UPSC New Rules: यूपीएससी का मास्टरस्ट्रोक, 2026 की परीक्षा के लिए बदल गए 10 बड़े नियम, आवेदन से पहले जरूर पढ़ें

1 hour ago

नई दिल्ली (UPSC CSE 2026 New Rules). संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसमें भर्ती प्रक्रिया और नियमों में ऐतिहासिक बदलाव किए गए हैं. इस बार आयोग ने आवेदन प्रक्रिया से लेकर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन तक, कुल 12 महत्वपूर्ण नियम बदले हैं. इन बदलावों का प्राथमिक उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाना और तकनीकी खामियों को कम करना है. नए नियमों के तहत अब उम्मीदवारों को न केवल अपनी फोटो और हस्ताक्षर के पुराने तरीके छोड़ने होंगे, बल्कि ओबीसी और ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्रों की समय सीमा का भी सख्ती से पालन करना होगा.

संघ लोक सेवा आयोग के इन सुधारों में सबसे बड़ा अपडेट लाइव फोटो कैप्चर और आधार-आधारित प्रमाणीकरण को लेकर है. इससे परीक्षा केंद्रों पर फर्जीवाड़े की गुंजाइश खत्म होगी. इसके अलावा, आईएएस और आईएफएस अधिकारियों के लिए परीक्षा में दोबारा शामिल होने के मौकों को भी सीमित कर दिया गया है. आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 फरवरी 2026 तय की गई है. विशेषज्ञों की सलाह है कि अभ्यर्थी नए नियमों को गहराई से समझे बिना फॉर्म न भरें. एक बार फॉर्म सबमिट होने के बाद आवेदन में किसी भी तरह के सुधार का मौका नहीं दिया जाएगा.

UPSC CSE 2026: आवेदन से लेकर चयन तक बदले ये 12 नियम

संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सर्विस परीक्षा के लिए आवेदन से लेकर सर्विस के चयन तक में, 12 बदलाव किए हैं. अगर आप टॉप सरकारी अफसर बनने का सपना देख रहे हैं तो ये बदलाव आपको पता होने चाहिए.

1. 4 मॉड्यूल में आवेदन प्रक्रिया

यूपीएससी ने ऑनलाइन आवेदन पोर्टल को फिर से डिजाइन किया है. अब आवेदन 4 चरणों में होगा: अकाउंट बनाना, यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) जनरेट करना, सामान्य आवेदन पत्र (CAF) भरना और आखिर में परीक्षा-विशिष्ट मॉड्यूल (केंद्र और विषय चुनना).

2. यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) अनिवार्य

अब हर कैंडिडेट की एक स्थाई पहचान के रूप में URN जनरेट होगा. यह ‘वन-टाइम प्रोफाइल’ की तरह काम करेगा, जिससे भविष्य की हर परीक्षा के लिए बार-बार विवरण भरने की जरूरत नहीं होगी.

3. लाइव फोटो कैप्चर है जरूरी

यूपीएससी में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए अब आवेदन के समय ही वेबकैम के जरिए लाइव फोटो कैप्चर करनी होगी. अपलोड की गई पासपोर्ट साइज फोटो और लाइव फोटो का मिलान होना अनिवार्य है, वरना आवेदन रद्द हो सकता है.

4. आधार बेस्ड वेरिफिकेशन को प्राथमिकता

संघ लोक सेवा आयोग ने प्राइमरी डॉक्यूमेंट के तौर पर आधार का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. इससे परीक्षा केंद्र पर वेरिफिकेशन की प्रक्रिया तेज होगी और देरी कम होगी.

5. तीन सिग्नेचर वाली स्कैन कॉपी

हस्ताक्षर के नियमों में बदलाव करते हुए अब उम्मीदवारों को एक सादे कागज पर काली स्याही से तीन बार सिग्नेचर करने होंगे. इस शीट को स्कैन करके अपलोड करना होगा, जिससे पहचान सुनिश्चित की जा सके.

6. आवेदन में सुधार या वापसी का मौका नहीं

एक बार यूपीएससी परीक्षा फॉर्म सबमिट करने के बाद उम्मीदवार उसमें कोई सुधार नहीं कर पाएंगे. साथ ही, अब यूपीएससी आवेदन वापस लेने (Withdrawal) की सुविधा भी नहीं देगा.

7. URN अपडेट करने की सीमा

कैंडिडेट अपने स्थाई प्रोफाइल (URN) को पूरे करियर में सिर्फ एक ही बार अपडेट कर सकेंगे. यह बदलाव भी भविष्य के आवेदनों पर लागू होगा, पुराने जमा किए गए फॉर्म्स पर नहीं.

8. सिर्फ ऑनलाइन एडमिट कार्ड मान्य

अब यूपीएससी एडमिट कार्ड डाक या ईमेल से नहीं भेजे जाएंगे. उम्मीदवारों को अनिवार्य रूप से वेबसाइट से ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा और उसके साथ एक वैध फोटो आईडी परीक्षा केंद्र ले जानी होगी.

9. परीक्षा केंद्र पर फेस ऑथेंटिकेशन

हर परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों का डिजिटल फेस ऑथेंटिकेशन और पहचान दस्तावेज का सत्यापन किया जाएगा. इसके लिए उम्मीदवारों को तय समय से काफी पहले केंद्र पर पहुंचना होगा.

10. IAS, IFS के लिए दोबारा मौके बंद

अगर कोई उम्मीदवार पहले से ही आईएएस (IAS) या आईएफएस (IFS) के रूप में नियुक्त है तो वह दोबारा सिविल सेवा परीक्षा नहीं दे सकेगा. हालांकि, आईपीएस (IPS) अधिकारी अपनी रैंक सुधारने के लिए परीक्षा दे सकते हैं.

11. OBC और EWS सर्टिफिकेट के नए नियम

OBC (नॉन-क्रीमी लेयर) सर्टिफिकेट 1 अप्रैल 2025 के बाद का होना चाहिए और पिछले 3 वर्षों की आय पर आधारित होना चाहिए. इसी तरह, EWS सर्टिफिकेट भी 1 अप्रैल 2025 या उसके बाद का होना चाहिए.

12. प्रीलिम्स और मेंस के बाद लॉगिन अनिवार्य

नया नियम यह है कि यूपीएससी प्रीलिम्स का रिजल्ट आने के 10 दिनों के अंदर और मेंस (लिखित) का रिजल्ट आने के 15 दिन के अंदर उम्मीदवार को पोर्टल पर लॉगिन करना अनिवार्य है, वरना उनकी उम्मीदवारी रद्द मानी जाएगी.

Read Full Article at Source