Last Updated:February 06, 2026, 02:26 IST
Rahul Gandhi News: राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर राज्यसभा में झूठ बोलने का आरोप लगाया. लोकसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर हंगामा हुआ, जिसे लेकर कांग्रेस और विपक्ष पर भी आरोप लगे. पीएम मोदी ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विपक्षी दल के पास कोई योजना या दृष्टि नहीं थी; जबकि 'हम उनकी गलतियों को सुधारने में काफी समय लगा रहे हैं'.

नई दिल्ली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए झूठ की शरण ली, क्योंकि वह (मोदी) सच्चाई से डर गए. राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, “बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी जी सच्चाई से ऐसा डरे (कि) झूठ की शरण ले ली. खैर, जो उचित समझा, (उन्होंने) वही किया.” नेता प्रतिपक्ष, पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देकर चीन के साथ सैन्य तनाव का विषय लोकसभा में उठाना चाहते थे, लेकिन आसन से अनुमति नहीं मिली. इस कारण चार दिनों से निचले सदन में गतिरोध बना हुआ है और राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के जवाब के बिना पारित हुआ.
पीएम मोदी ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि भारत आज विश्व में पैदा हो रही चुनौतियों के समाधान के लिए आशा की किरण बना हुआ है और दुनिया एक नई वैश्विक व्यवस्था की ओर आगे बढ़ रही है. राज्यसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी देश के लोगों को ही समस्या मानते थे और ‘हम 140 करोड़ समाधान’ के साथ आगे बढ़ रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विपक्षी दल के पास कोई योजना या दृष्टि नहीं थी; जबकि ‘हम उनकी गलतियों को सुधारने में काफी समय लगा रहे हैं’.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बहस के दौरान हंगामा कर उनका (राष्ट्रपति का) अपमान करने का आरोप लगाया. उन्होंने मुख्य विपक्षी दल पर आदिवासियों, दलितों और पूर्वोत्तर के लोगों का भी अपमान करने का आरोप लगाया. लोकसभा में हंगामे का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस ने राष्ट्रपति का अपमान किया. यह शर्मनाक है… बुधवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा नहीं हो सकी. यह राष्ट्रपति पद का अपमान है. ऐसे लोगों को संविधान के बारे में बात करने का कोई अधिकार नहीं है.”
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
February 06, 2026, 02:19 IST

1 hour ago
