नई दिल्ली (NEET UG 2026 Preparation Tips). नीट यूजी 2026 की तारीख आ गई है- 3 मई. नीट यूजी 2026 की तैयारी के लिए अब सिर्फ 84 दिन बाकी हैं. ऐसे वक्त पर अच्छे-अच्छे धुरंधर भी पैनिक करने लगते हैं. लेकिन याद रखिए, डॉक्टर वही बनता है जो प्रेशर में भी शांत रहकर सही फैसला ले. इन 84 दिनों में आप या तो इतिहास रच सकते हैं या फिर एक और साल का इंतजार.. अब घंटों तक बैठकर पन्ने पलटने का समय नहीं रहा, बल्कि यह समय है अपनी तैयारी को ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ मोड पर लाने का.
पिछले 2 साल आपने क्या किया, वह अब उतना मायने नहीं रखता जितना यह कि आप आने वाले 12 हफ्तों में खुद को कैसे झोंकते हैं. अगर आप इस उलझन में हैं कि नीट यूजी के लिए फिजिक्स कहां से शुरू करें या बायो का रिवीजन कैसे पूरा होगा तो अब रुकिए और एक लंबी सांस लीजिए. अगर आपका रोडमैप सही हो तो 84 दिनों का समय कम नहीं होता. अगले 3 महीनों में किताबों से ज्यादा अपनी ‘कमियों’ से दोस्ती करनी होगी. जानिए वो सीक्रेट प्लान जो आपको 3 मई की दोपहर 2 बजे के बाद मुस्कराने की वजह देगा.
NEET UG 2026: नीट यूजी की तैयारी कैसे करें?
पिछले दो साल की आपकी मेहनत अब इन बचे हुए 3 महीनों की ‘परफॉर्मेंस’ पर टिकी है. इन 84 दिनों में से फरवरी के बचे हुए दिन, पूरा मार्च और अप्रैल का महीना आपके हाथ में है. ध्यान रखें, नीट सिर्फ ज्ञान की परीक्षा नहीं है, बल्कि यह टाइम मैनेजमेंट और दबाव झेलने की क्षमता का भी टेस्ट है. कई उम्मीदवार अच्छी तैयारी के बावजूद सही स्ट्रैटेजी न होने के कारण पिछड़ जाते हैं. परीक्षा की तारीख नजदीक है. इसलिए अब आपकी स्ट्रैटेजी ‘स्मार्ट वर्क’ पर फोकस्ड होनी चाहिए.
दिनों का हिसाब: अब हर पल कीमती है
आज 8 फरवरी से 3 मई तक आपके पास 84 दिन हैं.
शुरुआती 40 दिन (फरवरी-मार्च): कमजोर विषयों को सुधारने और सिलेबस को एक बार पूरा रिवाइज करने में लगाएं. अगले 30 दिन (अप्रैल): केवल मॉक टेस्ट, पिछले साल के पेपर्स (PYQs) और शॉर्ट नोट्स पर ध्यान दें. आखिरी 14 दिन: केवल फॉर्मूले, डायग्राम्स और हाई-वेटेज टॉपिक्स का रिवीजन करें.NCERT को बनाएं अपना ‘धर्मग्रंथ’
नीट में बायोलॉजी के 90% और केमिस्ट्री के 80% से ज्यादा सवाल सीधे NCERT की लाइनों से आते हैं. अब किसी भी भारी-भरकम नई किताब को हाथ न लगाएं. बायोलॉजी के हर डायग्राम और केमिस्ट्री के हर रिएक्शन को अपनी उंगलियों पर रखें.
दूर भगाएं फिजिक्स का डर
कई स्टूडेंट्स फिजिक्स के नाम से घबरा जाते हैं. ध्यान रखें कि अब थ्योरी पढ़ने का समय नहीं है. हर चैप्टर के मुख्य फॉर्मूलों की शीट बनाएं और रोजाना कम से कम 50-100 न्यूमेरिकल्स हल करें. फॉर्मूला याद करने से ज्यादा उसे अप्लाई करना सीखें.
