Last Updated:January 03, 2026, 18:55 IST
चंबा में कार हादसे में भाजपा नेता की मौत.चम्बा. हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में कार हादसे में भाजपा नेता और उनकी पत्नी की मौत हो गई. हादसे में एक अन्य शख्स घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार, चम्बा जिला मुख्यालय के साथ लगते कियाणी क्षेत्र के ईंड नाला में यह घटना पेश आई है. हादसे में कार सवार पति पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. घायल व्यक्ति को तुरंत उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चम्बा पहुंचाया गया.
बताया जा रहा है कि हादसा रात को हुआ था और घटना की जानकारी सुबह शनिवार को लगी. लोगों ने कार को खाई में गिरे हुए देखा था. मृतकों के शवों को कड़ी मशक्कत के बाद नाले से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग हिमगिरि क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हादसा कैसे हुआ, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.
एसपी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि कियाणी के पास ईंड नाला में एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने पर दो लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस टीम द्वारा हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
चुराह से भाजपा विधायक हंस राज ने हादसे पर दुख जताते हुए बताया कि आज सुबह अत्यंत दुखद सूचना ने मन को भीतर तक झकझोर कर रख दिया. जीवन की कुछ घटनाएँ ऐसी होती हैं, जो हमें यह सोचने को विवश कर देती हैं कि विधि का विधान भी कभी-कभी कितना कठोर हो जाता है. उन्होंने बताया कि हिमगिरि के गांव कुहोग निवासी हमारे छोटे भाई और चंबा जिला के अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष हरी भारद्वाज और उनकी धर्मपत्नी की हादसे में मौत हो गई. महादेव से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. इस कठिन समय में हम भाई हरी के परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और हरसंभव सहयोग व सहायता हेतु पूर्णतः वचनबद्ध हैं.
About the Author
Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K...और पढ़ें
Location :
Chamba,Chamba,Himachal Pradesh
First Published :
January 03, 2026, 18:55 IST

4 weeks ago
