Aaj Ka Mausam: पंजाब-हरियाणा में पड़ा पाला, 0 डिग्री पहुंचा पारा, दिल्ली में शिमला से ज्यादा ठंड, IMD का रेड अलर्ट

1 hour ago

देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है. सोमवार को दिल्ली ने इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया, जब औसतन न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर और घने से बहुत घने कोहरे का असर मंगलवार को भी जारी रहने की संभावना है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो सकता है.

सोमवार सुबह उत्तर भारत के बड़े हिस्से कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे. हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के मैदानी इलाकों में पाला पड़ने की खबरें सामने आईं. दिल्ली में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा, जबकि आसपास के राज्यों में हालात और भी गंभीर रहे.

इस कड़ाके की ठंड से कब मिलेगी राहत?

IMD के मुताबिक, पंजाब और राजस्थान के उत्तरी इलाकों जैसे गंगानगर और हनुमानगढ़ में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. हरियाणा के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, अंबाला और चंडीगढ़ में भी घना कोहरा देखने को मिल सकता है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में कई जगहों पर कोहरा छाने की आशंका है.

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह कोहरे की स्थिति पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में लगातार बनी रह सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की संभावना है.

कई राज्यों में तापमान में और गिरावट

ठंड का असर सिर्फ उत्तर भारत तक सीमित नहीं रहेगा. IMD के अनुसार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.

चंडीगढ़ स्थित मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए पंजाब और हरियाणा में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. इस सीजन में पहली बार कई इलाकों में तापमान शून्य डिग्री के आसपास पहुंच गया है. पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर और फरीदकोट में 1 डिग्री सेल्सियस रहा. हरियाणा के गुरुग्राम में तापमान 0 डिग्री तक गिर गया, वहीं सिरसा, सोनीपत, भिवानी और महेंद्रगढ़ में 1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

IMD के अनुसार, 12 और 13 जनवरी के लिए रेड अलर्ट जारी रहेगा. इसके बाद रेड अलर्ट हटाकर 17 जनवरी तक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा.

दक्षिण भारत में अलग मिज़ाज?

जहां उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है, वहीं दक्षिण भारत में मौसम का मिज़ाज अलग बना हुआ है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य प्रदेश से लेकर नासिक तक और रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सतारा, सांगली, कोल्हापुर और सोलापुर जैसे मुंबई के दक्षिणी हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं. मराठवाड़ा के जालना, हिंगोली और बीड में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.

तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. इसके अलावा केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में भी बारिश के आसार हैं. हालांकि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है. यहां हैरान करने वाली बात यह भी है कि मैदानी इलाकों में तापमान पहाड़ी शहरों से भी नीचे चला गया है. दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे शहरों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में तापमान तुलनात्मक रूप से ज्यादा बना हुआ है.

IMD के मुताबिक, शिमला में अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 से 4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि 15 जनवरी तक तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है. सुबह के समय कोहरा और रात में धुंध बनी रह सकती है.

Read Full Article at Source