Last Updated:February 01, 2026, 15:47 IST
Rupee in Budget : बजट में इस बार 53.5 लाख करोड़ रुपये खर्च करने का ऐलान किया गया है, लेकिन क्या आपको पता है कि यह पैसा कहां से आएगा और किस तरह खर्चा किया जाएगा.
सरकार ने बजट में खर्च और कमाई का लेखाजोखा पेश किया है. नई दिल्ली. वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने आज भारतीय इतिहास का सबसे बड़ा बजट जारी किया है. उन्होंने पिछले साल से भी 5 फीसदी ज्यादा रकम खर्च करने का ऐलान किया है और कुल बजट 53.50 लाख करोड़ रुपये का जारी किया है. इसका मतलब है कि सरकार बजट के ऐलान को पूरा करने के लिए इतना पैसा खर्च करेगी. बजट के बाद सभी के मन में एक ही सवाल उठ रहा है कि इसके लिए सरकार पैसा कहां से कमाएगी और कहां पर इन पैसों को खर्च करेगी.
सरकार ने बजट में ही अपने कमाई और खर्च का भी ब्योरा दिया है. इसमें बताया है कि सरकार अपने खर्च के लिए कितने पैसे टैक्स व अन्य राजस्व के रूप में प्राप्त करेगी और कितने पैसे बाजार से उधार लेना पड़ेगा. इसी तरह, इन पैसों को किन-किन सेक्टर्स पर और कितना खर्च किया जाएगा, इसका भी पूरा लेखा-जोखा बजट में दिया गया है. बजट डॉक्यूमेंट को देखने के बाद पता चलता है कि सरकार ने पिछले साल से करीब 4 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा का बजट इस बार जारी किया है.
सरकार ने बताया कि बजट के लिए पैसे कहां से आएंगे.
कहां से आएगा बजट के लिए पैसा
बजट के लिए जुटाए जाने वाले पैसों को आप 1 रुपये के कैलकुलेशन के हिसाब से देखें. मान लीजिए कि सरकार को 2026-27 में बजट के खर्चे के लिए 1 रुपये की जरूरत है. वह इसमें से 21 पैसा इनकम टैक्स से कमाएगी और 18 पैसा कंपनी यानी कॉरपोरेशन टैक्स से आएगा. जीएसटी से भी 15 पैसे कमाने की तैयारी है, जबकि एक्साइज ड्यूटी से 6 पैसे और कस्टम ड्यूटी से 4 पैसों की कमाई होगी. 10 पैसा गैर टैक्स वाले राजस्व के रूप में मिलेगा तो 2 पैसे गैर डेट वाली रसीद से आएगा. खर्च के लिए बाकी बचे 24 पैसों को उधार लेना पड़ेगा.
बजट का पैसा कहां खर्च होगा, इसकी भी डिटेल दी है.
कहां खर्च होगा ये पैसा
सरकार ने जिस तरह से पैसे जुटाने का तरीका बताया है, उसी तरह से इन पैसों को खर्च करने का भी ब्लूप्रिंट पेश किया है. अगर सरकार को 1 रुपये की कमाई हो जाती है तो इसमें से 20 पैसे तो सरकारी कर्ज का ब्याज चुकाने में चला जाएगा. 22 पैसा राज्यों को टैक्स और ड्यूटी में हिस्सा देने में खर्च हो जाएगा. 17 पैसा केंद्र सरकार की योजनाओं पर खर्च किया जाएगा तो 8 पैसा केंद्र की ओर से प्रायोजित योजनाओं पर खर्च होगा. इसमें से 11 पैसे रक्षा क्षेत्र में, 7 पैसे वित्त आयोग और 6 पैसे सब्सिडी पर खर्च किए जाएंगे. शेष बचा 9 पैसा पेंशन सहित अन्य मद में खर्च होगा.
कितने रुपये उधार लेना होगा
सरकार को बजट के खर्चे पूरे करने के लिए 17 लाख करोड़ रुपये बाजार से उधार लेने पड़ेंगे, क्योंकि उसका अनुमान है कि 36 लाख करोड़ रुपये तो टैक्स सहित अन्य तरीके से जुटा लिए जाएंगे. बावजूद इसके खर्चे पूरे करने के लिए 17 लाख करोड़ रुपये की जरूरत होगी, जो बाजार से उधार लेकर ही पूरे किए जाएंगे. यह उधारी सरकारी सिक्योरिटीज और बॉन्ड के जरिये पूरी की जाती है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
February 01, 2026, 15:47 IST

1 hour ago