नीट मॉक टेस्ट और एनालिसिस का जादू
हफ्ते में कम से कम दो फुल-लेंथ नीट यूजी मॉक टेस्ट देना शुरू करें. टेस्ट देने से ज्यादा जरूरी है उसका एनालिसिस करना. अपनी उन गलतियों को पहचानें जो आप बार-बार कर रहे हैं. क्या वह सिली मिस्टेक है या कॉन्सेप्ट की कमी? उसे तुरंत ठीक करें.
सेहत और नींद से न करें समझौता
डॉक्टर बनने के लिए पहले खुद का ध्यान रखना जरूरी है. रोजाना 7-8 घंटे की नींद जरूर लें. थके हुए दिमाग से की गई 12 घंटे की पढ़ाई, शांत दिमाग से की गई 6 घंटे की पढ़ाई के बराबर भी नहीं होती. इसके साथ ही खान-पान का भी ख्याल रखें.
नीट यूजी 2026 की परीक्षा को लेकर छात्रों के मन में उठने वाले 5 सबसे बड़े सवालों के जवाब यहां दिए गए हैं:
अब केवल 84 दिन बचे हैं, क्या मैं अभी भी जीरो से शुरुआत करके नीट क्रैक कर सकता हूं?
अगर आपका बेस (बेसिक कॉन्सेप्ट्स) थोड़ा भी क्लियर है तो इन 84 दिनों में सही स्ट्रैटेजी से नीट क्रैक कर सकते हैं. पूरा सिलेबस पढ़ने के बजाय ‘हाई वेटेज’ चैप्टर्स पर ध्यान दें और हर दिन कम से कम 10-12 घंटे पढ़ाई करें. अनुशासन ही इस समय आपकी सबसे बड़ी ताकत है.
आखिरी तीन महीनों में मॉक टेस्ट कितनी बार देना चाहिए?
फरवरी और मार्च के दौरान हफ्ते में कम से कम एक या दो टेस्ट दें. जैसे ही अप्रैल शुरू हो, टेस्ट की संख्या बढ़ाकर हफ्ते में तीन कर दें. आखिरी के 15 दिनों में रोजाना एक मॉक टेस्ट देना सबसे बेहतर रहता है. इससे परीक्षा के माहौल और समय के दबाव में ढल जाएंगे.
फिजिक्स के कठिन सवालों से कैसे निपटें, जो बहुत समय ले रहे हैं?
अब उन सवालों पर वक्त बर्बाद न करें जो बहुत पेचीदा हैं. नीट में ज्यादातर सवाल सीधे फॉर्मूला पर आधारित होते हैं. पिछले 10 साल के पेपर्स (PYQs) सॉल्व करें और एक ‘फॉर्मूला डायरी’ बनाएं. अगर कोई कॉन्सेप्ट समझ नहीं आ रहा तो उसे छोड़कर उन टॉपिक्स को मजबूत करें जहां से स्कोर करना आसान है.
क्या नीट 2026 के सिलेबस में कोई बदलाव हुआ है?
फिलहाल एनएमसी (NMC) द्वारा जारी किए गए लेटेस्ट सिलेबस से ही पढ़ाई करें. तैयारी के दौरान केवल उन्हीं टॉपिक्स पर फोकस करें, जो नीट यूजी सिलेबस का हिस्सा हैं. किसी भी नई अफवाह पर ध्यान देने के बजाय नीट की ऑफिशियल वेबसाइट चेक करते रहें.
बोर्ड परीक्षा और नीट की तैयारी एक साथ कैसे मैनेज करें?
बोर्ड और नीट, दोनों का आधार NCERT ही है. जब आप बोर्ड के लिए थ्योरी पढ़ रहे हों तो उसी समय उस चैप्टर के नीट वाले ऑब्जेक्टिव सवाल भी हल कर लें. बोर्ड परीक्षा के दिनों में राइटिंग प्रैक्टिस पर ध्यान दें और परीक्षा खत्म होते ही पूरी तरह से नीट के मॉक टेस्ट मोड में शिफ्ट हो जाएं.

1 hour ago
