Last Updated:February 16, 2026, 11:13 IST
Rajpal Yadav Bail News: क्या राजपाल यादव 16 फरवरी यानी आज दिल्ली के तिहाड़ जेल से बाहर आ जाएंगे? क्या सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट राजपाल यादव को बड़ी राहत दे सकती है? सोमवार को अगर दिल्ली हाईकोर्ट से राजपाल यादव को राहत नहीं मिलती है तो क्या उन्हें 6 महीना जेल में ही काटना पड़ेगा? जानिए ₹9 करोड़ के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव के लिए सोमवार का दिन क्यों निर्णायक साबित होने वाला है? दिल्ली हाईकोर्ट ने पिछली सुनवाई में उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए क्यों राहत देने से इनकार कर दिया था?

नई दिल्ली. हिंदी सिनेमा के सबसे चहेते और चर्चित कॉमेडियन राजपाल यादव इस समय अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं. 9 करोड़ के चेक बाउंस मामले में बीते 11 दिनों से राजपाल यादव तिहाड़ जेल में बंद हैं. दिल्ली हाईकोर्ट में सोमवार की सुनवाई में क्या उन्हें बहुत बड़ी राहत मिलेगी? कानून के जानकारों की मानें तो दिल्ली हाईकोर्ट चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को सोमवार को राहत दे सकती है. इसके साथ ही कुछ शर्तें भी थोप सकती है. राजपाल यादव को कुछ शर्तों के साथ बेल मिलती है तो यह उनके समर्थकों के लिए बड़ी खुशखबरी होगी. बीते 12 फरवरी को हुई सुनवाई के बाद अदालत ने मामले को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया था. इस बीच फिल्म जगत और राजनीति से कई दिग्गज उनके समर्थन में उतर आए हैं. सलमान खान, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, सोनू सूद और मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन ने राजपाल की मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है.
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता राजपाल यादव के लिए सोमवार यानी 16 फरवरी 2026 का दिन अहम है. पिछले 11 दिनों से तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव की जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सोमवार को विस्तार से सुनवाई होनी है. पिछली सुनवाई 12 फरवरी के दौरान जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की पीठ ने राजपाल यादव को राहत देने के बजाय कड़ी फटकार लगाई थी. अदालत ने साफ शब्दों में कहा था कि ‘आप जेल इसलिए गए हैं क्योंकि आपने अदालत के सामने किए गए अपने ही वादों को बार-बार तोड़ा है.’
क्या राजपाल यादव सोमवार को तिहाड़ से निकल जाएंगे?
किस अपराध में राजपाल जेल गए हैं?
राजपाल यादव पर मुख्य रूप से चेक बाउंस और ऋण अदायगी में चूक Section 138, Negotiable Instruments Act के गंभीर आरोप हैं. पूरा मामला साल 2010 का है, जब उन्होंने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए दिल्ली की कंपनी ‘मैसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स’ से ₹5 करोड़ का कर्ज लिया था. फिल्म के फ्लॉप होने के बाद यह रकम ब्याज और दंड के साथ बढ़कर लगभग ₹9 करोड़ तो कुछ रिपोर्ट्स में ₹11 करोड़ हो गई. राजपाल ने इस राशि के बदले जो चेक दिए वे बैंक में बाउंस हो गए. इसके बाद उनके खिलाफ 7 अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जिनमें प्रत्येक मामले में उन पर लगभग ₹1.35 करोड़ की देनदारी है.
क्यों नाराज है दिल्ली हाईकोर्ट?
अदालत की नाराजगी की सबसे बड़ी वजह राजपाल यादव द्वारा बार-बार समय मांगना और भुगतान न करना है. हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि अभिनेता को पिछले कुछ वर्षों में लगभग 25-30 बार भुगतान करने के अवसर दिए गए. राजपाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी कई बार आश्वासन दिया कि वे विदेश जाकर पैसे कमाएंगे और कर्ज चुकाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. जून 2024 में उनकी सजा निलंबित की गई थी ताकि वे समझौता कर सकें, लेकिन इसमें नाकाम रहने पर कोर्ट ने उन्हें 5 फरवरी 2026 को सरेंडर करने का आदेश दिया.
क्या राजपाल यादव के परिवार में खुशियां लौटेगी?
सोमवार को राहत की कितनी है संभावना?
राजपाल यादव के बाहर आने की संभावना दो मुख्य बातों पर टिकी है.
1. शिकायतकर्ता का जवाब: कोर्ट ने शिकायतकर्ता कंपनी (मुरली प्रोजेक्ट्स) को नोटिस जारी कर सोमवार को अपना पक्ष रखने को कहा है. यदि कंपनी और राजपाल के बीच कोई नया समझौता होता है तो कोर्ट नरम रुख अपना सकता है.
2. फंड का इंतजाम: राजपाल के वकील ने दावा किया है कि वे अब तक ₹2.5 करोड़ चुका चुके हैं और कुछ अतिरिक्त राशि जमा करने के लिए तैयार हैं. साथ ही बॉलीवुड के सितारों सोनू सूद, सलमान खान, प्रियदर्शन सहित कई लोगों द्वारा दी जा रही वित्तीय मदद भी उनके पक्ष को मजबूत कर सकती है.
कानूनी विशेषज्ञों की क्या राय है?
सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता रविशंकर कुमार न्यूज 18 हिंदी के साथ बातचीत में कहते हैं, ‘चूंकि कोर्ट राजपाल के पुराने आचरण से बेहद खफा है, इसलिए बिना किसी बड़ी ठोस राशि के जमानत मिलना थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है. यदि आज जमानत नहीं मिली तो उन्हें अपनी 6 महीने की सजा पूरी करनी पड़ सकती है. हालांकि, अब यह तय है कि सोमवार जब उनके वकील कोर्ट में माननीय जज के सामने खड़े होंगे तो वह बचे रकम का पूरा हिसाब देंगे. इसमें देखना है कि सामने वाला पक्ष उनके बातों से कितना सहमत होता है. अगर वह पहले ही चुका दिए होंगे तो कोर्ट को जमानत देने में दिक्कत नहीं होगी.'
इस बीच राजपाल यादव के समर्थन में कई सितारे सामने आए हैं. राजपाल यादव के साथ भूल भुलैया, हंगामा और चुप चुप के जैसी दर्जनों सुपरहिट फिल्में देने वाले निर्देशक प्रियदर्शन ने हाल ही में एक इंटरव्यू में राजपाल के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की थी. प्रियदर्शन ने कहा कि वह राजपाल को 20 साल से जानते हैं और वह एक बेहद साफ दिल के इंसान हैं. प्रियदर्शन ने बताया कि वह राजपाल की वित्तीय स्थिति से वाकिफ थे, इसीलिए उन्होंने उन्हें लगातार अपनी फिल्मों और विज्ञापनों में काम दिया ताकि वह अपने कर्ज चुका सकें.
About the Author
रविशंकर सिंहचीफ रिपोर्टर
भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई करने वाले रविशंकर सिंह सहारा समय न्यूज चैनल, तहलका, पी-7 और लाइव इंडिया न्यूज चैनल के अलावा फर्स्टपोस्ट हिंदी डिजिटल साइट में भी काम कर चुके हैं. राजनीतिक खबरों के अलावा...और पढ़ें
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
February 15, 2026, 17:12 IST

1 hour ago
