Remote Global Careers: अमेरिका जाने की जरूरत नहीं, छोड़िए वीजा की चिंता, अपने घर में बना लीजिए ग्लोबल ऑफिस

1 hour ago

नई दिल्ली (Remote Global Careers for Indians). ज्यादातर भारतीय विदेश में बसने का सपना देखते हैं. लेकिन मौजूदा दौर में अमेरिका, ब्रिटेन या ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों का वीजा पाना आसान नहीं है. इनके वीजा नियम इतने सख्त हो गए हैं कि सालों तक इंतजार के बाद भी हाथ खाली रह जाते हैं. लेकिन भारतीय युवा हार मानकर बैठने वालों में से नहीं हैं. उन्होंने इसका स्मार्ट रास्ता निकाल लिया है. अब वे वीजा की लंबी लाइन में लगने के बजाय अपने घर के सोफे पर बैठकर ही विदेशी कंपनियों के लिए काम कर रहे हैं.

Indeed की नई रिपोर्ट के अनुसार, भारतीयों के लिए ग्लोबल करियर का मतलब सिर्फ विदेश जाकर बसना नहीं रह गया है. अब लोग ‘रिमोट वर्क’ यानी घर से काम करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि वीजा का कोई झंझट नहीं होता और आप अपने परिवार के साथ रहकर भी विदेशी प्रोजेक्ट्स पर काम कर सकते हैं. कोडिंग, डेटा साइंस और डिजिटल मार्केटिंग जैसे फील्ड में भारतीय युवाओं की इतनी मांग है कि विदेशी कंपनियां खुद उन्हें ‘वर्क फ्रॉम इंडिया’ का ऑफर दे रही हैं.

वीजा की टेंशन खत्म और घर बैठे डॉलर में कमाई

अगर आप विदेश सिर्फ अच्छी सैलरी यानी डॉलर में कमाई के लिए जाना चाहते थे तो कई बड़ी कंपनियां आपको घर बैठे भी ऐसा ऑफर दे रही हैं. जानिए ग्लोबल करियर के फायदे:

वीजा के झंझट से छुट्टी

विदेशी सरकारों ने अपने यहां वर्क वीजा देना बहुत मुश्किल कर दिया है. फीस बढ़ गई है और नियम उलझ गए हैं. ऐसे में भारतीयों ने वीजा के पीछे भागने के बजाय अपनी स्किल्स पर ध्यान देना शुरू किया है. इससे वे भारत में रहते हुए ही ग्लोबल कंपनियों से जुड़ पा रहे हैं.

घर बैठे विदेशी सैलरी

रिमोट वर्क का सबसे बढ़िया पार्ट है- पैसा. लोग कमा डॉलर या पाउंड में रहे हैं, लेकिन उनका खर्च रुपयों में हो रहा है. इससे बचत ज्यादा होती है और लाइफस्टाइल भी बेहतर हो जाती है. आपको विदेश जाने के लिए घर छोड़ने की जरूरत भी नहीं पड़ती.

भारतीय टैलेंट की दुनिया दीवानी

रिपोर्ट के मुताबिक, विदेशी कंपनियां जानती हैं कि एआई (AI) और सॉफ्टवेयर के मामले में भारतीयों का कोई मुकाबला नहीं है. इसलिए वीजा नियम सख्त होने के बावजूद वे भारतीयों को छोड़ना नहीं चाहतीं और उन्हें घर से काम करने की पूरी आजादी दे रही हैं.

साथ-साथ संभालें फैमिली और करियर

विदेश जाकर बसने में सबसे बड़ी दिक्कत होती है परिवार से दूर रहना. रिमोट जॉब्स ने इस समस्या को जड़ से खत्म कर दिया है. अब आप अपने माता-पिता के पास रहकर भी दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों के साथ अपना करियर बना सकते हैं.

‘डिजिटल नोमैड’ का भविष्य

आने वाले समय में लोग किसी एक देश या शहर से बंधे नहीं रहेंगे. लैपटॉप उठाओ और कहीं से भी काम करो. भारतीयों ने इस बदलाव को सबसे पहले पहचाना है और अब वे पूरी दुनिया के लिए एक ‘डिजिटल वर्कफोर्स’ बनकर उभर रहे हैं.

रिमोट जॉब्स को लेकर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)

क्या विदेशी कंपनियों के लिए भारत से काम करने के लिए भी वीजा की जरूरत होती है?

नहीं, अगर आप भारत में रहकर किसी विदेशी कंपनी के लिए रिमोट वर्क कर रहे हैं तो आपको उस देश के वर्क वीजा (जैसे H-1B या L1) की जरूरत नहीं होती. आप Independent Contractor या रिमोट वर्कर के तौर पर काम कर सकते हैं.

विदेशी कंपनियों से मिलने वाली सैलरी पर टैक्स कैसे लगता है?

जब आप भारत में रहकर विदेशी मुद्रा (जैसे डॉलर) में कमाते हैं तो वह आय भारत में इनकम टैक्स के दायरे में आती है. भारत का कई देशों के साथ DTAA (Double Taxation Avoidance Agreement) समझौता है, जिससे दोहरे टैक्स से राहत मिलती है और आप भारत में ही टैक्स भर सकते हैं.

रिमोट वर्किंग के लिए कौन-कौन सी स्किल्स सबसे ज्यादा डिमांड में हैं?

Indeed की रिपोर्ट के अनुसार, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल मार्केटिंग और ग्राफिक डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में रिमोट जॉब्स के सबसे अधिक अवसर उपलब्ध हैं.

क्या घर बैठे काम करने पर भी विदेशी कंपनियों जैसा बड़ा पैकेज मिलता है?

हां. कई ग्लोबल कंपनियां भारतीय प्रोफेशनल्स को उनकी स्किल्स के आधार पर ग्लोबल स्टैंडर्ड की सैलरी देती हैं. हालांकि यह विदेश जाकर रहने वाली सैलरी से थोड़ी कम हो सकती है. लेकिन भारत में रहने के कम खर्च (Low Cost of Living) के कारण बचत बहुत अधिक होती है.

मैं विदेशी रिमोट जॉब्स कहां ढूंढ सकता हूं?

आप Indeed, LinkedIn, We Work Remotely, Remote OK और FlexJobs जैसी वेबसाइट्स पर जाकर विशेष रूप से ‘Remote’ फिल्टर का इस्तेमाल करके ऐसी नौकरियां खोज सकते हैं जो वैश्विक स्तर पर हायरिंग कर रही हैं.

Read Full Article at Source