं. ऐसे में उन्होंने सीधा सवाल उठाया, ”अगर यह डील कृषि से जुड़ी है, तो हमारे किसानों की सुरक्षा कौन करेगा?’

उन्होंने आशंका जताई कि अगर कृषि क्षेत्र को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों के खोल दिया गया, तो इसका नुकसान सीधे भारतीय किसानों को उठाना पड़ सकता है. थरूर ने कहा कि सरकार को यह साफ करना चाहिए कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए क्या प्रावधान किए गए हैं.

‘विरोध नहीं, सिर्फ जवाब चाहिए’

कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी या विपक्ष इस समझौते का अंधा विरोध नहीं कर रहा है. उन्होंने कहा, ‘हम विरोध नहीं कर रहे, हम सिर्फ जवाब चाहते हैं. हमें स्पष्टता चाहिए. अगर सरकार पूरी जानकारी देगी और यह देशहित में साबित होता है, तो हम भी उसका स्वागत करेंगे.’

शशि थरूर के इस बयान के बाद भारत-अमेरिका टैरिफ समझौते को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है. अब निगाहें सरकार पर टिकी हैं कि वह संसद और देश के सामने इस समझौते की पूरी तस्वीर कब और कैसे रखती है.

Location :

New Delhi,Delhi

First Published :

February 03, 2026, 13:38 IST

homenation

'हम भी जश्न मनाएंगे अगर...' भारत-यूएस ट्रेड डील पर क्या बोले शशि थरूर?

Read Full Article at Source